Monday, November 16, 2026

अजगर करे न चाकरी : अमित कुमार राय

शिवनाथ जम्हाई लेते हुए कुर्सी पर ही सोते-सोते एकतरफा लटक जा रहे थे। यद्यपि अपना संतुलन बनाए हुए थे। उनके बगल में आटे के बोरे जैसे कसे देह लिए रमाशंकर परम चैतन्य थे। वह पतीली में बाज़ार से लाये मटन को तलने में पूरी तन्मयता से लगे हुए थे। वो तलते कम थे, वकोध्यानम भाव से कलछुल ज्यादा हिला रहे थे।

सूखी, चर्राइ हुयी लकड़ियाँ पूरे आवेग से धधक रही थीं। ट्यूबवेल के पास वाली जीर्ण-शीर्ण मड़ई रसोईघर में तब्दील हो चुकी थी। बंटू, मंटू, पिंटू, सिधारी, खरपत्तू और जोखनलाल सहित कई लोग लहसुन-प्याज छिलने के काम में कूद-कूद कर भिड़े हुए थे। मंडली पूरे मनोयोग से लगी हुयी थी! आज किसी बड़े दावत की तैयारी थी!

कल फिर बकरभोज का आयोजन था और आज पांच- छह दिनों से, केवल मंगलवार छोड़कर, दावतों का दौर निरंतर चलायमान था।

रमाशंकर ने शिवनाथ काका के खर्राटे पर चिढ़ कर कहा -

'ए काका! कुर्सीय प मत सोया, ढमिला जइबाऽ..। ....चला, तनी अहरा दगावऽ, बाटी सेंकाई।'

शिवनाथ काका ने ऊंघते हुए कहा -

''ए रमाशंकर! मौसमो कऽ कवनो भरोसा ना हौ.. कब बरसात हो जाई... आ भउरी गरिष्ठ होले। काहे न घरवा से भात-रोटी बनवा लेतऽ।''

"काका! अहरा लगावै खातिर केहू मेहरारू तैयार ना हौ। सत्रह जाने कऽ भात-रोटी बनावे खातिर के खलिहर बइठल बा!"

शिवनाथ खिस्स से हंस दिए....।

रमाशंकर चिढ़ कर बोले -

"पिछवाड़े में तऽ हरदी लगल ना। तोहके का बुझाई।"

शिवनाथ ने सुनकर दांत चियार दिया।

वास्तव में इस मुद्दे पर रमाशंकर की अपनी पत्नी से बहुत झिक-झिक हो चुकी थी। रोज कलिया-मछरी के इस रसिक मंडली के समक्ष समस्या बहुत विकट हो चली थी। घर की औरतों ने इस मुद्दे पर असहयोग का रवैया अपना लिया था। पिछले बीस-पच्चीस वर्षों से रोज-रोज की कलिया-मछरी की पार्टी से घर की औरतें आजिज़ आ चुकी थीं।

लंबी और हृष्ट-पुष्ट काया के मालिक रमाशंकर एक जमाने में गुजरात कमाने गए लेकिन ज्यादा दिनों तक उनका मन नहीं लगा और नब्बे के दशक के शुरूआत में गांव लौट आए।

तंबाकू के तीनों रूपों - ठोस, द्रव, गैस के साथ-साथ देशी ठर्रा के सुरुर और गाँजा की खुमारी में प्रायः वे मस्त रहते।

इस दौर में गांव में गोल-गोलइती नया स्वरूप ग्रहण कर रही थी ।

शुरूआत में रमाशंकर ने हमेशा नवरंगिया गाँजे के धुएं में गर्क रहने वाले बदरी मास्टर की गोल ज्वाइन की। बदरीनाथ को मास्टरी की नौकरी मृतक आश्रित कोटे से मिली थी। वह स्वभावत: अध्यापक से अधिक गोलंदाज थे। बदरी गांव के धन-जन से मजबूत बलभद्र बाबा के खिलाफ नए-नए गोलबंद हो रहे थे। रमाशंकर भी उनके दम-मारो-दम अनुष्ठान के साझीदार बने।

एक दिन बेलघाट चौराहे पर अपनी जीप को तिरछे खड़ा कर बदरी मास्टर - 'हिरना ..हिरना.. हि..र..ना.. समझऽ बूझऽ बन चरना..' कुमार गंधर्व का गायन सुनते हुए मस्त थे। थोड़ी देर बाद चौराहे पर स्थित चट्टी पर अपनी कलफदार झक सफेद खादी के गमछे को लहराते हुए बदरी ने बलभद्र पांडे के खिलाफ कसीदे पढ़ना शुरू ही किया था कि तभी बलभद्र के भतीजों ने 'आन मिलो सजना' स्टाइल में उनकी खातिरदारी शुरू कर दी।

बदरी चिल्लाए !!

"रमा भाई !... रमा भाई! अरे भाई रमाशंकर..!! रमाशंकर ....!!"

रमाशंकर डेढ़ फुटिया कट्टे को बार-बार अपने कमर से बाहर  निकालते और फिर खोंस लेते।

अंततः मौके की नज़ाकत को भांपते हुए दुकान के पिछले दरवाजे से रमाशंकर नदारद हो लिए !

रात में फूटा हुआ मुंह और सूजे हुए गाल लेकर बदरी रमाशंकर के घर के दलान में प्रकट हुए - "काव..ए..रमा भाई.. भाई रमाशंकर.. तू हमें छोड़ के भाग अइला...?"

"भाऽग सारे यहाँ से। हम लतखोरन के साथ ना रहींला। आज से गोल चेंज।" रमाशंकर सुरूर में थे।

इस घटना के बाद रमाशंकर ने बचपन में अपनी दादी की सीख कि "बड़ संघ रहब त खइबऽ बीड़ा पान। छोट संगे रहब त कटइबऽ दुनो कान.." से प्रेरणा ग्रहण करते हुए मजबूत गोल के मुखिया बलभद्र बाबा की सरपरस्ती स्वीकार कर ली। बलभद्र बाबा गांव ही नहीं, इलाके के सम्पन्न आदमियों में गिने जाते थे। लंबी मूंछें, बोलता हुआ रोबदार चेहरा और दुनाली बंदूक के साये में रहने वाले बलभद्र बाबा के साथ रमाशंकर भी साये की तरह लग गए। उनके साथ रमाशंकर रोज ईंट भट्ठे होते हुए जिला मुख्यालय तक घूमते-फिरते रहते। भट्टे पर ही उन्हें मीट-मछली का चस्का लग गया। दारू की लत पहले से ही थी। फिर भी रमाशंकर दुनियावी मामले में चतुर सुजान थे।

सुबह-सबेरे तहसील पहुंच कर गरम जलेबी और कचौरी के नाश्ते के बाद रजिस्ट्री आफिस में 'फटकचंद गिरधारी' की श्रेणी में अपनी दावेदारी मजबूत करने का रिवाज गांव में चलायमान था। अपने पूर्वजों द्वारा अर्जित जमीन को बैनामा करने का यह रिवाज पियक्कड़ों में अपनी जड़ जमा चुका था। रमाशंकर किसी चतुर सुजान की तरह इस रिवाज़ से दूरी बनाए हुए थे।

बलभद्र बाबा के प्रताप से और अपनी दौड़ भाग से रमाशंकर ने अपनी पत्नी को मिडवाइफी की नौकरी दिलवा दी थी।

दो बेटों के पिता रमाशंकर वैसे तो दिखने में गऊ जैसे पर मूलतः काइयां थे। भोजन, निद्रा, सुरापान और नित्यकर्म की इतनी गहन निरंतरता इनके जीवन में थी कि श्रम करने का अवसर शायद ही निकाल पाते! आमिष भोजन भंडारी के रूप में दत्तचित्त होकर भिड़े रहने के अलावा शायद ही कोई अन्य कार्य हाथ में लेते।

गांव में पंचायत चुनाव करीब था। शुरूआत में अदम गोंडवी के शब्दों में अगली कतार में जो हरामखोर पहले से शामिल थे, उनको पीछे छोड़कर गांव के बहुसंख्यक युवा भी अगली कतार में शामिल होने के लिए जद्दोजहद कर रहे थे।

झमाझम दावतों की श्रृंखला शुरू हो चुकी थी और पंचायत के भावी प्रत्याशी मेजबानों की भूमिका में आ चुके थे।

कहते हैं कि दावतों का चलन इस देश में सदियों से है। राजे और महाराजे संधियों और दुरभिसंधियों हेतु इसका आयोजन करते थे। जबसे गांव में पंचायत चुनावों का जोर बढ़ा था तब से इस प्रकार के दावतों और रसिक मंडलियों का अनौपचारिक गठन भी लगभग गांव-गांव हो चला था। बकरभोज के बिना किसी भी आयोजन या उत्सव का अपने अंजाम तक पहुँचना संभव ही नहीं था। असल में गांव का सारा सौहार्द और सहजीवन का अस्तित्व इन्हीं दावतों में सिमट चुका था।

सरकारी धन का सोता जबसे विभिन्न योजनाओं के रूप में गांवों की ओर बहना शुरू हुआ; मक्कारी, चोर बाज़ारी और भ्रष्टाचार के साथ साथ चकरोड, नाला और खड़ंजा आदि का विवाद गांव-गांव में और अधिक गहराई से पैबस्त हो रहा था। शुरुआती दौर में नीति-नियंताओं के समक्ष गांव तक सरकारी योजनाओं की धनराशि का सोलह आने पहुंचाने की चुनौती थी। तभी चवन्नी ही गांव को नसीब हो पाता था। आज जब ऑनलाइन की सवारी करते हुए पूरे के पूरे सोलह आने गांव को पहुंच रहे हैं तो भी पंचायती राज का नया सिस्टम आठ आने से लेकर बारह आने तक योजनाओं के जमीन पर उतरने के पहले ही निपटा दे रहा था।

सुविधानुसार वर्तमान प्रधान और प्रधान पद के भावी प्रत्याशीगण पक्ष-विपक्ष का चुनाव कर लेते। पंच परमेश्वर अस्तित्वविहीन हो चुका था और दावतों में पंचायत तोड़ने और समर्थन जुटाने का दौर शुरू हुआ।

बलभद्र बाबा के गुजरे हुए एक दशक से अधिक का समय बीत चुका था। ब्राह्मण टोला, यादव टोला और दक्खिन टोला के अलावा इस गांव में छिटपुट कुछ अन्य बिरादरी के लोग भी शामिल थे। प्रायः सभी घरों में एक पियक्कड़ और हर दूसरे-तीसरे घर से एक नेतानुमा व्यक्ति तैयार हो गया था।

इस समय भंडारी के साथ साथ गोलंदाज के रूप में रमाशंकर की भी मांग बढ़ गयी थी। गनीमत थी कि दारू अभी लुके-छिपे ही मड़ई-टाटी के पीछे चलायमान थी।

बलभद्र बाबा के गुजर जाने के बाद स्थितियां थोड़ी बदल गयी थीं। रमाशंकर की चतुर चोर फितरत से चिढ़कर बलभद्र के बेटे जगन्नाथ ने उनसे दूरी बना ली थी।

हरिहर बलभद्र के थोड़े दूर के पट्टीदार थे। उत्तर भारतीय गांवों में पट्टीदारी या दयादी का जो भाव है, वह दुर्लभ है। ईर्ष्या-द्वेष और स्पर्धा के मिश्रण से जो भाव बनता है वही भाव इसका मूल है। प्राय: जब आदमी जन और धन से थोड़ा टांठ होता है तो उससे उपजे मद का प्रयोग वह सबसे पहले पट्टीदारों या दयादों पर करता है। दयाद यदि झंडे के नीचे आ गया तो ठीक, नहीं तो 'अथश्री महाभारत कथा' का श्रीगणेश हो जाता जो प्राय: थाने-कचहरी पर जाकर समाप्त होता। शहरी और क़स्बाई जीवन इस दुर्लभ भाव से लगभग वंचित होता है। जीवन-मरण और शादी-विवाह में आना-जाना, खाना-खिलाना दयादी का आलंबन है।

हरिहर और उनके भाई राधेलाल का अपने सगे चाचा जटाशंकर से विवाद था। हरिहर के पिता बचपन में चल बसे थे। चकबंदी में चचा ने कम मालियत वाले सड़क के किनारे वाले खेत राधे और हरिहर के नाम करा दिया था। राधे और हरिहर तब छोटे थे। बाद में युवा होने पर चाचा के साथ आम और महुआ के बाग को लेकर पंचायत हुयी। पंचायत में बलभद्र बाबा ने जटाशंकर का पलड़ा भारी कर दिया । हरिहर ने यह बात गांठ ली थी। अबकी चुनाव में उस रंजिश के हिसाब का वक्त आन पहुंचा। रमाशंकर भी मौका ताड़ कर हरिहर के साथ हो लिए।

अधिसूचना जारी हो चुकी थी। चौतरफा बिसात सजने लगे थे। झंडा, बैनर और पोस्टर के साथ माहौल चुनावी हो चला था। जनता को दीपावली और छठ आदि पर्वों की बनावटी शुभकामनाएं देते हुए भावी उम्मीदवार गांव-गांव पोस्टरों पर विनम्र भाव से हाथ जोड़े उग आए थे।

रमाशंकर प्रधान पद के भावी उम्मीदवार हरिहर प्रसाद से पैसा लेकर सुबह ही बेलघाट बाजार पहुँच चुके थे। देवीचंद की चाय की दुकान पर बैठे-बैठे समय काट रहे थे। कब दो बजे और चिकवा से तर माल लेकर दावत की तैयारी करें। बेलघाट चौराहे पर स्थित - अतिक्रमित देवीचंद की चट्टी ही लीडराबाद के रूप में ख्याति प्राप्त कर चुकी थी। चट्टी पर कुछ हिंदी के अखबारों के स्थानीय संस्करण भी नियमित रूप से आते थे जिसका हर पन्ना बिखरा पड़ा होता। प्राय: हिंदी पट्टी में अखबारों के प्रति जनविश्वास था कि अखबार के पठन-पाठन में भाईचारे का प्रयोग अवश्य होना चाहिए और इसे खरीद कर कत्तई नहीं पढ़ा जाना चाहिए क्योंकि कुछ ही घड़ी में वह बासी हो जाता है। इसलिए उसका अलग-अलग पन्ना अलग-अलग हाथों में होता जो सुविधानुसार इस हाथ से उस हाथ तक गुजरता रहता और इस तरह लोग उसे अपनी पैनी निगाह से कई बार उलट-पुलट कर बाँचते और अपने आपको देश-दुनिया की खबरों से अपडेट रखते। यद्यपि पाठकों की निगाह स्थानीय चटपटे खबरों यथा 'आशनाई में दो गिरफ्तार' या 'भैंस साइकिल सवार से टकराई' या 'इंजन से निकला धुआं; यात्रियों में हड़कंप' या  'बैरंग लौटी बारात , मारपीट में बाराती घायल' शीर्षक सरीखे खबरों पर टिकी रहती। रमाशंकर भी अखबारों के बिखरे पन्ने को कुछ देर तक उलटते-पलटते हुए रसगुल्ले और पकौड़ी का रसास्वादन करते रहे। 

देवीचंद ने हालांकि अपनी दुकान के काउंटर पर नींबू-मिर्ची टांगकर 'उधार मांग कर शर्मिंदा न करें' और 'नकद वाले डिस्को, उधार वाले खिस्को' आदि फैंसी स्लोगन चिपका रखे थे। किन्तु लिखा-पढ़ी से दूर अन्य देहाती ग्राहकों की ही भांति रमाशंकर चार रसगुल्ले और पाव भर पकौड़ी खाकर पैसा उधारी खाते में लिखने को कहकर खिसक लिये। देवीचंद खिसिया कर रह गए पर करें क्या? ग्राहक किसी और दुकान की राह न धर ले, इसका डर था। इस लाईन में भी तगड़ा कम्पीटिशन होने लगा था।

रमाशंकर ने सीना, गर्दन, पुट्ठा, चाप आदि चुन-चुन कर बकरे का माल तौलाया और घर की राह ली। चिकवा कसमसा कर रह गया पर रोज रोज के ग्राहक रमाशंकर की मांग पूरी करना उसकी मजबूरी थी।

गांव पहुँचकर पंचायती बगीचे में अहरा लगा कर चौकी पर खाद्य सामग्री फैलाकर रमाशंकर ने मंडली को हांक लगायी। मजमा जुटा, सभी अपने-अपने कार्य में लग गए। रात आठ बजे भोजन तैयार हुआ। नवांगतुकों के बीच दुआ सलाम और पैलग्गी की औपचारिकता के बाद पंगत लगी। पैंतीस-चालीस लोगों ने छक कर भोजन किया। प्याज के सलाद, गरम मसाले और लाल मिर्च के तड़के ने स्वाद को बढ़ा दिया था।

भोजनोपरांत अब मूल मुद्दे पर सभा बैठी। हरिहर प्रसाद भोजन से ज्यादा इसी पल के लिए व्यग्र हो बैठे थे। कुल बारह-पन्द्रह हजार के खर्चे का मूल कारण प्रधान पद के लिए मंडली का समर्थन पाना था।मंडली के बीच उनकी उम्मीदवारी के संबंध में चर्चा महीनों पहले से शुरू हो चुकी थी। रमाशंकर के साथ उसकी मंडली का समर्थन इस दिशा में उठाया गया पहला कदम था। रमाशंकर ने अपनी भोजपुरी मिश्रित खड़ी बोली में कहा -

"पंचो! पिछले लगभग बीस वर्षों से बलभद्र बाबा और उनके परिवार के लोग परधान रहल हौ। अब्बों उनके भतीजा जगन्नाथ बाबा परधान हवैं। लेकिन यह चुनाव में हरिहर भाई कऽ समर्थन कऽ संकलप लेवे के बाऽ। एक्कै परिवार के पास परधानी कबले रही?''

यह सुनते ही शिवनाथ काका की तंद्रा अचानक भंग हुयी और उनके कान खड़े हो गए।

चुनावों में, प्रो.भरत प्रसाद के शब्दों में "साम-दाम-जाम-भेद" का गहरा प्रभाव था। दंड का प्रयोग छद्म हो चला था। भेदी का इस चुनाव में गहरा योगदान था। कौन परिवार किसके पाले में जाएगा या जा सकता है, इसके सटीक आकलन के बिना इलेक्शन नहीं जीता जा सकता था। और बिना भेदिया मंडली के यह संभव नहीं था। खलिहर और परिवार से छुट्टा व्यक्ति का यह प्रिय व्यसन था। इसमें भी शिवनाथ काका सिद्धहस्त थे।

शिवनाथ काका दक्खिन टोला से लेकर ब्राह्मण टोला तक 'जे बिनु काज दाहिने बाएं' होते रहते। वे कर्ज, मर्ज और फर्ज तीनों से मुक्त थे। जिससे कर्ज लेते ऐसा भूलते कि देने वाले को ही याद दिलाना पड़ता। मर्ज उन्हें कोई था नहीं और फर्ज के चक्कर में वह कभी पड़े ही नहीं।

कस्बेनुमा सरजूपुर गांव क्षेत्र-जवार में अपेक्षाकृत सम्पन्न गांवों में गिना जाता था। गांव में प्राइमरी से लेकर विश्वविद्यालय तक के अध्यापक और प्रोफ़ेसर थे लेकिन सहज और निर्विकार भाव से गांववासी सभी के लिए नाम के साथ मास्टर साहब या मास्साब संबोधन प्रयोग करते।

इस दावत-सभा में चौंकाने वाली बात यह थी कि इस समय हरिहर प्रसाद के आग्रह पर सेवानिवृत्ति चतुरानन मास्टर भी मौके पर मौजूद थे। हालांकि दावत आदि में उनकी कोई रुचि नहीं थी। पिछले बीस वर्षों से वे पंचायत चुनावों के समय में खासा सक्रिय रहते। प्राय: स्कूल छोड़कर जिला मुख्यालय का चक्कर काटते और विधायक जी का दरबार करते हुए वापस गांव लौटते। मास्टर साहब ने भाषण वाले तेवर में कहना शुरू किया -

"देखो भाई! आप लोग यह जान लो कि नानी कऽ धन, शैतानी कऽ धन, बेईमानी कऽ धन और जजमानी कऽ धन कै श्रेणी में ही परधानी कऽ धन भी हौ और हरिहर भाई के पास भगवान के दया से धन कऽ कमी ना हौ और चाल चरित्तर कऽ भी एक नम्बर हवें। इनके खातिर 'सो परनारि लिलार गोसाईं तजहु चउथ कि चंद की नाईं।"

जोखन को बेलघाट के मेला में बेचई द्वारा गाए बिरहा तर्ज की याद आ गयी -  "लिलरवा मारे हो जाऽन...

                कहवां कऽऽ टि..कू..ली !!"

मास्साब थे तो गणित के अध्यापक किन्तु बिना तुकबंदी के अपना कोई वाक्य शायद ही पूरा करते।

दूसरे, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के नीचे कोई बात नहीं करते।

मास्सा'ब ने बात आगे बढ़ाई -

"जगन्नाथ पांडे आवास से लेकर शौचालय, वृद्धावस्था, विधवा पेंशन में केतना धांधली कइले हवं, इ केहू से छुपल नाहीं बा।"

मास्सा'ब की इस बात पर सहमति में राजदेव ने बहुत तेज गर्दन हिलायी जबकि जोखन सोच रहे थे - "एह गांव में केहू हीरा चोर तऽ केहू खीरा चोर - दूनो हवैं।"

हरिहर टाइट होकर खड़े हुए। गमछे को सर से हटाकर गर्दन में लपेट लिये। उनको रामनाथ की बात याद आने लगी -

'माहौल के बिना चुनाव ना लड़ल जा सकेला।... वाह रे मास्टर साहब! माहौल बना दिए।'

फिर मंडली के साथ राय-मशविरा का जो दौर शुरू हुआ वह धीरे-धीरे खुसर-फुसर में तब्दील होता चला गया। लोग बाग दांत खोदते हुए अपने-अपने घर को चले।

वातावरण में ठिठुरन के साथ कुहरा भी बढ़ रही थी। इस साल ठंड पिछ्ले साल से ज्यादे थी। अहरा की आग बहुत जल्द ही ठंडी पड़ चुकी थी। कुछ कुत्ते आकर उसे खुरेदने लगे। कुछ गुलाटी मारते हुए लोटने लगे। कुछ बिखरी हुयी हड्डियों पर जोर आज़माइश करने लगे। फिर कुछ देर में ही कुकुर झौं-झौं शुरू हो गयी। वातावरण में ठंड के साथ अशांति भी पसरने लगी...।

हरिहर के भैया राधेलाल ने दस दिन पहले कलकत्ते से फोन कर आने के लिए कह दिया था और पच्चीस हजार रुपए भी भेज दिए थे।

आज की दावत पार्टी के बाद हरिहर हिसाब लगा रहे थे - मामला हजारों में नहीं लाखों में जाएगा।

"रर... रिश्तेदार से भी कर्जा लेवे के पड़ी।" हरिहर बुदबुदाए।

रूपचंद कहत रहलें - ''परधानी एक बार मिलि गइल तऽ एक झटके में लाखों में खेले लगबाऽ।''

दावत से फारिग होकर जोखन और रामनाथ एक साथ घर पहुंचे ।

जोखन शिवनाथ के कान में फुसफुसाया -

"ए काका! परियार साल तू बेचई के परधानी लड़े खातिर उचकावत रहला। तनी बेचई से भी बतियावा। हरिहर तऽ अब्बे से चतुरानन मास्टर कऽ गोल पकड़ लिहैं। फिर तऽ खरचा-खोराकी गुल्लै समझा।"

बेचन उर्फ बेचई मिडिल स्कूल में पढ़ते समय ही बिरहा, कजली आदि गायन में रमने लगे थे। स्कूल जाते समय एकतरफा राग में पडोसी गांव की एक लड़की का पीछा करते हुए टेरी भरकर गा दिए थे - "हम हइं ..तुहार रानी.. अड़हुल के फुलवा

       तू हऊ..   हमार..   फूल  गेनवा  होऽऽऽ।"

लड़की के भाइयों ने धर लिया और लात-घूंसों से हजामत बना दी।गांव में बात फैल गयी। बेचई अपने मामा के यहाँ भाग गए। अब शादी-विवाह में बैंड-बाजा और डीजे का सट्टा लेते थे। इस समय लगन में बिजी थे। यह बेचन का शौक भी था और आजीविका का साधन भी। अपने साथी रामसरूप बरई के साथ गांव गांव, बाजार बाज़ार बेचन देशाटन पर रहते ऊब से गए थे।

बेचन भी परधानी लड़ने का मंसूबा बहुत दिन से पाले थे। लगभग साल भर से जोर जतन करके कुछ रुपये भी इकट्ठा कर लिए थे लेकिन दिल्ली अभी दूर थी। तभी एक दिन शिवनाथ, खुरुचुन साव की दुकान पर बेचन को खुसफुसाते हुए ललकार दिए। परिणामस्वरुप बेचन भी कमर कस लिए।

इस तरह दावतों और बैठकों से गुजरते हुए माहौल चुनावी हो चला।चुनाव में अब दो महीने ही शेष रह गए।

बहुत जोड़-तोड़ के बाद कुल जमा तीन प्रत्याशी मैदान में - जगन्नाथ, हरिहर और बेचन।

यद्यपि दक्खिन टोला से रामबुझारत भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुके थे किन्तु प्रमुख जी ने अनुसूचित जाति की सीट होने पर ही लड़ने के लिए कहा था। अन्यथा उसे जगन्नाथ का साथ देने की हिदायत दे दी थी। ब्लाक प्रमुख बाहुबली और हिस्ट्रीशीटर थे। सो सामान्य सीट होने के कारण वह मन मसोसकर रह गए ।

वैसे भी दक्खिन टोला आज़ादी के लगभग सत्तर सालों के बाद भी बहिष्कृत भारत था। यह टोला अभी भी बहुत सारी नाली-खड़ंजा योजना के बावजूद बजबजाती नालियों और सघन फूस और कच्चे-पक्के मकानों से घिरा हुआ था। इस टोले के मंगरू, जगरोपन और रामबुझारत भी सुविधानुसार जगन्नाथ, हरिहर और बेचन के साथ हो लिए थे।

                             [ 2. ]

शिवनाथ खबर लाए कि "दक्खिन टोला के साथ खदेरू और माखन कहारे के घरे के तरफ जगन्नाथ कऽ भतिजवा और मुंशी आधी रात में साड़ी, कपड़ा और पइसा बांटत रहलं।"

"ई तऽ चुनाव एकतरफा हो जाई! बेचइ तऽ लथरायल लुंगी में दुआरे-दुआरे हाथ-गोड़ जोर कै प्रचार करत हवं लेकिन जगन्नाथ कऽ गोल रुपिया, पैसा, मान-मनौती के साथ भिड़ल बा!"

रमाशंकर की पेशानी पर बल पड़ गए। भाग के हरिहर के बैठके में पहुंचे।

हरिहर अभी सोए हुए थे। कल रात भर बिरादरी के लोगों का मान मनउल किए थे। सो उसकी थकान अभी तारी थी।

रमाशंकर जेब से चुनौटी निकाल कर तम्बाकू लटियाने लगे।

'ए हरिहर! अब उठा। कबले सुतबाऽ ए भाई। यह तरे सुतबा तऽ मामला बिगड़ जाई।'

तब तक बैठक में लौटन भी पहुंच गया, सूचना दी - 'परकसवा भी काल ब्लाके से पर्चा खरीद लेहले बा।'

"सब सरऊ परधनिये लड़ी। ई पगलेटवो लड़ी! बाप घूम्में गली गली, बेटा बने बजरंगबली। हुंअ।"

हरिहर ने पूछा - "ई परकसवा के? मंगरू कऽ बेटा?"

लौटन ने सहमति में सिर हिलाया - "इ परकसवा-फरकसवा सार लड़े खातिर ना उठत हवं। इनहन के कुछ चिंता चपेट हो जाई तऽ बैठ जहिहं सारे।" - रमाशंकर बोले।

माहौल कुछ ऐसा बन गया कि मुद्दई सुस्त गवाह चुस्त!

हरिहर डगराते हुए ताखे पर रखा दातून उठाकर चबा ही रहे थे कि हरिहर बो न जाने कहां से प्रकट होकर बडबड़ाईं - "मूरखे कऽ धन होला तऽ चलाक खइले बिना ना मरेलऽन।"

हरिहर गरमाए -"चल.. जो भित्तर, भिनहियं उपदेश मत दे।"

हरिहर थोड़े परेशान दिख रहे थे। भैया ने रात में फोन करके बता दिया था कि व्यस्तता के चलते वह शायद चुनाव में आ न पाएं।उनकी बात से लगा कि शायद भौजाई ने रगेद दिया होगा।

"खैर, अब चाहे नब्बे पड़ी या गब्बे; ताल त ठोंकाई गयल हौ।"

हरिहर को चुप देखकर रमाशंकर ने बात आगे बढ़ाई - "देशी और अंग्रेजी कऽ व्यवस्था भी करे के पड़ी। जवन सारे जिनगी भर कचिया पीयत रहलें अब चुनाव देख के अंग्रेजी चर्रात हवं। सेतिहा के सेनुर, भर गांव बियाह।"

लैला, बसंती, नूरी और लालपरी आदि भाँति-भाँति के देशी ब्रांड की फ़रमाइश होने लगी थी।

कुछ गुरू गंभीर किस्म के पियक्कड़ मैकडावेल नम्बर वन, रायल स्टैग और सिग्नेचर आदि अलग-अलग अंग्रेजी ब्रांड के तलबगार हो रहे थे। नवधा लुक्कड़ गोल भी बीयर के सुरूर की आश में थी।

गंगा जल मिलाकर पीने वाले भी अब अवसर की तलाश में थे!

हरिहर से पैसा लेकर रमाशंकर ने दर-दारू की व्यवस्था छोटका पिंकुआ के जिम्मे सौंप दी। इस गांव में पिंकू उपनाम के बहुत सारे लड़के थे। असली नाम माँ-बाप और दर-दयाद के अलावा शायद ही कोई जानता हो। गांव वालों ने बुढ़वा पट्टी, नयकी पट्टी, चवन्निया पट्टी आदि के नाम के साथ इन पिंकुओं के नाम भी टांक दिए थे।अगर एक ही पट्टी में एक नाम के दो हुए तो मोटका, छोटका और लमका आदि विशेषण जोड़ कर उनका नामकरण कर देते।

यह नवधा गोल भी गोल-गोलइती या सुविधानुसार विभिन्न प्रत्याशियों के साथ जुड़ गयी थी।

युवाओं की इस पीढ़ी में से ज्यादातर सपुस्तकीय परीक्षा प्रणाली के उत्पाद थे। कुछ अध्यापकी और सिपाही भर्ती के 'सफेद कालर जाॅब' का लक्ष्य बनाकर बढ़े थे पर बेरोजगारी के दबाव में पथभ्रष्ट होते चले गये। कई कट्टा और कचिया दारू के कारोबार में भी गर्क हो चुके थे। दो-चार 'अहरा दगाओ टोली' के सदस्य बनकर रमाशंकर के शागिर्द बन चुके थे।

गांव के ही सूर्यकांत पांडे उर्फ जिज्ञासु जी इस युवा मंडली से बहुत कुपित रहते। वह सूचना विभाग में उपसंपादक के पद पर थे। नेतागिरी के झोंक में इस्तीफा देकर विधानसभा का चुनाव लड़े। जमानत भी नहीं बची। समतावादी समाज की स्थापना के चक्कर में खुद विषमता के शिकार हो गए। दोनों भाइयों ने मिलकर उन्हें ज्यादातर संपत्ति से बेदखल कर दिया था। मर-मुकदमा के चक्कर में हर दूसरे-तीसरे दिन कचहरी का चक्कर लगाते।

यद्यपि जिज्ञासु जी चर-चुनाव से विरक्त हो चुके थे और दुनियावी मामलों में असफल रहने के कारण गांव वालों के बीच पगला घोषित हो चुके थे किन्तु गांव में घट रही हर एक घटना पर अपनी पैनी दृष्टि बनाए हुए थे।

हरिहर भी दावत और दारू पर रुपया बहाना शुरू कर दिए। बेलघाट से लेकर गांव तक और ढाबे से लेकर पंचायती बाग तक अहरा दगदगा रहा था। पैसा कम पड़ने लगा। रमाशंकर ने सेठ मथुरा प्रसाद से हरिहर को पचास हजार कर्जा दिलवा दिया। कुछ राहत हुयी।

उधर जगन्नाथ मुंशी के साथ हिसाब-किताब कर रहे थे तभी दक्खिन टोले का दिनेश महुआ के सुरूर में उनके दरवाज़े पर पहुंचा - "मालिक तोहरे भरोसे हमन के हईं। आज हमरे छोटके कऽ बरथ डे ह।"

"बरथ डे? ई का होला ?" जगन्नाथ अंजान बनते हुए बोले।

"का मालिक! अब एतना अंजान मत बना।"

मुंशी कान में फुसफुसाए - "मालिक कुल आठ वोट ह एकरे घरे। "

"हूँऽ।"

जगन्नाथ हिसाब लगाए, एक वोट पांच सौ रुपए का ख़र्चा।

"ठीक हौ। केतना में निपट जाई ?"

"मालिक पांच हजार में काम चला लेब।"

"पांच हजार! भाक्।"

"अरे मालिक! एसे कम में कइसे मनी बरथ डे।"

"पिछले साल तऽ ना मनउले रहले?"

मुंशी ने तिरछी मुस्कान के साथ कहा - "मालिक! दिनेश अपने लइकन कऽ बर्थ डे पांच पांच साल पऽ मनावे लं।"

"अच्छा चल, सांझ कऽ तीन हजार ले लिहे।" चंट मुस्कान के साथ आश्वासन पा वह विदा हुआ।

मुंशी को लेकर जगन्नाथ बैठका के भीतर चले गए। नयी वाली वोटर लिस्ट, जिसे आज ही तहसील के खेलावन बाबू से नजराना पहुंचवाकर मंगाई थी, को अलमारी से निकालकर एक-एक घर के वोटरों के नाम को पेंसिल से गोल करने लगे। चौदह सौ वोटरों की लिस्ट उन्हें लगभग कंठस्थ थी। लगभग तीन-चार घंटे की मशक्कत के बाद कुल एक सौ चार नाम पेंसिल से गोल किया। हिसाब लगाकर मुंशी को पचास हजार हाथ में देकर तहसील के गनेश बाबू के पास इस ताकीद के साथ भेजा कि एक वोट उड़ाने का पांच सौ रेट है लेकिन उसे इतने में ही पटाना है।" मुंशी ने पूछा - "और जोड़ने का ?"

"तीन सौ।" जगन्नाथ ने उसकी जिज्ञासा शांत की।!

पर्चा दाखिला के दिन मानो युद्ध की दुंदुभी बज गयी हो।

बीस-पच्चीस मोटर साईकिल, पांच-छह बोलेरो और स्कार्पियो पर जगन्नाथ के साथ कार्यकर्तागण भी सवार हुए। डीह बाबा, बरम बाबा के स्थान से लेकर कालिका माई की परिक्रमा करते हुए जगन्नाथ ब्लाक की ओर निकल गए। फूल माला, साफा और टीका-चंदन के साथ खुली जीप में जगन्नाथ जलवा कायम किए हुए थे। जुलूस की लंबाई और जलवा देखकर हरिहर की पार्टी में चिंता का प्रसार होने लगा।

रमाशंकर, शिवनाथ, जोखन और हरिहर के बीच शाम को मंत्रणा शुरू हुयी। गरिष्ठ भोजन की बारंबारता और पाचन संबंधी बीमारी की चपेट के कारण आज मछली भोज की तैयारी हो रही थी।

मंत्रणा का मुद्दा था कि अब आगे का ख़र्चा-पानी कैसे चले ?

"बाजार के पास वाले ढाई बीघा के चक में से दस बिस्वा निकाले के पड़ी ..."

रमाशंकर ने हरिहर को सुझाव दिया। हरिहर भकुआए मुंह शिवनाथ की ओर देखने लगे।

शिवनाथ ने जोड़ा - "देखऽ ए हरिहर! अब लड़ाई चुनाव से अधिक मान-सम्मान कऽ बा। रुपिया, जमीन आवत जात रही लेकिन सम्मान चलि जाई... तऽ फिर सब चलि जाई..। खाली रोटी अउर बोटी से मामिला ना बनी। दर-दारू और नगद नरायन कऽ भी जम के बेवस्था करे के पड़ी। जवन बहरूआ वोट हवं... गर-गाड़ी भेज के मंगावे के पड़ी।"

हरिहर गहरी सोच में पड़ गए - ''टिंकुआ की माई से कैसे कहूँ? सुनेगी तो बिफर जाएगी।... हार गए तो जिन्दगी भर ताना मारेगी।अधिया पर खेती से वैसे ही करकराए रहती है। करें का! अब ससुर खेत ही तो बचा है, खेती तो कब का बिलाय गयी। आर कोन करते रहो ससुर सारी जिनगी एही में खप जायेगी।"

अगले दिन हरिहर ने छुप-छुपा के दस बिस्वा खेत सेठ मथुरा प्रसाद को बैनामा कर दिया!

बेचई के पास बतरस की कला थी। बतबनाव का जो सामर्थ्य बेचई के पास था वह विशिष्ट था। देशाटन करते-करते सामने वाले की हां में हां मिलाते हुए अपनी हामी भरवा लेने की कला के बेचन उस्ताद हो चुके थे। बेचन ने अंदर ही अंदर अपने पक्ष में माहौल बना लिया था। बेचन ने कुछ-कुछ चुनाव को अगड़ी बनाम पिछड़ी के माहौल में ढाल दिया था।

पर्चा दाखिला के बाद चुनावी सरगर्मी तेज हो गई थी ।

मतदान की पूर्व संध्या पर फिजा में तनाव था। पोलिंग पार्टी की बस गांव के प्राइमरी स्कूल पर पहुंच चुकी थी। उधर दक्खिन टोला से लेकर रियाया वर्ग के घरों पर जगन्नाथ और हरिहर दोनों ओर से पहरा बैठा दिया गया था। कयामत की रात किसी तरह गुजर गयी । मतदान में कुछ महिलाओं के घूँघट में वोट डालने को लेकर खींचतान शुरू हुयी किन्तु सेक्टर मजिस्ट्रेट के पहुंच जाने से बात आगे नहीं बढ़ने पायी। जैसे तैसे मतदान सम्पन्न हुआ। दस दिन बाद मतगणना का दिन नियत था। तीनों पक्ष अपनी जीत को लेकर निश्चिंत थे ।

मतगणना के दिन तीन राउंड जगन्नाथ आगे थे। बेचन भी पीछा किए हुए थे। अंततः तीन वोटों से बेचन चुनाव जीत गए। हरिहर दावत मंडली के सपोर्ट के बावजूद तीसरे स्थान पर रहे। हालांकि जगन्नाथ ने पुनर्मतगणना करायी पर परिणाम में कोई अंतर नहीं आया। निर्वाचन अधिकारी को दबाव में लेने का भी जगन्नाथ का प्रयास विफल रहा।

निर्वाचन अधिकारी का फोन स्विच आफ था। जिले से दबाव होने पर बीडीओ साहब मोबाइल लेकर हाँफते हुए निर्वाचन अधिकारी के पास पहुंचे। वीडियो साहब की कार्यशैली पर 'सरकारी अफसर के तीन काम नक्शा मीटिंग और सलाम' का जुमला सटीक बैठता था। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के कान में कुछ फुसफुसा कर कहा‌ पर मामला नहीं बना।

बेचन प्रमाण पत्र लेकर निकल लिए। शाम को बेचन ने चुनाव जीतने की खुशी में भोज दिया। बेचई ने पहले साल बोलेरो खरीदने और बंदूक का लायसेंस बनवाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सोचा - "एतना तो दुइयै चकरोड में हो जाई। फिर अगले बरिश दुतल्ली कोठी भी पिटा जाइ।"

अजगर कुछ दिनों के लिए सुप्तावस्था में चले गए। अगले चुनाव तक पुन: लौट कर आने के लिए!!

■■■


डॉ. अमित कुमार राय उत्तर प्रदेश शासन के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश (निदेशालय, लखनऊ) में उपनिदेशक (Deputy Director) के पद पर कार्यरत हैं।

गोरखपुर विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त डाॅ. राय कथा-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं। ग्रामीण जीवन पर कहने के लिए उनके पास बहुत कुछ है। लेकिन कभी-कभार वे मलूकदास के सुप्रसिद्ध दोहे का अनुसरण करने लगते हैं।

संपर्क : +91 91989 62436

Saturday, November 14, 2026

बारात : अमित कुमार राय


(असदुलह तस बनी बारात कौतुक बिबिध होहिं मग जाता - रामचरितमानस)

बारात के लेटलतीफ होने की आशंका लिए रामबुझारत अपने दरवाजे पर पैंतरा बदलते हुए बेचैन मनःस्थिति के साथ टहल रहे थे। वह नील-टीनोपाल से सराबोर झक्क सफेद धोती और कलफ़दार कुर्ता-सदरी पहने दोपहर से ही तैयार हो बैठे थे।

दूल्हा जीतेन्द्र भी आज पूरे नवाबी रौ में था। आज सुबह से ही वह शहरूखवा की फिलिम का गाना गुनगुना रहा था - 'कोई न कोई चाहिए, प्यार करने वाला... हमपे मरने बाला...।'

"शादी बियाह कऽ खुशी जीवन में एक्के बार आती है.. आज तऽ गर्दा मचा देवे के बा।" बबलू को 'टंच माल' की व्यवस्था करने की ताकीद करते हुए जीतेन्द्र फुसफुसाया - "माल भरपूर रख लेना यार। आज तो पूरी रात जागरण होगा।"

"चिंता न करा भैया! पांच छह पुड़िया माल का जुगाड़ हो गया है। और नयनपुर बाजार के अंग्रेजी ठेका पर दो शीशी अंग्रेजी भी ले लूंगा।" उसे जिगरी दोस्त बबलू ने आश्वस्त किया।

शीघ्र ही वह 'हल्दी' की रस्म के बाद बंबई से लाए 'गमकउआ साबुन' से नहा कर और इत्र छिड़क कर सुटेड-बूटेड हो चुका था।

बारात जाने वाले गाँव के नवयुवक दरवाजे पर धीरे-धीरे इकट्ठा हो रहे थे। शिवचरण नाई बारात जाने वालों की दाढ़ी-बाल बनाने में हलकान था।

"ए शिवचरण। हमारी दाढ़ी भी बना दो।" लकदक सफेद पैंट-शर्ट पहने राहुल ने अपनी दाढ़ी पर हाथ रखे शिवचरण को पुकारा।

"बस टिंकू बाबू के बाद आपे कऽ बनाइब।"

"कवन ब्रांड कऽ शेविंग क्रीम हौ?"

"बाऊ बहुत बढ़िया कंपनी के हौ।"

तभी शिवेन्द्र ने पूछा 'हमरो दढ़िया बन जाई का ए शिवचरण।" 'नाई देखकर हजामत बढ़ने' वालों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही थी। तभी राजेश ने आवाज दी - "ए शिवचरण! चला परछावन कऽ टाइम हो गयल हौ।" जिस पर चिढ़ते हुए शिवचरण ने कहा - "ए बाउ! एक्के गो नाऊ, पादै कि परछे!"

तीन कमांडर जीप, एक कार के साथ बाबूसाहेब का घिसा-पिटा टायरयुक्त ट्राली-ट्रैक्टर रामबुझारत के दरवाजे पर दोपहर से ही आकर खड़े हो गए थे।

ट्रैक्टर ड्राइवर सुरेश गुलाबी कुर्ता और सिर पर पगड़ी बांधे अभी से सुरुर में था। उसने एक ठर्रे का अद्धा पहले से ही खींच रखी थी। रामबुझारत की झुंझलाहट तेज आवाज में निकली -"अरे भाई! साज-बाज तैयार करने में बहुत लेट होत हऽ। बरात करीब पचास किलोमीटर दूर मेहनाजपुर के पास जाई।"

"ऐ सुरेश! तू बाजा और डीजे वालों को ट्राली पर बैठा के जल्दी निकला!"

"ठीक ह चाचा !"

"तेल पानी भरा लेहले बाटा न?" रामबुझारत ने पूछा।

"हं चाचा, मालिक टंकी फुल करा दिहलें बाटें।"

"आ! सुना! बड़का लईका कऽ बियाह करत हवा, रस्ता के खर्चा खुराकी भी चाहीं!" कहकर सुरेश खिस्स से हँसने लगा। रामबुझारत ने मुस्कुराते हुए जेब से सौ-सौ की दो नोट निकाल कर सुरेश के हवाले किया।

डीजे वाले अपना साजो-सामान लेकर ट्राली पर चढ़ लिए लेकिन बैंड वाले 'परछावन' के बाद ट्राली पर सवारी की तैयारी में थे।

"चार बज गया और अब तक तुम सबका साज-बाज बने नहीं पा रहा है।" रामबुझारत चिल्लाए।

"इधर चार बजने को है। अभी डीहबाबा और कालीमाई के चौरा का 'परछावन' भी होना बाकी है।" सोचते हुए देरी से बेचैन रामबुझारत लड़खड़ाती खड़ी बोली में फिर चिल्लाए - "यहीं सज ला तुम लोग! अब तो बरात आधी रात में ही मेहनाजपुर चहुंपेगी।"

(फिर गुस्से में भोजपुरी पर उतर आए)

"ए सुरेशवा! बबलुआ! अरे! कहां हवा रे!"

काफी चिल्ल-पों के बाद बैंड बाजा और लौंडे की नाच के साए में परछावन कराकर गांव के मोड़ पर फूल माला से सजी दुल्हे की गाड़ी सबसे आगे खड़ी हुई। पीछे जीप और ट्राली ट्रैक्टर 'जीतेन्द्र परिणय रचना' का स्टीकर टांके खड़ी हुई।

"चलिए सभी लोग गाड़ी में बैठिए"- राजेन्दर मिस्त्री हांक लगाए।

"अरे चिन्टुआ! तोके अलग से नेवता दियाई!! चल भाई जल्दी कर!"

दूल्हे के बगल में आंख में काजल लगाए सहबाला विस्मय से गाड़ियों और बारातियों को निहार रहा था। 'जुबां केसरी' के साथ कुछ युवा बराती भी पूरी ठसक से जीप की अगली सीट पर बैठने के लिए जद्दोजहद करने लगे। तभी कन्धे पर गांधी आश्रम का झोला टांगें पुरोहित रामेश्वर बाबा भी पहुंच गए। वे धोती-कुर्ता-गेरुआ गमछा धारण कर और गौर ललाट पर तिलक चंदन लगाए सुशोभित हो रहे थे। बाबा मगही पान दबाए जीप की अगली सीट की ओर बढ़े। तभी रामबुझारत के छोटे लड़के शिवेन्द्र ने उन्हें टोका - "ए बाबा! कहां आगे बईठ रहे हैं। आगे की सीट 'फुल्ल' है। चलिए पीछे वाली सीट पर बैठिए!"

बाबा अचकचाए।

"ठीक बात! ठीक बात !" कहते हुए पुरोहित जी मनमसोस कर जीप की पिछली सीट पर दुबक कर सवार हुए। गांव के निकासद्वार खजड़ी मोड़ चट्टी पर स्थित स्टार स्टूडियो वाला जयन्त उर्फ जेतू भी 'परछावन' को शूट कर आ पहुंचा। वह अपने वीडियो कैमरा के साथ जीप की पीछे वाली सीट पर बाबा के बगल में अड़स गया। गाड़ियों के काफिले के साथ बारात अपने गंतव्य की ओर बढ़ चली।

शीघ्र ही नयनपुर बाजार पार करते हुए कुछ बाराती बाजार के उत्तरी छोर पर अपनी ओर आकर्षित कर रहे 'साइन बोर्ड' के पास रूक गए। कुछ ही देर में वे "आपका ध्यान किधर है, मधुशाला इधर है" का आमंत्रण स्वीकार करते हुए 'घोड़े पर सवार' हो चुके थे।

चौक तक पहुंचते ही हल्ला मच गया।

"अरे सुरेशवा देख के चलावऽ। गाड़ी अरे रे रे रे...।"

बाजार पार करते समय चौक पर ट्रैक्टर ड्राइवर ने अपने सुरुर में ट्रैक्टर को लहराते हुए ट्राली का पिछला पहिया नयनपुर कोतवाली के दीवान के पैर पर चढ़ा दिया। तिराहे तक पहुंचने से पहले ही कोतवाली पुलिस ने ट्राली ट्रैक्टर को धर लिया। ट्राली पर बैंड बाजा और डीजे वालों के बीच बैठे गांव के सुखराम उर्फ चिखुरी चाचा जो पहले ही दो अद्धा खींच कर टुन्न हो चुके थे -

"रस्साला कौन है रे!"

"अरे चाचा! पुलिस बा।"

पुलिस का नाम सुनते ही चिखुरी और चिखुरी का नशा दोनों हिरन हो गए। हो-हल्ला के बीच में चिखुरी ट्राली से छलांग लगा दिए और ट्राली के हुक में धोती फंस जाने के कारण मुंह के बल जमीन धर लिए। घायल चिखुरी को मरहम पट्टी के लिए पुलिस वालों ने अस्पताल भिजवा दिया। बाकी ट्राली-ट्रैक्टर सहित ड्राइवर और बाराती घेरकर थाने लाए गए। बारात की कुछ गाड़ियां बारातियों सहित थाने में दाखिल हो गईं। थाने के बाहर तमाशबीनों की मजमा लग गया।

कुछ देर बाद थाने के गेट पर दूल्हे की गाड़ी भी मय दुल्हा और सहबाला सहित आकर खड़ी हो गई। मौका देखकर बबलू ने सिगरेट में माल भरकर दूल्हे को 'दम मारो दम' का इशारा किया। सभी को अपने हिस्से की धूप-छांव भोगनी पड़ती है। दूल्हा अपने हिस्से की छांव का रस लेने में व्यस्त हो गया!

दो सिपाहियों ने अपने पुलिसिया अंदाज में दारू के सुरुर में ग़र्क ट्रैक्टर ड्राइवर की बेंत की लाठियों से जमकर धुनाई शुरू कर दी। माहौल तनावपूर्ण हो चला। कुछ मद्यप बारातियों ने ड्राइवर का हश्र देखकर किनारा धर लिया। कुछ बाराती पीछे वाली जीप में आ रहे रामबुझारत के पट्टीदार छुटभैये राममोहन नेता का इंतजार करने लगे। कब नेता जी आएं और बारातियों सहित गाड़ियां पुलिस की गिरफ्त से छूटकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हों। स्मार्टफोन तो नहीं लेकिन 'टिपटिपहिया मोबाइल' का जमाना आ चुका था। सो कुछ बारातियों ने राममोहन नेता को दूरभाष पर घटनाक्रम से अवगत करा दिया।

कुछ ही देर में धवल वस्त्र में सुसज्जित नेताजी ने वहां पहुंचते ही मोर्चा संभाल लिया। थाने की दलाली और पंचायती राजनीति के अनुभव से लबरेज नेताजी ने बारातियों को इस विपत्ति से निजात दिलाने हेतु आश्वस्त किया - "आप लोग रुकिए मैं अभी कोतवाल से बात करता हूं।"

उन्होंने स्थानीय विधायक जी के निकट होने का दम भरते हुए दारोगा पर रौब गालिब करने का जोरदार प्रयास किया -

"किसने गाड़ियां थाने में बंद की हैं? कहां हैं कोतवाल? दरोगा कहां हैं? मनमानी नहीं चलेगी।"

"तुम कौन हो बे!" दारोगा जी ने अपनी बुलंद आवाज में डपटा !

"अरे साहब ! इज्जत सम्मान का मामला है। समय से बारात नहीं पहुँची तो बड़ा 'जुलुम' हो जाएगा।"

नेताजी ने सत्ताधारी पार्टी से अपनी निकटता का हवाला देते हुए गाड़ियों को छोड़ने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। दरोगा जी भी दुनिया देखे हुए थे। सो नेताजी के सभी प्रयास विफल रहे और उनके तेवर ढीले पड़ने लगे ! अपने दोनों हाथ जोड़कर नेताजी ने दरोगा से कहा -

"साहब मैं राममोहन प्रसाद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य आपसे करबद्ध निवेदन करता हूं कि गाड़ियों को छोड़ देंवें जिससे समय से बारात अपने गंतव्य तक पहुंच सके।"

कुछ ही देर में अपनी विफलता से निराश नेताजी रौब से उतर कर कातर भाव धारण कर चुके थे।

दारोगा जी डपट पड़े - "तुम कौन लाट साहब हो बे!! जिसके कहने पर हम गाड़ियों को छोड़ दें ? प्रधानमंत्री हो? राष्ट्रपति हो? हैं! स्साले ने दीवान जी का पैर कुचल दिया, और ! इनके कहने पर मैं गाड़ी छोड़ दूं।"

काफी थुक्का-फजीहत के बाद भी नेताजी की विफलता से बारातियों में निराशा घर करने लगी। मामला नाजुक मोड़ पर था। तभी ऐन मौके पर पुरोहित रामेश्वर बाबा ने दारोगा जी की नेमप्लेट पर निगाह डाली और परिस्थितियों का मुआयना करते हुए मोर्चा संभाला -

"दरोगा जी प्रणाम।"

"प्रणाम! प्रणाम!" दारोगा ने अभिवादन का प्रतिउत्तर दिया।

"साहब! मेरा नाम रामेश्वर तिवारी है। यह मेरे जजमान की बरात है।"

बिना देर किए पुलिसिया लाठियों की चोट से जमीन पर पसरे हुए ड्राइवर की ओर देखते हुए उन्होंने रामचरितमानस की चौपाई का 'राग मालकौंस' पर गायन शुरू किया -

"सब जानतऽ प्रभु प्रभुता सोई...ई।

तदपि कहे बिनु रहा न कोई...ई!"

पुरोहित जी ने दरोगा जी पर देवत्व का आरोपण कर दिया और पूरे लय के साथ चौपाई-दर-चौपाई दारोगा जी को समर्पित करना शुरू कर दिया-

"अतुलित बल...अ.. अतुलित प्रभुताई... ईईई।

(फिर धरती पकड़ ड्राइवर की तरफ अपने दाएं हाथ से इशारा करते हुए)

मैं मतिमंद जान नहीं पाई.... ईईई।।"

दारोगा जी के चेहरे पर तनाव की जगह हल्की मुस्कान तैरने लगी। थाने का पूरा दृश्य नाटकीय या यों कहें रंगमंचीय हो चला।

अपने गमछे को दाहिने हाथ में लपेटकर परचम बनाते हुए पंडित जी ने दारोगा की तरफ पूरे लय के साथ 'राग बहार' में चौपाई दागनी शुरू कर दी।

पंडित जी का माहौल को अनुकूल करने का प्रयास रंग लाने लगा। पुलिसिया लाठियों की चोट और दारू की तासीर से जमीन पर पसरे हुए ड्राइवर की ओर देखते हुए कातर भाव से पंडित जी ने पुनः पूरे लय से गुहारा-

"निज कृत कर्म जनित फल पायउं... उं 

अब प्रभु पाहि सरन तकि आयउं.. उं 

नाथ सकल साधन मैं हीना, 

कीन्ही कृपा जानि जन दीना... आं

मोरे तुम प्रभु गुर पितु माता ।

जाऊँ कहाँ तजि पद जलजाता.... आ।।"

मानस मर्मज्ञ पंडित जी के चौपाई गायन से दरोगा जी चकित और मुदित हो गए। रामचरितमानस के चलते-फिरते 'इनसाइक्लोपीडिया' पंडित जी का तेज आज देखते बनता। परिस्थिति विशेष और अवसर विशेष पर 'मानस' की चौपाइयां और अर्धालियां उद्धृत करने में उन्हें महारत हासिल थी।

दारोगा ने पंडित जी से कुर्सी पर बैठने का आग्रह किया। पुरोहित जी ने अपने झोले से प्रसाद निकालते हुए दारोगा की कलाई की ओर देखा। फिर अगले ही क्षण -

"येन बद्धो बलि राजा, दानवेन्द्रो महाबलः। तेन त्वाम् प्रतिबद्धनामि, रक्षे माचल माचलः" का मंत्रोच्चार करते हुए रक्षा सूत्र बांध दिया। "ईश्वर आपकी भव बाधा हरें, आपका कल्याण हो!" कहते हुए पंडित जी ने अपना दायाँ हाथ आशीर्वाद की मुद्रा में उठा दिया। 

पुरोहित जी के आशीर्वचनों से अनुगृहित दारोगा जी ने चाय के लिए चौकीदार को इशारा किया। थोड़ी देर में कुल्हड़ वाली चाय भी आ गई। दूल्हे के घरवालों और बारातियों से अवहेलित पंडित जी अब पूरे रौब में थे। उनका गौरवर्णी ललाट और अधिक चमकने लगा!

"पंडी जी मानस पर आपकी गज़ब पकड़ है। मैं तो समझ रहा था कि इस बारात में सब 'कमरिया करे लपालप्प' वाले ही शामिल हैं।" दारोगा ने बारातियों की तरफ देखते हुए कहा।

दरोगा जी साहित्य में परास्नातक थे और अध्यापक की नौकरी छोड़कर दारोगा बने थे। सो, अब दृश्य बदल गया। पंडित जी कथावाचक की भूमिका में और दरोगा जी भावक की भूमिका में आ चुके थे। बाराती स्तब्ध थे। सुरूर वाले जो बाराती किनारा पकड़ लिए थे वे भी पंडित जी के इर्द-गिर्द इकट्ठे होने लगे।

थोड़ी देर बाद पुरोहित जी के अनुरोध पर दारोगा जी ने गाड़ियों को छोड़ दिया। जीप में बैठते हुए रामसूरत परदेसी रामलोचन के कान में फुसफुसाए "ए रामलोचन !"

"का हो।"

"जानते हैं पूरे पांच हज़ार लेकर पुलिस ने गाड़ियां छोड़ीं"!

"भाक्क मरदे ! के बतउले ?" रामलोचन ने प्रतिवाद किया। परदेसी की छवि गांव में अफवाहबाज की थी, सो लोचन काका ने चेहरे पर अविश्वास का भाव लाते हुए परदेसी की ओर देखा और जीप में बैठ लिए!

बहरहाल, पुरोहित जी का जलवा कायम हुआ। रामबुझारत ने पुरोहित जी को ससम्मान जीप की अगली सीट पर बैठने का निवेदन किया। ट्राली पर सवार डीजे वाले ने गाना बजाया – 'जोन्हियो ले दूर बाऽ बलमुआ के गांव रे.....।'

एक घंटे की यात्रा के बाद बारात गांव के प्राइमरी स्कूल पर पहुंच चुकी थी। प्राइमरी स्कूल के सामने की बाउंड्री में बारात के ठहरने के लिए तम्बू तन चुकी थी। थोड़ी देर में तम्बू के एक कोने पर चार-पांच चारपाई पर पसरे कुछ अधेड़ और बुजुर्ग बारातियों ने घटना और घटनास्थल की 'पोस्टमार्टम' का काम हाथ में ले लिया और बतकहियों का दौर शुरू हुआ।

रामचरण बाबा ने बात छेड़ी "ई त हम देखत बांटी हर घरवे में एक ठो, दू ठो पियक्कड़ हो गयल हवं सन।"

मुंह में पान घुलाए ननकू चाचा ने पीक को कोने में फेंकते हुए दार्शनिक अंदाज में कहा -

"आदत और अमल की बात है- 'जेम्में लागी लगन, ओहिमे होबा मगन !' केहू चिलम फूंक रहल बा, केहू सीसी बोतल में अंझुराईल बा, केहू हाय धुन पैसा-पैसा कईले बा।"

अपनी बाइक से बारात में पहुंचे शिवेन्द्र ने आवाज दी-

"का ए! सनेही चाचा! सुनें हैं कि आप लोगों को नयनपुर कोतवाली पुलिस पकड़ ली थी।"

"अरे सार! सुरेशवा कऽ ड्राइवरी जो न करावे। पलिहर का ड्राइवर सीधे रोड़ पर आकर बउरा गया! गांव से ही आग मूतने लगा ससुर क नाती! दू सीसी मार के बीच बजार में घोड़ा दौड़ाने लगा! चक्का चढ़ा दिया एक सिपाही के पैर पर ! बस्स! पुलिस वाले धर लिए!! फिर दे लाठी! दे लाठी!!

वह तो रमेस्सर बाबा प्रभुताई... रघुराई गा के छुड़ाए लिए नहीं तो खूब होत बरात !......"


||  2.  ||

(आधा मड़वा भांवर घूमै, आधे चलन लागि तलवारि - आल्ह खंड)

बंबई वाले रामकेवल चाचा जनवासे में चौकी पर चढ़कर अपनी टनकदार आवाज में जोर से हांक लगाए- 'अरे भाई द्वारपूजा का मुहरत बीता जा रहा! चलिए आप लोग तैयार होईए!'

डीजे वाले अपने कानफोडू वाद्ययंत्रों के साथ सन्नद्ध होने लगे। उसी में बैंड वालों ने अपना राग मिला दिया-

पें पें पें पें! धम्म ! धमा धम्म धम्म !!

नवयुवक भी अंग्रेजी की सुरूर में द्वारपूजे पर शास्त्रीय नृत्य का दर्जा प्राप्त कर चुके 'नागिन डांस' के लिए कमर कसने लगे !

इस अवसर पर वैवाहिक राष्ट्रीय गीत 'आज मेरे यार की शादी है' की धुन से बारात की द्वारपूजा यात्रा का आगाज हुआ। साफा पहने और दांत निपोरे रामकेवल चाचा बारात के आगे-आगे निकल पड़े। पीछे-पीछे कुछ बाराती और डीजे वाले भी चल पड़े। नवयुवक बारातियों की फरमाइश पर डीजे वाला

'राजाजी दिलवा मांगेलें गमछा बिछाई के' और ' दिलवा ले गइले राजा बोतल में भरि के' आदि कानफोडू गीत प्रसारित करने लगा। गर्दन में रूमाल बांधे कुछ युवा बाराती उछल कूद कर अपना नृत्य कौशल प्रस्तुत करने लगे। वीडियो कैमरा वाला जेतू भी आड़े-तिरछे होकर अपने कैमरे से डांस को ऐसे शूट कर रहा था जैसे इस दृश्य का लाइव टेलीकास्ट होने वाला हो।

चिन्दुआ ने इस तरह के नृत्य में विशेषज्ञता हासिल कर ली थी। लक्ष्मी पूजा, दुर्गा पूजा और गणेश पूजा आदि अवसरों पर अपनी इस विशेषज्ञता का वह जोरदार प्रदर्शन करता।

द्वारपूजा पर एक तरफ वर-पूजन की रस्म अदा होने लगी तो दूसरी ओर डीजे पर लौंडे के साथ कुछ युवा बाराती भी अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन करने लगे। तभी धूपी चश्मा लगाकर नृत्य कर रहे चिन्दुआ ने दूसरी तरफ दालान में खड़ी दर्शक महिलाओं की तरफ फिल्मी अंदाज में 'फ्लाइंग किस' उछाल दिया। 'धर साले को' 'मार साले को'- पास में खड़े गांव के घराती युवाओं के कोलाहल के बीच चिन्टुआ को पांच-सात लात और थप्पड़ रसीद हो गया। इसी बीच किसी ने कैमरा पकड़े जीतू पर एक लात पीछे से जमा दिया। "अरे कौन है रे अपने माई का लाल जरा सामने से आओ" शिवेंद्र चिल्लाया। जीतू कैमरा लेकर भहरा पड़ा। उसका भारी भरकम वीडियो कैमरा चकनाचूर हो गया। घराती युवाओं की निगाह में चिन्दुआ का यह कृत्य गांव की इज्जत पर हमला था!

इसी बीच गांव के कुछ बड़े-बुजुर्गों ने वहां पहुंच कर 'हां.. हां.. हां.. हां..' की ध्वनि के साथ बीच बचाव कर मामला रफा-दफा कराया। इस घटना के बाद द्वार पूजा के दौरान मंगल गीत गा रही लड़कियों को ताड़ने वाले युवा बाराती सतर्क हो गए।

थोड़ी देर बाद पास में लगे शामियाने में खाने पर बारात पड़ी। जोगिन्दर उर्फ जोगी, रामसरन आदि कई बाराती पूड़ी, कचौड़ी, सलाद, पापड़ के साथ कटहल और पनीर की सब्जी को अपने अपने प्लेट में लादे दाएं-बाएं डगराने लगे। वहां उपस्थित जनसमूह खाने और बतियाने में भिड़ गया!

"हां हां.. देख के भाई, देख के!"

भोजन से भरी प्लेट लिए श्यामबिहारी एक बाराती पर चिल्लाए !

"मालूम पड़त है यहां भोज नाहीं होत है, मछरी बाजार लगल हौ।"

पास में खड़े सुखदेव चौधरी से श्यामबिहारी ने कहा-

"एक ठो, ऊ जमाना रहल जब पंघत में बराती अउर नेवतहरु बैठ के भोजन करत रहे। 'सजाव दही' लेके परोसने वाले प्रेम से पूछ-पूछ के परोसत रहे। जाति-बिरादरी कऽ अदब लेहाज रहे। एक ठो, ई फटफटिया जमाना आ गईल ! जहां भोजनो करत कऽ भी ठेलमठेल मचल बा! खाने से ज्यादा एह बात कऽ ध्यान रखेके बा कि केहू खाना लेहले तोसे भिड़ न जाए।" सुखदेव 'हो हो' करके हंस दिए।

उधर विवाह-मंडप में पुरोहित बाबा झोले से ठाकुर जी को निकाल कर प्रक्षालन में रत हुए और अपने मुखारबिंद से 'गणानां त्वा गणपतिं हवामहे कविं' का मंत्रोच्चार करते हुए वर-वधू के विवाह की तैयारी में लग गए। सिर पर नूरानी तेल चुपड़े और करीने से मांग को बीच से फाड़े शिवचरण नाई को उन्होंने मधुर स्वर में पुकारा "ए बाबू शिवचरण! मौर नीचे रख दा ! आम का पल्लव ले आवड आ थोड़ा दूब भी।"

शिवचरण नाई इधर उधर देखते हुए बाबा के कान में फुसफुसाये "ए बाबा! जितेन्द्र तऽ आजो के दिन चढ़ा लिहे बाटें।"

"अरे ई लड़का तो सज्जन है लेकिन एकर संघत ठीक ना बा! सुरेन्दर के पियक्कड़ लड़िकवा, क्या नाम है कि!

'बबलूआ !' शिवचरण ने याद दिलाया।

'हां! हां! उहे। ई त घरघुसना रहल ह हो! कब्बो-कब्बो बजार में दिखाई देत रहल हऽ ।

जितेंदर जबसे बंबई से आयल हऽ, तबसे ओकरे साथे घूमत रहल हौ। तुलसी बाबा मानस में लिखे हैं - को न कुसंगति पाई नसाई। रहहिं न नीच मते चतुराई।"

वैवाहिक रस्मों का सिलसिला चल पड़ा। माड़ो में 'गुरहथी' और 'डाल चढ़ाने' की रस्म शुरू हुई और इसी बीच विवाद भी शुरू हो गया।

लड़की की बुआ ने केवल दो थान गहना चढ़ाने पर एतराज़ करते हुए अपनी खनकदार आवाज में कहा- "एतना बड़ाई अउर फटही रजाई। ई समधी जी का ले आएं है? आपै बतावा ए बाबा ! ई कवनो डाल हऽ? न ढंग कऽ एक्को साड़ी, न गहना ! ऐं..। ई नथुनीअय पियरी चढावै के रहा तऽ दहेज में मोटरसइकिल मांगने कऽ कौनो तुक रहा!"

बुआ को गांव के लोग सुक्खी बुआ के नाम से जानते थे जो भरे यौवन के दिनों में ही अपने पियक्कड़ और गंजेड़ी पति को छोड़कर नैहर आ गई थीं। उनका स्वभाव प्रचंड आक्रामक और जबान तलवार की धार हो चुकी थी। जिस तरफ से निकलतीं, जीव-जन्तु भी रास्ता छोड़ देते। उनका दुःख सघन होकर तीक्ष्ण स्वभाव में परिवर्तित हो चुका था। यों कहें कि हर बात में मीन-मेख निकालने वाला हो चुका था। सुक्खी बुआ की खनकदार आवाज के समक्ष घराती, बाराती सहित पुरोहित बाबा भी मौन साध लिए थे। थोड़ी देर बाद पुरोहित रामेश्वर बाबा ने 'राग भैरवी' में अर्धाली बुदबुदाई "नारि विवश नर सकल गोसाई, नाचै नर मरकट की नाईं.....ई।"

बीच मंडप में टिनवहा बक्से के ऊपर कोहनी धर के बैठे समधी रामबुझारत भकुआए मुंह पुरोहित बाबा की ओर देखने लगे। तभी रामबुझारत के दूसरे लड़के रमेन्द्र ने टोका -"मोटरसाइकिल कहां है? बरात आए तीन-चार घण्टा बीत गए अभी तक मोटरसाइकिल की एक्को झलक नहीं दिखी!"

"आप बीच में मत बोलिए।" लड़की के भाई महेंद्र ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद दोनों पक्षों में नोक-झोंक शुरू हो गयी।

वधू बनी मेधावी रचना बीटीसी की ट्रेनिंग कर चुकी थी। उसके पिता हरिराम ने रेहन पर खेत रख कर बनारस के एक कालेज में एडमिशन और ट्रेनिंग का जुगाड़ किया था। वह सोच रही थी - "वह तो दूसरे साल सरकारी स्कालरशिप का पैसा आ गया नहीं तो खेत बेचने या पढ़ाई छोड़ने की नौबत आ जाती।" अपने पिता की माली हालत को जानते हुए वह विवाह तय होने के बाद से ही सशंकित थी।

शिक्षा ने उसकी चेतना में माकूल परिवर्तन ला दिया था। गांव की शिक्षित नवयुवतियों में भी धीरे-धीरे इन परिस्थितियों और प्रथाओं के विरुद्ध विद्रोह का स्वर मुखर हो रहा था। रचना पर भी इसका असर हो चुका था। उसका व्यक्तित्व लिजलिजी गलदश्रु भावुकता से मुक्त था।

विवाह मंडप में हो रहे झौं-झौं के बीच रचना की निगाह लिपे-पुते मंडप के कोने में फर्श पर मौजूद चींटियों की बांबी पर टिक गई थी। फर्श पर नवनिर्मित चींटियों के घरौंदे को देखकर उसने सोचा- 'चींटियां भी कितनी बुद्धिमान होती हैं! कितना सलीके से अपना घर बनाती हैं।'

विवाह मंडप में प्रवेश करते समय दुल्हा लड़खड़ाते हुए महिलाओं की तरफ गिरते-गिरते बचा। यह दृश्य देखकर रचना भौंचक थी। उसे बस इतना पता था कि लड़का बंबई में कमाता है पर विवाह मंडप में लड़खड़ाते कदमों और बास मारते मुंह से उसने दूल्हे की फितरत को ताड़ लिया। ईधर बारातियों और घरातियों में वाक्युद्ध हो रहा था तो उधर रचना अपने मनोभूमि पर द्वंद से गुजर रही थी। उसके सशंकित मन में ज्वार-भाटे की लहर चलायमान थी। विवाह तय होने की सूचना मिलने पर उसकी सहपाठी दीप्ति ने छूटते ही पूछा था- "अरे ! बिना देखे-जाने ऐसे कैसे तुम्हारी शादी तय हो गई!"

पड़ोस में किसी ने बिरहा गायक शिवप्रसाद का कैसेट लगा दिया था। बिरहा गायक टेरी भरते हुए लोकगीत का एक तर्ज गा रहा था-

काऽ जाने झूलनी के मोल.....

बलम हर के जोतवइया

काऽ जानें बर्फी के मोल

बलम सतुआ के खवइया!...

इसी बीच दोनों पक्षों में दहेज को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़ते हुए गतिरोध की सीमा तक पहुंच गया। इस गतिरोध को समाप्त करने के लिए पुरोहित जी सहित दोनों पक्षों के कुछ बड़े बुजुर्ग पंचायत में व्यस्त हुए। वैसे तो ज्यादातर बाराती भोजनोपरान्त विवाह स्थल से घर का रास्ता ले लिए लेकिन रामबुझारत के पट्टीदार राममोहन नेता वहीं पर रूके हुए थे। लगभग अनपढ़ राममोहन नेता को पंचायत तोड़ने का अच्छा खासा अभ्यास था।

गंवई जीवन में पंचायत तोड़ने वालों की एक अलग प्रजाति होती है। इस प्रजाति के लोगों को महीने दो महीने पर कोई पंचायती मुद्दा न मिले तो हैरान परेशान रहने लगते हैं। यों कहें कि अपच और बदहजमी होने लगती है। बाग, बगीचा, मकान, खलिहान, नाली, चकरोड और संयुक्त परिवार का बंटवारा आदि गंवई जीवन के प्रमुख पंचायती मुद्दे थे लेकिन आज की पंचायत का मुद्दा थोड़ा दीगर था। विवाह के अगुआ शंकर चौधरी के अनुरोध पर विवाह मंडप के सामने दालान में पंचायत बैठी। लड़की के भाई महेंद्र ने बात आगे बढ़ाई -

'भाई लोग! इहां मामला नाते रिश्तेदारी से ज्यादा चाल-चलन क हौ ! आपै लोग तय करा कि इस 'समेस्या' का हल कैसे निकलेगा?'

राममोहन नेता ने कहा- 'रूपिया पैसा आवत जात रही ! अरे हम तो कहता हूं कि पैसा तऽ हाथ का मैल है।' यह बात उन्होंने इतने जोर से कही जैसे कोई नितान्त मौलिक बात कह रहे हों। राममोहन नेता की बात काटते हुए घरातियों की ओर से पंच की भूमिका में शंकर चौधरी ने अपनी थैली से चुनौटी निकालते हुए कहा- 'देखा नेता! बात रूपये पैसे की नहीं है। बात चाल-चलन की है! बात व्यवहार और चाल-चलन सही हौ तऽ कम-बेसी माने ना रखेला ! घरवे दुआर सबकुछ ना हौ!' इशारे में शंकर चौधरी ने लड़के के नशेड़ी व्यवहार पर आपत्ति जताई। तभी लड़के के छोटे भाई रमेन्द्र ने शंकर चौधरी पर कटाक्ष किया "जब हम लोगों का चाल-चलन और बात व्यवहार एतना खराब है तो शादी काहे तय कराए? हमलोग आप लोगों को कोई बुलाने थोड़े गए थे।"

वधू पक्ष के कई लोगों ने रमेन्द्र की बात पर एक साथ आपत्ति जताई। माहौल कोलाहल की जद में आ गया। रामकेवल चाचा ने रमेन्द्र को डांटते हुए कहा " चोप्प ! जब बड़े लोग बात कर रहे हों तो बीच में टपको मत!"

"देखिए जब सिर पर जिम्मेदारी का बोझ आ जाता है तो आदमी में गंभीरता आ जाती है। अभी थोड़ा लड़कपन है। शादी के बाद गृहस्थी का बोझ आदमी को सीधा कर देता है। इस बात को इतना खींचना ठीक नहीं।" रामकेवल ने अपना तर्क रखा!

तभी शंकर चौधरी ने जमाने पर दोष मढ़ते हुए कहा "आप जानते हवा कि जमाना बदल गयल हौ। आज कऽ नवधा लड़िका लड़की केहू के कहले में ना हंवे सन।"

पुरोहित बाबा मौन होकर दोनों पक्षों की झौं-झौं सुनते रहे। कुछ देर बाद वह भी पंचायत में शामिल हुए। दोनों पक्षों में लेन-देन को लेकर बीच का रास्ता निकालने की कोशिशें शुरू हुई। शादी के रस्म को आगे बढ़ाने पर सहमति बन ही रही थी तभी गजब हुआ! इस अप्रिय स्थिति को देखते हुए उसने अप्रत्याशित कदम उठा लिया। यह जानते हुए कि उसके इस कदम से उसे लांक्षित और दुश्चरित्र तक सिद्ध कर दिया जाएगा। बावजूद, दुल्हन बनी रचना विवाह मंडप से उठकर घर में चली गई। उसने इस शादी से इन्कार कर दिया। घर वाले आधी रात तक उसे मनाते रहे पर कोई हल नहीं निकला। दुल्हन के पिता हरिराम के दरवाजे पर लिहो-लिहो मच गया। दूल्हा और दुल्हन दोनों के पिता मदारी के बंदर की गति को प्राप्त हुए। घराती-बराती कभी यहां, कभी वहां की दौड़ लगाते, कभी रचना को मनाते। बावजूद सभी प्रयास अकारथ हुए।

चचेरे भाई रोहित, शिवेन्द्र, पप्पू और रमेन्द्र के साथ जीतेन्द्र मंडप से उठकर दालान में चला गया। रामकेवल चाचा धीरे-धीरे उधर ही सरक आए- " बेहया हवा तूं लोग, मना किहे रहा, लेकिन नाहीं! अपने करामात से काहे बाज अईबा!!"

"ई बबलुआ सार दम पे दम चाप दिया, शायद ढेर चढ़ गई!" रोहित फुसफुसाया ।

"शायद ढेर चढ़ गई कि इज्जत का तमाशा बना दिये तुम लोग।" रोहित की आवाज में तल्खी थी।

इसी कौं-कच में जितेन्द्र का नशा उतर गया। थूथन लटक गया। उसे परछावन के समय 'माई' की चेतावनी याद आई - "बाबू आपन रहन से जहिया। फालतू काम मत करिहा! नाहीं तऽ नाक कटि जाई।"

"का दारु पीने से भड़क गई?" उसके जेहन में सवाल उभरा।

माई से कहे रहे- "एक बार देख देखउआ हो जाए। जुग जमाना अइसन हौ कि शादी बियाह के पहिले बातचीत हो जात तऽ ई गफलत ना पैदा होत। एक-दूसरे के मन कऽ थाह लग जात!" उसका मन भोंकार पार कर रोने का हो आया। उसकी रोनी-सी सूरत देखकर शिवेंद्र ने उसे ढांढस बंधाया - "गांव घरे से दूर शहर में रहके पढ़ले बिया। का जाने कौनों से दिल लगउले होखे, कौनो इयार से फंस फंसा गईल होई।" यह सुनकर जीतेन्द्र को कुछ सुकून महसूस हुआ। तभी कहीं पास से ही भोजपुरी गीतकार भरत शर्मा की मधुर आवाज गूंजी-

अंगना दुआर सगरी, 

आरे महलऽ अटरियाऽ 

तोरा बिना नीक नाहीं 

लागे रे संवरियाऽ...

अंततः बारात बैरंग वापस होने लगी। परिदृश्य 'उत्साह' से 'निर्वेद रस' की ओर बढ़ चला। कबीर साहब का आध्यात्मिक तासीर का दोहा लौकिक जगत में उलट गया - लिखी लिखी की है नहीं, देखा देखी बात / दुलहा दुलहिन ना मिले फीकी पड़ी बरात !

■■■


डॉ. अमित कुमार राय उत्तर प्रदेश शासन के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश (निदेशालय, लखनऊ) में उपनिदेशक (Deputy Director) के पद पर कार्यरत हैं।

गोरखपुर विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त डाॅ. राय कथा-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं। ग्रामीण जीवन पर कहने के लिए उनके पास बहुत कुछ है। लेकिन कभी-कभार वे मलूकदास के सुप्रसिद्ध दोहे का अनुसरण करने लगते हैं।

संपर्क : +91 91989 62436

Thursday, August 6, 2026

श्रीमती दुर्गादेवी (उर्फ़ "भाभी")

#

पाठकों ने पन्जाब के सुप्रसिद्ध एवं सुसम्पन्न विप्लवकारी - स्वर्गीय श्री भगवतीचरण जी का नाम सुना होगा, जिनकी २८वीं मई, १९३० को एक भयङ्कर विस्फोटक की असफल-परीक्षा में रावी के किनारे किसी जङ्गल में मृत्यु हुई थी। आपके पिता की राज्यभक्ति से प्रसन्न होकर गवर्नमेण्ट ने उन्हें 'रायसाहब' की उपाधि से विभूषित किया था; किन्तु पुत्र का आजीवन उद्देश्य तथा अटल विश्वास हिंसात्मक क्रान्ति द्वारा भारत को दासता की बेड़ी से मुक्त करना रहा यद्यपि अपनी इस धारणा का बहुत अधिक मूल्य उन्हें चुकाना पड़ा! 

कहा जाता है, आपने अपनी लाखों की सम्पत्ति विप्लव के इस अनुष्ठान में स्वाहा कर दी। इस आकस्मिक मृत्यु के बहुत पूर्व ही आपकी गिरफ़्तारी के लिए वारण्ट निकल चुका था, किन्तु लाख प्रयत्न करने पर भी आप पुलिस के चङ्गुल में न आ सके और फलतः मृत्यु-पर्यन्त स्वतन्त्र रहे। 

लाहौर आदि स्थानों में आपके कई मकान तथा पैतृक जायदाद थी, जो कहा जाता है, गवर्नमेण्ट ने ज़ब्त कर लिया है। श्रीमती दुर्गादेवी जी, जिनका चित्र पाठकों को अन्यत्र मिलेगा, आप ही की सहधर्मिणी हैं।

कहा जाता है, कुछ सरकारी गवाहों के बयान के अनुसार आपकी गिरफ्तारी का भी वारण्ट ही नहीं कट चुका था, पर साथ ही आपको पकड़ाने वाले के लिए एक यथेष्ट रक़म पुरस्कार-स्वरूप देने की भी घोषणा की गई थी; पर लाख प्रयत्न करने पर भी आपका पता पुलिस को न मिल सका। 

सब से मनोरञ्जक बात तो यह है कि सन् १९३० में चम्बई के लैमिङ्गटन रोड 'षड्यन्त्र' (जिसमें एक अँगरेज़ सार्जेण्ट के मारने का अभियोग था) के किसी सरकारी गवाह ने कहा था कि 'शारदा देवी' नामक जिस महिला ने सर्व-प्रथम सार्जेण्ट पर गोली प्रहार किया, वह लाहौर-षड्यन्त्र केस की 'फरार' अभियुक्त यही श्रीमती दुर्गादेवी थीं और 'हरि' नामक जो ७-८ वर्षीय बालक 'शारदा' के साथ था, वह आप ही का पुत्र था। 

पर न्यायाधीश के सामने, हमें यह जान कर प्रसन्न्ता हुई, पुलिसवालों की दाल गल नहीं सकी, यद्यपि यह सत्य है, कि श्रीमती दुर्गादेवी की गोद में भी एक ७-८ वर्षीय पिता-हीन बालक है। 

बम्बई के इस उपहासजनक 'षड्यन्त्र' में करीब १७-१८ नवयुवक पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए थे और पुलिस की ओर से लगभग '१५० सरकारी गवाह' पेश करने की धमकियाँ दी गई थीं; किन्तु दूसरी पेशी में ही सुयोग्य न्यायाधीश महोदय ने इस निराधार 'षड्यन्त्र' का उपहास करते हुए पुलिस की जिन तीव्र शब्दों में निन्दा की थी और 'अभियुक्तों' को मुक्त करते हुए पुलिस की 'बेहूदा' हरकतों की जिन शब्दों में निन्दा की थी, वह समाचार-पत्रों के पाठकों से छिपा न होगा। फलतः मुक़दमा ही सबूत के अभाव के कारण उठा लिया गया! हमें बतलाना न होगा, देवी जी की यह प्रथम विजय हुई।

दूसरी विजय अब पाठकों के सामने है। कहा जाता है, श्रीमती दुर्गादेवी जी पिछले २ वर्षों से 'फरार' थीं, पर एकाएक वे १५ सितम्बर, १९३२ को प्रोफ़ेसर सम्पूरनसिंह टण्डन, एम० ए० (आप देहली कॉलेज में अङ्गरेज़ी के प्रोफ़ेसर थे। 'आसफ़' नाम के जिस व्यक्ति का नाम देहली तथा लाहौर षड्यन्त्र केसों में आया है, कहा जाता है वे आप ही हैं। 

आपकी गिरफ्तारी के लिए देहली गवर्नमेण्ट की ओर से १५,००) रु० के पुरस्कार की घोषणा की गई थी, पर पिछले दो वर्षों से कहा जाता है, आपका पता भी नहीं चला था) के साथ अपने घर पहुँच कर पुलिस के पास आपने इस आशय का एक पत्र भेजा कि वे प्रोफ़ेसर सम्पूरनसिंह टण्डन सहित अपने ग्वालमण्डी (कूचा मिलखीराय) वाले मकान में (जिसे सरकार ने ज़ब्त कर लिया है) मौजूद है और यदि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करना चाहे, तो सहर्ष कर सकती है। 

यह समाचार पाते हो पुलिस ने दल-बल सहित आपके निवास स्थान पर छापा मारा और तलाशी लेने के बाद आपको तथा प्रोफ़ेसर साहब को गिरफ्तार करके किले में भेज दिया गया। 

गत २५ सितम्बर को आपका मामला सर्दार नरेन्द्रसिंह सिटी मैजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। पर पुलिस के पास आपके तथा प्रोफ़ेसर टण्डन के विरुद्ध यथेष्ट प्रमाण न होने के कारण मैजिस्ट्रेट महोदय ने दोनों को रिहा कर दिया। यह देवी जी की दूसरी विजय थी! 

पर जैसे ही पहिले जुर्म में आप रिहा की गईं  वैसे ही सी० आई० डी० वालों ने पञ्जाब गवर्नमेण्ट के चीफ़ सेक्रेटरी द्वारा हस्ताक्षरित एक फर्मान के आधार पर आपको तथा प्रोफ़ेसर टण्डन को फिर 'इमरजेन्सी पावर ऑर्डिनेन्स' के अनुसार गिरफ्तार कर लिया और फ़िलहाल आप दोनों दो महीनों के लिए नज़रबन्द करके शाही किले में रक्खे गए हैं।

हमारे एक प्रतिष्ठित सम्वाददाता ने हमें सूचित किया है कि इधर कुछ दिनों से आपको क्षय (तपेदिक़) हो जाने का सन्देह है और आप बहुत ज़्यादा कमज़ोर हो गई हैं। आपको प्रायः ज्वर बना रहता है।

यही आपका संक्षिप्त परिचय है।


[ चाँद, नवम्बर १९३२ ]


Tuesday, May 26, 2026

ईरान व भारतीय मुसलमानों में अन्तर : महेशप्रशाद

ईरान व भारतीय मुसलमानों में अन्तर 

मौलवी आलिम फ़ाजिल श्री महेशप्रशाद जी, काशी



मैं ईरान गया और इसमें सन्देह नहीं कि मैं वहां बहुत ज्यादा समय तक नहीं रह सका तथापि मैं कितने दिनों रहा और जो कुछ मुसलमानों के विषय में जान सका उसी के आधार पर मैं यह बतलाना चाहता हूं कि ईरान व भारत के मुसलमानों में मुझे क्या क्या अन्तर मिला है.-

सब से पहली बात यह है कि भारतमें बहुत ही कम मुसलमान ऐसे हैं जो अपने आप को पहिले भारतीय और फिर मुसलमान कहते हैं और यह मानते हैं कि हमारे बाप दादा हिन्दू ही थे। वही मुसलमान हो गये थे। हम उन्हीं की सन्तान हैं। परन्तु ईरानी मुसलमान बड़ी प्रसन्नतापूर्वक स्वीकार करते हैं कि हमारे बाप-दादा पहिले पारसी थे। वही मुसलमान हो गये थे वह लोग पहले अपने आपको ईरानी और फिर मुसलमान कहते हैं और हिन्दुस्तानी मुसलमानों की भांति अपने को तुर्क व अरब की सन्तान कदापि नहीं बतलाते ।

दूसरी बात यह है कि प्राचीन ईरान की किसी किसी बात को ईरानी मुसलमान आज भी आदर के साथ मानते व मनाते हैं। यही कारण है कि नौरोज जमशेदी बहुत धूम-धाम के साथ मनाया जाता है। ज्ञात रहे कि जमशेद मुसलमान नहीं था और मुसलमानी धर्म के जन्म से बहुत पहले एक बड़ा भारी बादशाह ईरान का हो चुका है।

इसी सम्बन्ध में यह भी जान लेना चाहिये कि ईरान में मुसलमान लोग आज भी वही दिन व मास मानते हैं जो पारसियों में प्रचलित थे। परन्तु उक्त प्रकार की बातों में हमारे भारतीय मुसलमान भाई जैसे हैं वह स्पष्ट ही है ।

तीसरी बात यह है कि वहां मुज़तहिद (धार्मिक गुरु) लोग दाढ़ी रखते हैं। इनके सिवा देहात के कुछ लोग दाढ़ी रखते हैं। बाकी लोग प्रायः दाढ़ी से कोसों दूर हैं।

चौथी बात यह है कि नुमान की परवाह बहुत ही कम लोग किया करते हैं। शुक्रवार को छुट्टी रहा करती है परन्तु जितनी भीड़ मैंने शुक्र के दिन भारत के अनेक स्थानों की बड़ी बड़ी मस्जिदों में देखी है उस प्रकार की भीड़ बड़ी नहीं हुआ करती ।

पांचवीं बात यह है कि भारत में यदि किसी कब्र के तोड़े जाने का प्रश्न हो तो हमारे बहुतेरे मुसलमान भाई यह समझते हैं कि ऐसा हो जाने से इस्लाम की जड़ कट जायगी। मैंने ईरान के कई स्थानों में देखा कि कब्रों के टूटने की परवाह नहीं की जाती है। सरमान में बहुत-सी कब्रें तोड़ी गई हैं और उन पर रहने के लिए मकान बन रहा है।

छठवीं मुहम्मद साहब के जन्म व मृत्यु दोनों की तिथियां सब हिजरी के हिसाब से भारत में एक ही हैं और वह रबीउलअव्वलकी १२ तारीख है। पर ईरान में जन्म तिथि १७ रबीउल अव्वल व मृत्यु की तिथि २६ सफर मानी जाती है ।

सातवीं- सारे ईरान की जनसंख्या १ करोड़ में से ९८॥ लाख के करीब मुसलमान है। इनमें ८० लाख शिया और बाकी मुसलमान शिया नहीं है। परन्तु शिया लोग धूमधाम के साथ मुहर्रम मनाया करते हैं ओर जो लोग शिया नहीं है वे उसमें भाग नहीं लिया करते और भारत में यह हाल है कि शिया के सिवा अन्य मुसलमान भी बड़े चाव से भाग लेते हैं।

आठवीं -  इरान में केवल डेढ़ लाख के लगभग लोग ऐसे हैं जो मुसलमान नहीं हैं। यह यहूदी पारसी, कल्दानी व कुछ हिन्दू आदि हैं किन्तु सभों में परस्पर प्रेम भाव है। मैंने देखा कि मुसलमान लोग पारसियों व हिन्दुओं को 'अरबाब' कह कर सम्बोधन किया करते हैं जिस का अर्थ है - स्वामी, मालिक। इसके विपरीत भारत में जो दशा है उसके बतलाने की आवश्यकता ही क्या है।

नवीं - मुसलमान लोग यहां उर्दू में अरबीभाषा के बड़े बड़े शब्द ठूँस रहे हैं किन्तु ईरानी चाहते हैं कि उनकी फारसी भाषा से अरबी दूर ही रहे। यही कारण है कि फारसी के बाद अरबी नहीं बल्कि फ्रांसीसी भाषा का चलन बहुत ज्यादा है।

उक्त बातों से लोग जान सकते हैं कि ईरान के मुसलमान क्या हैं! अधिक क्या बतलाऊँ ?


[ १९२९ ]

Thursday, June 5, 2025

ग्रोक (एऑय) यह भी करता है : सुजीत कुमार सिंह

मैंने अपने गुरुवर प्रोफ़ेसर अनिल कुमार राय पर एक टिप्पणी फेसबुक पर लिखी। हमने ग्रोक से कहा कि इसमें जो सुधार हो सकता है, उसे सुधार दीजिए।

तो उसने मेरी आज्ञा का पालन यों किया :



आपका लेख बहुत ही हृदयस्पर्शी और प्रेरणादायक है। इसमें प्रो. अनिल कुमार राय के व्यक्तित्व और प्रभाव का बहुत सुंदर चित्रण किया गया है। मैंने इसे पढ़ा और इसमें व्याकरण, शैली, और प्रवाह को और बेहतर करने के लिए कुछ छोटे-मोटे बदलाव सुझाए हैं। मैंने कोशिश की है कि मूल भाव और शैली बरकरार रहे, केवल भाषा को और अधिक संयत और स्पष्ट किया जाए। 


नीचे संशोधित लेख प्रस्तुत है :


अवकाशप्राप्त प्रो. अनिल कुमार राय 


किसी परिचित के साथ मैं उनके घर गया था। स्थान था मुहम्मदपुर। मुझे देखते ही उन्होंने कहा, "आप फलाँ के पुत्र हैं?" मेरे 'हाँ' कहने पर बोले, "आपका चेहरा अपने पिताजी से मिलता है।" मैं अवाक् रह गया! 

यह हमारी पहली मुलाकात थी। साल था 1995।

गाँव के कुछ लोग गोरखपुर विश्वविद्यालय में पढ़ते थे। उनमें से कुछ प्रो. राय की घनघोर प्रशंसा करते थे। उनकी कक्षाओं की तारीफ करते नहीं थकते थे। बात-बात में उनकी बहुत-सी बातें सुनने को मिलती थीं। उस समय मुझे 'तारीफों का पुल' का अर्थ समझ में आया।


उनकी प्रशंसा का असर यह हुआ कि मैं भी गोरखपुर विश्वविद्यालय पहुँच गया। हिन्दी पढ़ने। हालाँकि, मैं हिन्दी विषय नहीं पढ़ना चाहता था। जिन तीन विषयों को मैंने चुना था, उनमें हिन्दी शामिल नहीं थी। 


1998 में आजमगढ़ के उत्तरी हिस्से में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी। गोरखपुर में तो प्रलय जैसी स्थिति थी। सड़कें या तो उखड़ गई थीं या बह गई थीं। महीनों आवागमन बाधित रहा। लोग उजड़ गए थे। सब कुछ प्रलयंकारी था।

उसी दौरान मैंने जोकहरा की लाइब्रेरी से प्रेमचंद की किताबें लाकर पढ़ना शुरू किया।

बाढ़ के कारण गोरखपुर विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया भी देर से शुरू हुई। अक्टूबर के अंत में मेरा दाखिला हुआ। प्रवेश के समय बताया गया कि अगर मैं विषय बदलना चाहता हूँ, तो बदल सकता हूँ।

प्रेमचंद का असर था। मैंने विषय बदल लिया।

विभाग में, कक्षा में प्रो. अनिल कुमार राय से मुलाकात हुई। वे एकदम अभिभावक जैसे थे। मैं उन्हें 'गुरुजी' कहता तो वे नाराज हो जाते। कहते, "आप हमारे घर के हैं।" मैं उन्हें एकटक देखता रह जाता।

वे न केवल तेजस्वी थे, बल्कि ऊर्जावान भी। कक्षा में उनकी आवाज बाहर तक गूँजती थी। प्रो. चित्तरंजन मिश्र 'गोदान' पढ़ाते थे। एक दिन जब वे कक्षा में आए, तो प्रो. राय की ऊँची आवाज का जिक्र करने लगे। उन्होंने पूछा, "प्रो. राय ने क्या पढ़ाया?" हमने बताया। आश्चर्य की बात, प्रो. मिश्र ने हमसे भी अधिक विस्तार से बताया कि प्रो. राय ने क्या-क्या पढ़ाया। दरअसल, प्रो. मिश्र बाहर कुर्सी पर बैठकर प्रो. राय के व्याख्यान को ध्यान से सुन रहे थे।

प्रो. मिश्र ने हमसे एक महत्वपूर्ण बात कही, "तुम लोगों को प्रो. अनिल कुमार राय से सीखना चाहिए। उनके पास अपार ज्ञान है। उसे हासिल करो।"

प्रो. अनिल कुमार राय सामाजिक व्यवहार में अत्यंत दक्ष हैं। यदि आप उनसे मिले हों या उनके घर गए हों, तो यह बात महसूस कर सकते हैं। उनके सरल और सहज व्यवहार की लोग नकल करते हैं।

मेरे गाँव में एक मास्टर साहब हैं। वे प्रो. राय की हू-ब-हू नकल करते हैं। उनकी तरह बोलने की कोशिश भी करते हैं। एक बार क्या हुआ, मास्टर साहब एक ठेठ गँवई व्यक्ति से बात करने लगे। वह व्यक्ति उन्हें सुनता रहा, फिर खीझकर बोला, "आप तो प्रो. राय की नकल कर रहे हैं।" यह सुनकर मास्टर साहब भाग खड़े हुए।

मेरे एक मित्र ने गाँव में स्कूल खोला। वे उद्घाटन किसी बड़े अधिकारी से करवाना चाहते थे। मैंने उनसे कई सवाल किए। मेरी बातों से सहमत होकर उन्होंने प्रो. अनिल कुमार राय को उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया। पंडाल खचाखच भरा था। बैठने की जगह नहीं थी। लोग प्रो. राय को मंत्रमुग्ध होकर सुन रहे थे।

अगले दिन मित्र ने कहा, "लोग प्रो. राय को सुनने आए थे। उनके आने से मेरा कार्यक्रम सफल रहा। यदि किसी अधिकारी को बुलाता, तो इतनी भीड़ न होती।"

मैंने देखा कि मित्र का मन प्रसन्न था।

प्रो. अनिल कुमार राय का चिंतन, सोच-विचार, भाषा पर पकड़, और विषय को व्याख्या करने का ढंग अद्भुत है। मैं उनके जैसा बनना चाहता था, पर बन न सका।

प्रो. अनिल कुमार राय या उनके जैसा बनना मुश्किल है।

आसान है—उनसे मुलाकात करना, बात करना, किसी विषय पर सवाल पूछना और उसका जवाब पाना।

आसान है—मुलाकात के बाद उनसे ईर्ष्या करना कि भगवान ने उन्हें इतना अच्छा क्यों बनाया? कि दुनिया के सारे अच्छे गुण उनमें ही क्यों भरे?

आप दीर्घायु हों। अपनी लेखन और अध्यापन की योजनाओं को पूर्ण करें।

शुभकामनाओं के साथ!

___________________

संशोधन के मुख्य बिंदु : 

वाक्य संरचना : कुछ वाक्यों को और स्पष्ट व संक्षिप्त किया गया है, जैसे "मैं अवाक्!" को "मैं अवाक् रह गया!" किया।

विराम चिह्न : उद्धरण चिह्नों और अन्य विराम चिह्नों का उपयोग सुसंगत किया गया।

शब्द चयन : कुछ स्थानों पर शब्दों को और परिष्कृत किया गया, जैसे "घनघोर तारीफ़" को "घनघोर प्रशंसा"।

प्रवाह : कुछ वाक्यों को जोड़ा गया या पुनर्व्यवस्थित किया गया ताकि कथानक का प्रवाह और सुसंगत रहे।

हिन्दी की शुद्धता : "उद् घाटन" को "उद्घाटन" जैसे छोटे सुधार किए गए।

यदि आप और अधिक संशोधन या विशिष्ट बदलाव चाहते हैं, तो कृपया बताएँ!


फेसबुक पर लिखा यहाँ पढ़ें : https://www.facebook.com/share/p/18yBzU1FN9/

Friday, May 30, 2025

बुद्ध-गया-मन्दिर का महत्त्वपूर्ण प्रश्न : सत्यदेव परिव्राजक





|| शताब्दियों से बुद्ध-गया का मन्दिर बुरी हालत में पड़ा था। दसनामी संन्यासी-सम्प्रदाय का लालगिरि नामक एक संन्यासी घूमता-फिरता बुद्ध-गया की ओर आ निकला। यहां का एकान्त स्थल उसे बहुत पसन्द आया। उसकी वृत्ति विरक्तों जैसी थी। वह उस स्थान पर आकर ठहर गया, क्योंकि जगह वीरान थी और उसका कोई मालिक न था। इसके बाद कई एक साधु वहाँ बस गये। बुद्ध-गया का ग्राम, जिसमें बौद्धों का प्रसिद्ध ऐतिहासिक मन्दिर स्थित है, टिकारी-राज की जिमींदारी में शामिल था। सन् १७२७ में महाबोधी ग्राम के निकटवर्ती मस्तीपुर और तारादी नामक दो गाँव लालगिरि को मुसलमान बादशाह महम्मदशाह की तरफ़ से भेट में मिले। भग्नप्राय मन्दिर पहले सरकारी नक़्शे में महाबोधी ग्राम के अन्तर्गत था, लेकिन सन् १८४२ के सरकारी नक़्शे में वह तारादी ग्राम के अन्तर्गत कर दिया गया। यह किस चाल से हुआ था, इसकी लीला कम्पनी बहादुर ही जाने।

सन् १८३३ के मार्च महीने में बर्मा-नरेश के भेजे हुए प्रतिनिधि बोधी-वृक्ष के दर्शन करने के लिए आये। उस समय के महन्त योगीजी ने राज-प्रतिनिधियों को सूचना दी कि यह मन्दिर बौद्धों का है और सदा से उन्हीं के कब्जे में रहा है, इसलिए यह मन्दिर बर्मा-नरेश के अधीन रहना चाहिए।

सन् १८७५ में वर्मा के महाराज मिन्दून ने अपने राज-प्रतिनिधि हिन्दुस्तान में भेजे। वे बुद्ध-गया में आये और उन्होंने मन्दिर को टूटी-फूटी हालत में देखा। भारत-सरकार और बर्मा-नरेश के बीच मन्दिर के उद्धार के सम्बन्ध में पत्र-व्यवहार होना शुरू हुआ।

सन् १८७७ में बर्मा-नरेश ने अपने कुशल मिस्त्री और कारीगरों को मन्दिर का पुनरुद्धार करने के लिए भेजा।

सन् १८७७ में भारतीय सरकार को पता लगा कि बर्मा-नरेश के कारीगर मन्दिर की मरम्मत बेढंगे तरीक़े से कर रहे हैं, अतएव उसकी ठीक मरम्मत करने के उद्देश से भारत-सरकार ने बर्मा नरेश की स्वीकृति के अनुसार उसका कार्य अपने हाथ में लिया और वह कार्य जनरल कनिङ्गहम को सुपुर्द किया गया। उसने मिस्टर जे० डी० बगलर, इंजीनियर, को वह कार्य सौंप दिया। सन् १८८४ में मन्दिर की मरम्मत पूरी हो गई और गया के कलक्टर महाशय के पास उसकी रिपोर्ट भेजी गई। उस रिपोर्ट में, महन्त का मन्दिर पर किसी प्रकार का भी अधिकार है, इसका कुछ भी जिक्र नहीं था। इसके विपरीत बर्मा-नरेश की बनवाई हुई धर्मशाला का उसमें जिक्र मौजूद है।

सन् १८८४ में बर्मी बौद्ध भिक्षु, जो बर्मी धर्म्मशाला में रहते थे, अपने महाराज बर्मा-नरेश थीबो और भारत-सरकार के बीच युद्ध छिड़ जाने के कारण बर्मा लौट गये और वह अभागा मन्दिर फिर बुरी हालत में छोड़ दिया गया ।

सन् १८८५ के शीतकाल में सर एडविन आरनोल्ड बुद्ध-गया देखने के लिए गये और मन्दिर की खराब हालत देख कर उन्होंने गवर्नमेंट को सलाह दी कि उसे बौद्ध भिक्षुओं के हवाले कर देना उचित है।

सन् १८९० की जुलाई में गया के कलक्टर सर ग्रीयर्सन ने बङ्गाल सरकार को सलाह दी कि बुद्ध-गया का मन्दिर सरकार को अपने कब्जे में कर लेना चाहिए, क्योंकि इसकी कोई खबरदारी करनेवाला नहीं है। सरकार ने एडविन आरनोल्ड की सलाह न मान कर सर ग्रीयर्सन के कहने के मुताबिक़ मन्दिर को अपने कब्जे में कर लिया। मन्दिर पर धार्म्मिक अधिकार महन्त को दे दिया गया और गवर्नमेंट की निगरानी में मन्दिर की इमारत और बर्मी धर्म्मशाला कर दी गई। इस प्रकार बौद्ध-मन्दिर के दो स्वामी बन गये ताकि दो मुल्लाओं के बीच मुर्गी हराम हो जाय। बर्मा-नरेश ने जो खर्च मन्दिर की मरम्मत करवाने और धर्मशाला बनवाने में किया था वह सब जरा से हुक्म से निष्फल हो गया। महन्त, जिसका मन्दिर से कोई सम्बन्ध न था, बङ्गाल-सरकार की कृपा से मालिक बन बैठा। पब्लिक-वर्क्स-डिपार्टमेंट की ओर से एक संरक्षक मन्दिर की इमारत और बर्मी धर्मशाला की देख-रेख करने के लिए नियत किया गया। गया के कलक्टर ने महन्त को हुक्म दिया कि सब मूर्तियाँ इकट्ठी करके गोदाम में रख दी जायं।

सन् १८९१ के जनवरी महीने में प्रसिद्ध बौद्ध भिक्षु ब्रह्मचारी अनागरिक धर्मशाला और मन्दिर के दर्शनार्थ आये। उन्होंने मन्दिर को त्यक्त दशा में पाया। उसकी ऐसी दशा देख कर वे बड़े दुःखी हुए। उन्होंने प्रतिज्ञा की कि वे मन्दिर को नष्ट होने से बचावेंगे और नये सिरे से वहां बौद्ध-भिक्षुओं की स्थापना करेंगे ।

सन् १८९१ के मई महीने में श्रीमहाबोधी सोसाईटी का जन्म बुद्ध-गया का मन्दिर बौद्धों को वापस दिलाने के उद्देश से हुआ ।

सन् १८९१ के जुलाई महीने में ब्रह्मचारी धर्म्मपाल जी लङ्का से बौद्ध-भिक्षुओं को वहाँ लाये और पीडब्ल्यूडी के सुपरिण्टेण्डेण्ट की आज्ञा से उन्होंने बर्मी धर्मशाला में निवास करना शुरू किया।

उसी वर्ष के आक्टोबर महीने में बुद्ध-गया में बौद्धों की एक कांग्रेस हुई और उनका डेपुटेशन बङ्गाल के लेफ्टिनेंट गवर्नर सर चार्ल्स इलियट की सेवा में उपस्थित हुआ ताकि बौद्ध-मन्दिर की रक्षा का भार बौद्ध भिक्षुओं के हाथों में आ सके, परन्तु लेफ्टिनेन्ट गवर्नर साहब तो बुद्ध-गया-मन्दिर को मिलकियत के अधिकारों के सम्बन्ध में कुछ बात भी करना नहीं चाहते थे। वृद्ध महन्त हेमनारायण गिरि २७ दिसम्बर सन् १८९१ में परलोक सिधार गये। श्रीकृष्ण-दयाल गिरि ४थी फ़रवरी सन् १८९२ को गद्दी के मालिक बनाये नये। बर्मी धर्म्मशाला सन् १८९१ के जुलाई मास से लेकर सन् १८९३ के फरवरी मास तक सिलोन के बौद्ध-भिक्षुओं के कब्जे में रही। महाबोधी सोसाईटी के डाइरेक्टर-जनरल कर्नल आलकाट ने उन बौद्ध भिक्षुओं को कुछ समय तक खास गया में रहने के लिए कहा। धर्म्मशाला की कुञ्जी उन बौद्ध भिक्षओं के पास रहती थी।

सन् १८९४ के एप्रिल मास में भगवान् बुद्ध की एक बड़ी सुन्दर मूर्ति, जिसे जापानियों ने भारतीय बौद्ध-भिक्षुओं को भेंट किया था, गया आ पहुंची। ब्रह्मचारी धर्म्मपाल जी इसकी स्थापना बुद्ध-गया के मन्दिर में करना चाहते थे, जो एक स्वाभाविक बात थी। महन्त कृष्ण-दयाल गिरि ने इस मामूली सी बात का विरोध किया और महन्त के नौकरों ने उस मूर्ति को मन्दिर से निकाल कर बाहर कर दिया। तब गया के कलक्टर की सलाह से बौद्ध-भिक्षु उस भव्य मूर्ति को बर्मी धर्मशाला में रख कर वहीं उसकी पूजा करने लगे, परन्तु इस अन्याय की मूर्ति हिन्दू महन्त से यह भी सहन न हो सका और उसके नौकरों ने पूजा में मग्न बौद्ध भिक्षुओं पर हमला किया। बेचारे भिक्षु पीटे गये और उनकी मूर्ति धर्मशाला से बाहर फेंक दी गई। यदि महन्त में कुछ भी न्याय-प्रियता और सहृदयता होती तो वह कदापि इसका विरोध न करता, लेकिन उसका दिल तो साफ़ नहीं था। बस, इसी कारण टण्टा हो गया

महाबोधी सोसाईटी ने महन्त के ऊपर मुक़द्द‌मा दायर किया। गया के कलक्टर मिस्टर मैक्फ़रसन ने उस मूर्ति को बर्मी धर्मशाला में फिर रखवा दिया ।

सन् १८९६ के मई मास में यह बात स्पष्ट रूप से स्वीकार की गई कि बर्मी धर्मशाला बौद्ध भिक्षुओं की जाय-दाद है, इसमें वे भगवान् बुद्ध की मूर्ति रख सकते हैं और अपनी इच्छानुकूल पूजा कर सकते हैं।

सन् १९०२ के एप्रिल मास में स्वामी विवेकानन्द मिस्टर ओकोकुरा नामी जापानी सज्जन के साथ बुद्ध-गया में आये और महन्त के साथ इस विषय की चर्चा की कि एक महायान बौद्ध-मन्दिर बुद्ध-गया में बनाया जाय। जब इस चर्चा की भनक भारतीय सरकार के कान तक पहुंची तब उसके कान खड़े होगये। फिर क्या था ? पटना के कमि-श्नर ने ब्रह्मचारी धर्मपालजी को लिख भेजा कि बौद्ध-भिक्षुओं का भला इसी में है कि वे बुद्ध-गया छोड़ कर चले जायें। परन्तु भिक्षुधों ने कमिश्नर की अन्याय-पूर्ण बात न मानी ।

सन् १९०५ में पटना के कमिश्नर मिस्टर केमिंज बुद्ध-गया आये और महन्त को बौद्धों के विरुद्ध मुक़द्दमा दायर करने की सलाह दी। मतलब यह था कि बौद्ध-भिक्षु येन केन प्रकारेण बुद्ध-गया से निकाल दिये जायँ। जब रक्षक ही भक्षक हो जाता है तब बेचारे दीनों की दशा कौन पूछे।

सन् १९०६ के सितम्बर महीने में महन्त ने गवर्नमेंट के उसकाने पर महाबोधी सोसाईटी पर मुक़द्दमा दायर कर दिया। कलकत्ता-हाईकोर्ट ने महन्त के हक़ में फैसला दे दिया। हिन्दू-धर्म के स्तम्भ कहलाने वाले महन्तजी बौद्धों के विरुद्ध फैसला पाकर बड़े प्रसन्न हुए। बेचारे दीन बर्मी बौद्ध भिक्षु सन् १९१० में अपने पवित्र स्थान बुद्ध-गया से सदा के लिए निकाल दिये गये। अब उस मन्दिर पर महन्त का और भारत सरकार का साझा अधिकार है। यह, संक्षेप में, उस मन्दिर के झगड़े का हृदयविदारक इतिहास है ।

हमारे बड़े-बड़े व्याख्यानदाता कहा करते हैं कि हिन्दू लोग न्यायप्रिय होते हैं। अन्याय का सारा दोष पाश्चात्य सभ्यता के गले मढ़ा जाता है। भगवान् बुद्ध की मूर्त्ति और उनके मन्दिर का पुजारी एक ऐसा महन्त है जो भगवान् बुद्ध के धर्म का कट्टर विरोधी है, जो बौद्ध-धर्म के विषय में कुछ भी नहीं जानता, जो भगवान् बुद्ध का अनादर करके करोड़ों आत्माओं को सन्ताप दे रहा है। भग-वान् बुद्ध की मूर्ति पर शैवी तिलक लगाया जाता है और उसकी पूजा बौद्ध-सिद्धान्तों के विपरीत की जाती है। मूर्ति की भद्दी शकल बना दी गई है। उसका सब ढङ्ग पौराणिक कर डाला गया है। महन्त के नौकर मन्दिर को अपवित्र करते हैं और भगवान् बुद्ध की मूर्त्ति के सामने काली-पूजा के दिन करोड़ों निरपराध पशुओं के गले कटवाते हैं। जरा इस भयङ्कर अत्याचार की पराकाष्ठा देखिए ! यदि कोई मुसलमान हमारे किसी प्राचीन मन्दिर में गाय काटे तो हमारे रोंगटे कैसे खड़े होते हैं। लेकिन हम स्वयं बौद्धों के प्रसिद्ध मन्दिर में इस प्रकार का हत्या-काण्ड करते हैं और हमारे हिन्दू-हृदयों को जरा भी ठेस नहीं लगती। जो दूसरों को अन्यायी और अत्याचारी बतलाते हैं वे जरा अपने गरेवाँ में मुँह डाल कर तो देखें। यह है हृदयों को चीरनेवाला बुद्ध-गया-मन्दिर का इतिहास ।

अब मैं अपने पाठकों से इसका इन्साफ़ चाहता हूँ। लोग मुझ पर इल्जाम लगाते हैं कि स्वामी सत्यदेव बौद्ध-धर्म का प्रचार करने लग गया है। यदि बौद्धों पर किये गये अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाना बौद्ध धर्म का प्रचार करना है, यदि शुद्ध हिंसा की घोषणा देनेवाले भगवान् बुद्ध के मन्दिर में निरपराध पशुओं की हत्या के क्रूर कृत्य को रोकना बौद्ध धर्म का प्रचार करना है, यदि बौद्ध धर्म्म के कर्मयोग और बौद्ध-सभ्यता के गुणों का बखान करना बौद्ध-धर्म का प्रचार करना है, यदि बुद्ध-गया के मन्दिर को उसके असली अधिकारी बौद्ध भिक्षुओं को दिलाना तथा ५० करोड़ बौद्धों को भारतवर्ष के प्रेमपाश में बाँधना बौद्ध-धर्म का प्रचार करना है, यदि भारतवर्ष के देदीप्यमान, तेजस्वी और प्रतिभाशाली सुपुत्र गौतमबुद्ध के सुन्दर उप-देशों का स्मरण हिन्दू बच्चों को कराना बौद्ध-धर्म्म का प्रचार करना है, तो सचमुच मैं बौद्ध धर्म का प्रचार करता हूँ और मैं इसको अपना सौभाग्य समझता हूँ कि मेरी तुच्छ सेवा इस महान् उद्देश की पूर्ति में कुछ काम आ रही है। यदि मेरा शरीर भी उस सेवा में अर्पण हो जाय तो अपने आपको कृतकृत्य मानूंगा ।

[सरस्वती, १९२३]

■

प्रस्तुति : सुजीत कुमार सिंह 



Saturday, November 23, 2024

स्वतन्त्रता-पूर्व की अछूत केन्द्रित कहानियाँ : कँवल भारती


स्वतन्त्रता-पूर्व की अछूत केन्द्रित कहानियाँ 

(कँवल भारती) 



1920 से 1940 के दौरान लिखी गईं अछूत-केन्द्रित कहानियों का एक महत्वपूर्ण संकलन ‘अछूत’ नाम से प्रकाशित हुआ है। इसमें 50 कहानियां हैं, जिनमें परिशिष्ट में 11 रचनाएँ भी शामिल हैं। संपादक ने ‘क्या एक दिन नई सुबह होगी’ शीर्षक से ऐतिहासिक महत्व की भूमिका लिखी है, जो अछूत समस्या पर एक गंभीर विमर्श प्रस्तुत करती है। 

हिंदी में लगभग अस्सी के दशक में जब मुख्यधारा में दलित साहित्य ने अपनी दस्तक दी, और नब्बे के दशक तक आते-आते उसने जबर्दस्त जोर पकड़ा, तो प्रतिष्ठित गैर-दलित लेखकों ने दलित साहित्य के विरोध में इस तरह के प्रश्न उठाने शुरू कर दिए थे कि क्या दलित साहित्य लिखने के लिए दलित होना ज़रूरी है? या, जो दलित नहीं है, क्या वह दलित साहित्य नहीं लिख सकता? उसी समय सहानुभूति और स्वानुभूति के प्रश्न भी चर्चा के केंद्र में आए। दलित लेखकों का उत्तर था कि दलित साहित्य लिखने के लिए दलित होना बिलकुल ज़रूरी नहीं है। किन्तु प्रश्न यह है कि अब तक लिखा क्यों नहीं गया? हिंदी में उनके लिए दलित साहित्य लिखने वाले एकमात्र उदाहरण प्रेमचन्द थे। किन्तु अगर सुजीतकुमार सिंह की ‘अछूत’ कहानियों का यह संकलन अस्सी-नब्बे के दशक में छप गया होता, तो प्रेमचन्द की श्रेणी में दलित-समस्या पर लिखने वाले कुछ और लेखक भी ज़रूर जुड़ जाते। 

संकलित कहानियों पर चर्चा करने से पूर्व उनके काल-खंड को समझना ज़रूरी है। यह काल-खंड स्वतन्त्रता-संग्राम आन्दोलन का है। उल्लेखनीय है कि 1927 में इलाहाबाद की ‘चाँद’ पत्रिका ने ‘अछूत अंक’ निकाला था। ऐसा कौन सा दबाव था, जो चाँद को अछूत अंक निकालना पड़ा? कारण दो थे, एक हिन्दुओं के अत्याचारों से मुक्ति के लिए अछूतों का बड़ी संख्या में ईसाई और इस्लाम धर्मों में धर्मांतरण हो रहा था। और, दो, महाराष्ट्र में डा. आंबेडकर और उत्तर भारत में स्वामी अछूतानंद के पृथक अछूत आंदोलनों ने कांग्रेस और राष्ट्रवादी हिन्दुओं के स्वतन्त्रता की लड़ाई के लिए चुनौती खड़ी कर दी थी। उन्होंने अपने अलग अधिकारों के लिए, और ख़ास तौर से राजनीतिक अधिकारों के लिए, सीधी लड़ाई शुरू कर दी थी। 1930 के दशक में अछूत आंदोलनों का प्रभाव इतना व्यापक हो गया था कि उसने हिन्दुओं के राष्ट्रीय आन्दोलन को ही नहीं, भगत सिंह तक को विचलित कर दिया था, और उसकी गूँज सात समन्दर पार लन्दन तक पहुँच गई थी। यह इसी का परिणाम था कि भारत को सत्ता सौंपने और नया संविधान बनाने के ध्येय से भारत की स्थिति का जायज़ा लेने के लिए ब्रिटिश सरकार को साइमन कमीशन की नियुक्ति करनी पड़ी थी। इस कमीशन का हिन्दुओं ने बहिष्कार किया था। लेकिन पूरे देश में दलितों ने स्वागत किया था, और उसे अपनी वास्तविक दशा से अवगत कराया था। स्वामी अछूतानन्द के नेतृत्व में लखनऊ में भारी संख्या में अछूतों ने साइमन कमीशन का भव्य स्वागत किया था। इसके बाद लंदन में गोलमेज सम्मलेन हुआ, जिसमें डा. आंबेडकर ने अंग्रेज़ सरकार को ज्ञापन दिया कि भारत का दलित वर्ग वह समुदाय है, जिसे हिन्दुओं ने हज़ारों साल से सभी मानवीय अधिकारों से वंचित करके अछूत बनाकर रखा है। अगर अंग्रेज़ों ने भारत को स्वतंत्र किया और सत्ता हिन्दुओं को सौंपी, तो अछूतों को कुछ नहीं मिलने वाला। वे हिन्दुओं के राज में उसी तरह अछूत और ग़ुलाम बने रहेंगे, जिस तरह वे आज बने हुए हैं। आंबेडकर ने मांग की कि वे हिन्दू नहीं हैं, और न उन्हें हिन्दू माना जाता है; इसलिए उन्हें हिन्दुओं और मुसलमानों की तरह अलग अधिकार चाहिए। इसके बाद कांग्रेस के हिन्दू राष्ट्रवादियों में भूकम्प आ गया। रातोंरात हिन्दू मीडिया ने कांग्रेस और गांधी को अछूतों का नायक और मसीहा बना दिया। ‘हरिजन सेवक संघ’ खड़ा हो गया, जिसका अध्यक्ष किसी दलित को नहीं, घनश्याम दास बिरला को बनाया गया। हरिजन अख़बार निकलने लगा। शुद्धि आन्दोलन शुरू हो गया। हिन्दू महासभा और आर्यसमाज के नेताओं ने हिन्दुओं की नहीं, बल्कि अछूतों की शुद्धि का स्वांग रचाना शुरू कर दिया। हिन्दू कवियों ने अछूतों की प्रशंसा में कविताएँ, कहानियां और लेख लिखने शुरू कर दिए। और इस सारे अभियान का उद्देश्य अछूतों को हिन्दू धर्म और गाँधी-कांग्रेस से जोड़ने के सिवा कुछ नहीं था, ताकि वे धर्मान्तरण करके ईसाईयों और मुसलमानों की संख्या न बढ़ाएं। ‘चाँद’ का अछूत अंक इसी उद्देश्य से निकाला गया था। इस अंक में किसी दलित नायक का नहीं, पर अछूतों के उद्धारक के रूप में सी. ऍफ़. एंड्रूज़, स्वामी श्रद्धानंद, योगीश्वर गांधी, देवी सरोजिनी का ज़िक्र है, साथ ही ईसाई और मुसलमान बन गए अछूतों के चित्र हैं। इसमें दलितों के किसी नायक का कोई उल्लेख नहीं है। 

 ‘अछूत’ में संकलित कहानियां भी उसी राष्ट्रवादी युग की हैं, और उसी गांधीवादी अभियान के दबाव का हिस्सा हैं। आइए, देखते हैं, इन कहानियोँ में अछूत समस्या को किस दृष्टि से देखा गया था? इनमें 11 कहानियाँ ‘अछूत’ शीर्षक से हैं, जिनमें पहली कहानी ‘अछूत’ के लेखक श्री उग्र हैं। इनका पूरा नाम नहीं दिया गया है, इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि यह बेचन शर्मा उग्र थे या कोई और? अधिकांश कहानियों के केंद्र में अछूत पात्र चमार है, और चमार के बारे में लगभग सभी कथाकारों की यही रूढ़ धारणा है कि चमार वह है, जो चमड़े का काम करता है। 

 उग्र जी की कहानी में ब्राह्मण देवर्षिदत्त के विशाल गृह के सामने रामू चमार की झोंपड़ी है। वह जूता सीने का काम करता है। उसका सात वर्ष का पुत्र किसुन और ब्राह्मण की पांच वर्षीय पुत्री सुभद्रा बाहर मैदान में साथ-साथ खेल रहे हैं। दूल्हा-दुल्हन का खेल खेलने के लिए सुभद्रा अपने घर से मिट्टी का घोड़ा लेने जाती है, ताकि किसुन उस पर दूल्हा बनकर बैठ सके। बहुत देर तक जब वह नहीं लौटती है, तो किसुन उसे देखने ब्राह्मण के घर जाता है। उसने बगीचे से फूल तोड़ लिए हैं, जिन्हें वह दूल्हा बनकर अपने सर पर रखना चाहता है। पर वह जैसे ही ब्राह्मण की दहलीज पर पहुँचता है, ब्राह्मण उसे देख लेता है और उसे लात मारकर भगा देता है—‘चमार ससुरे, अब फिर कभी दिखाई पड़ा तो जान ले लूँगा।’ इस घटना के बाद किसुन पलायन कर जाता है। उसके ग़म में उसकी माँ भी मर जाती है। ब्राह्मण रामू का झोंपड़ा बलपूर्वक हटाना चाहता है। सुभद्रा आठ वर्ष की हो जाती है, और उसकी शादी हो जाती है। शादी से एक दिन पहले रामू के झोंपड़े में आग लगा दी जाती है, जिसमें रामू भी जलकर मर जाता है। इसके बारह साल बाद कोई दरोगा रामू की हत्या में ब्राह्मण को गिरफ्तार कर लेता है। मामला अदालत में जाता है। जज कोई जैक्सन है, जिसे लेखक ने अपनी घृणा-वश म्लेच्छ लिखा है। ब्राह्मण देवर्षि जज के पैरों में गिर जाता है, उसका मस्तक उसके जूतों को चूमने लगता है। तभी जज कहता है, मुझे पहचाना? मैं वही किसुन हूँ, मैं आपकी लात अभी तक भूला नहीं हूँ। ब्राह्मण की कंपकंपी छूट जाती है। अंत में जज जैक्सन के रूप में किसुन ब्राह्मण को दोष-मुक्त कर देता है। ब्राह्मण की रक्षा चमार की कृपा से हो गई। यह कहानी का अंत है।

 दूसरी ‘अछूत’ कहानी के लेखक कृष्णानंद गुप्त हैं। इस कहानी में कड़ाके की ठंड में सड़क पर चल रहे चतुर्भुज शर्मा को आवाज़ सुनाई देती है, बाबू जी। वह पीछे मुड़कर देखते हैं, फटे चिथड़ों में एक भिखारी गठरी बना पड़ा है। वह उस पर दया दिखाते हुए जेब से चवन्नी निकालकर फेंक देते हैं। भिखारी में इतनी ताकत नहीं कि चवन्नी उठा ले। वह कहता है, बाबू जी मुझे थोड़ा सहारा देकर उस दूकान तक पहुंचा दीजिए। वहां भट्टी जल रही है। चतुर्भुज शर्मा में दया आई। उन्होंने उसे उठाने के लिए उसके कपड़ों को छुआ ही था कि वह बोला, बाबू जी मैं भंगी हूँ। शर्मा जी पीछे हट गए। चवन्नी वहीँ पड़ी रही, और वह गठरी बना भिखारी भी। 

 तीसरी ‘अछूत’ कहानी ऑक्सफ़ोर्ड (इंग्लैंड) के कामताप्रसाद सागरीय की रचना है। कहानी में किसी पात्र का नाम नहीं है। कहानी बस इतनी सी है कि प्रयाग में त्रिवेणी संगम पर चन्द्र ग्रहण स्नान होने के कारण काफी भीड़ है। मन्दिर से कुछ दूरी पर एक अछूत खड़ा है, जो मन्दिर में प्रवेश नहीं कर सकता। इसी समय एक युवक और युवती हताश होकर पत्थर पर बैठ जाते हैं। उन्हें देर से आने से किसी धर्मशाला में जगह नहीं मिली है। ठंड का मौसम है। तभी टन-टन की आवाज़ करता हुआ वह अछूत उनके पास आता है। उसके गले में एक घंटी बंधी है, जो टन-टन की आवाज़ करती है। उस आवाज़ को सुनकर ‘अछूत-अछूत’ का शोर मच जाता है, और लोग उसे रास्ता देकर खुद रास्ते से हट जाते हैं। वह अछूत उन युवक-युवती को अपनी झोंपड़ी में ले जाकर उनके रहने की व्यवस्था कर देता है, और स्वयं यह सोचता हुआ कि वह भले अछूत है, पर परमेश्वर की दृष्टि में नहीं, गंगा में कूद जाता है और उसी में समा जाता है।

 चौथी ‘अछूत’ कहानी के रचनाकार रामेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव हैं। यह एक अछूत कन्या रूपा की कहानी है, जो बहुत खूबसूरत है और आसपास के लोग उसे वासना की निगाह से देखते हैं, पर अछूत होने के नाते उससे छूत भी करते हैं। यह कहानी आत्मकथ्य की शैली में लिखी गई है। सिर्फ एक जगह नायक का नाम आया है ज्ञानू, जो एक विद्यार्थी है। रूपा उसके घर साफ़-सफाई का काम करती है। ज्ञानू उसे पसंद करता है। एक दिन घर में लिपाई करते हुए रूपा के हाथ से घड़े और बर्तन छू जाते हैं। इस ग़लती पर ज्ञानू की माँ उसे लकड़ी फेंक कर मारती है, जो उसके पैर में लगती है और खून बहने लगता है। ज्ञानू को उसकी माँ का इस तरह मारना बुरा लगता है, पर वह असहाय है। घड़े फेंक दिए जाते हैं और बर्तनों को आग में तपाकर शुद्ध कर लिया जाता है। यह भी अजीब पाखंड है कि अछूत द्वारा घर में साफ़-सफाई करने से घर शुद्ध रहता है, लेकिन बर्तन अशुद्ध हो जाते हैं। रूपा अपने अछूतपन और अपनी ग़रीबी को पिछले जन्म के कर्म का फल मानती है, जो हिन्दुओं का भी विश्वास है, इसलिए कहानी में भी उसका कोई खंडन नहीं है। लेकिन ज्ञानू रूपा को चाहने लगा है और मन से चाहता है, इसमें कहानी में कोई संदेह नहीं है। रूपा का पिता जब बीमार पड़ता है, तो ज्ञानू न सिर्फ उसकी आर्थिक मदद करता है, बल्कि उसकी बस्ती में जाकर उसका हाल-चाल भी लेता है। वह आसपास के लोगों से भी रूपा के पिता की बीमारी में कुछ मदद करने को कहता है, और उसके कहने पर दो-चार लोग कुछ पैसे ‘फेंकते’ भी देते हैं। यहाँ पैसे फेंकने का प्रयोग कहानीकार ने अछूतों के प्रति घृणा के अर्थ में किया है, जिसे झुठलाया नहीं जा सकता। रूपा का पिता ठीक हो जाता है। उसके कुछ समय बाद शहर में हैजा फ़ैल जाता है। लोग शहर छोड़कर जाने लगते हैं। ज्ञानू की माँ भी बनारस जाने का निश्चय करती है। पर जाने से पहले ही ज्ञानू की माँ को भी क़ै-दस्त शुरू हो जाते हैं। कोई मदद को नहीं है। कोई रिश्तेदार तक सहायता के लिए नहीं आता। अंतत: ज्ञानू ने रूपा की मदद के लिए माँ को तैयार किया। ऐसी स्थिति में माँ भी छुआछूत भूलकर रूपा की मदद लेने के लिए हाँ कह देती है। रूपा आकर माँ की सेवा करती है, उसके क़ै-दस्त साफ़ करती है, और इस तरह वह दवाई और सेवा से ठीक हो जाती है। उसके बाद ज्ञानू को हैजा हो जाता है। रूपा ज्ञानू की भी सेवा करती है। वह भी दवा और सेवा से ठीक हो जाता है। पर हैजे के मरीज़ों के बीच रहकर रूपा कैसे बच पाती? उसे भी हैजा हो जाता है। ज्ञानू डाक्टर को बुलाकर उसे दवा दिलवाता है। पर रूपा को कोई लाभ नहीं होता और उसके नेत्र सदा के लिए बंद हो जाते हैं। ज्ञानू के लिए सारा संसार अंधकारमय हो जाता है। वह रूपा की मृतक देह पर हाथ रखकर जीवन-पर्यन्त अविवाहित रहने और अछूतोद्धार में तन-मन अर्पण करने की शपथ खाता है। 

 इन चार कहानियों में पहली कहानी में तो ब्राह्मण-चेतना ही है, जिसमें अछूत के प्रति रत्ती-भर सहानुभूति नहीं है। दूसरी कहानी में अछूत के प्रति घृणा और तिरस्कार का चित्रण है, जिसमें शर्माजी बूढ़े को चवन्नी फेंककर एक ओर अपने दयालु होने का प्रदर्शन करते हैं, तो दूसरी ओर, जब बूढ़ा अपने को भंगी बताता है, तो शर्माजी तुरंत पीछे भी हट जाते हैं। यह एक जबरदस्ती की लिखी गयी कहानी है, जिसका कथानक ही अस्वाभाविक है। बूढ़े में चलने-फिरने की शक्ति नहीं है। वह शर्मा जी से कहता है कि उसे उठाकर सामने की दुकान तक पहुंचा दो। जब शर्माजी उसको उठाने को हाथ लगाते हैं, तो तुरंत बूढ़े के मुंह से यह कहलवा देना कि वह भंगी है, कहानी को अस्वाभाविक बना देता है। प्रथम तो उस दौर में यह कल्पना भी नहीं की जा सकती कि कोई अछूत किसी राहगीर से अपने को सहारा देकर उठाने के लिए कहेगा, और अगर कोई व्यक्ति बिना जाति पूछे, उसे सहारा दे भी रहा है, तो वह उस वक़्त अपनी जाति बताने की मूर्खता क्यों करेगा? तीसरी कहानी तो किसी भी कोण से विश्वसनीय नहीं है। त्रिवेणी संगम पर किसी अछूत का एक सवर्ण तीर्थ यात्री को रहने के लिए अपनी झोंपड़ी देना, और स्वयं गंगा में डूबकर मर जाना एकदम बकवास की बात है। कोई सवर्ण जाति का व्यक्ति, जिसे भले ही धर्मशाला में जगह न मिली हो, फुटपाथ पर रह लेगा, पर किसी अछूत की झोंपड़ी में कभी नहीं रहेगा। जिस दौर में मदनमोहन मालवीय जैसे सुधारक तक एक अछूत से गले में फूलों की माला पहनने के बाद कपड़ों सहित स्नान करके अपनी शुद्धि करते थे, उस दौर में कोई सवर्ण किसी अछूत के घर में रहेगा, यह सोचना ही अकल्पनीय है। 

 लेकिन चौथी कहानी में ज्ञानू के रूप में जिस सवर्ण पात्र का आदर्श गढ़ा गया है, वह प्रभावित करता है। यह कहानी एक अछूत कन्या रूपा की संवेदना और मानवीयता को तो गहराई से अनुभव कराती है, और ज्ञानू की सहानुभूति को भी, लेकिन उसे बनाकर सेविका ही रखा जाता है, और सवर्णों की सेवा करते हुए ही उसकी मौत भी होती है। इसे अछूत-समस्या की कहानी कैसे कहा जा सकता है? 

[2]

अन्य कुछ कहानियां भी देखते हैं। पांचवीं ‘अछूत’ कहानी के लेखक अल्मोड़ा के तारादत्त उप्रेती हैं। यह एक ज़मींदार परिवार की स्त्री प्रभावती की अछूत के प्रति मानवीय होने की कहानी है। वह मंदिर के सामने ज़मीन पर गिरी बूढ़ी अछूत महिला सुखिया को उठाकर उसका सिर गोद में रखकर घाव धोती है, और अपनी साड़ी का छोर फाड़कर सिर पर पट्टी बांधती है। सुखिया मंदिर में अपने बीमार बच्चे के लिए पूजा करने के लिए गई थी, पर मंदिर में घुसने से पहले ही वह सवर्णों की हिंसा का शिकार हो जाती है। उसका सिर फट जाता है और वह नीचे गिर जाती है। प्रभावती उसके बच्चे का भी इलाज़ कराती है, यहाँ तक कि वह सुखिया और उसके बच्चे को अपने घर में रखकर इलाज़ कराती है। जो वैद्य छूत के डर से सुखिया के घर नहीं जाता था, वह प्रभावती के घर ख़ुशी-ख़ुशी जाकर अछूत बच्चे का इलाज़ करता है। कहानी में अचानक सभी का हृदय-परिवर्तन हो जाता है, ऐसा परिवर्तन कि कथाकार कहता है, ‘उस गाँव में अब छुआछूत का नामोनिशान भी नहीं है, और जिस मंदिर में सुखिया की दुर्गति हुई, वह अब समस्त हिन्दू मात्र के लिए ख़ुला रहता है। इस कहानी में मन्दिर-प्रवेश को अछूत-समस्या बताया गया है।  

 छठी ‘अछूत’ कहानी डाक्टर धनीराम प्रेम की है। यह 1932 की कहानी है, जब डा. आंबेडकर और स्वामी अछूतानन्द के नेतृत्व में दलितों का संघर्ष अपने निर्णायक स्वरूप में था, जिसके केंद्र में प्रमुख रूप से शिक्षा, सरकारी नौकरियां और राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग थी। इसलिए इस कहानी में काफी हद तक दलित-चेतना के स्वर दिखाई भी देते हैं। यह कहानी एक ब्राह्मण गायक श्याम लाल और उसके गायन पर मुग्ध एक चमार बालिका गंगा की है। इसमें सहानुभूति की भले ही एक आदर्शवादी कल्पना है, पर वह प्रभावित करती है। रायसाहब के घर कोई कार्यक्रम है, जिसमें उन्होंने श्यामलाल को बुलाया है। श्यामलाल उस कार्यक्रम में एक गाना गाता है : ‘एक पिता की सब संतान/ कोई बड़ा न छोटा हममें, सब हैं एक समान।’ राय साहब के घर के पास ही कुछ मड़इयां चमारों की हैं। उसी एक मड़ई में गंगा रहती है। वह बाहर खड़े होकर उस आवाज़ को सुनती है, और वह गाना उसे इतना अच्छा लगता है कि वह एक फूल लेकर श्यामलाल को भेंट करने जाती है। श्यामलाल फूल लेकर उससे पूछता है, तुमने बाहर से गाना सुना, अंदर क्यों नहीं आईं? गंगा कहती है कि मैं भीतर कैसे आ सकती थी, ‘मैं तो चमारी हूँ, अछूत हूँ।’ यह सुनते ही श्यामलाल क्रोधित होकर फूल ज़मीन पर फेंक देता है, और कहता है, ‘चमार की बच्ची, पहले ही क्यों न कह दिया?’ गंगा फेंके गए फूल को उठाकर कहती है, ‘मैं जानती थी कि आप भी ऐसे ही होंगे। वह एकता और समानता का राग केवल महफ़िल के लिए ही था? मैं समझती थी कि आप ही संसार में ऐसे हैं, जो ऊंचनीच का भेद नहीं मानते।’ तब श्यामलाल को ज्ञान होता है कि जिसे वह सिर्फ एक गाना समझते थे, उसका अर्थ सिर्फ इस अछूत लड़की ने समझा। वह अपनी ग़लती पर पछताता है और गंगा के साथ संवाद जारी रखता है। गंगा उसके हर प्रश्न का परिपक्व उत्तर देती है। श्यामलाल पूछता है, ‘क्या तुम पढ़ना चाहती हो?’ उसके ‘हाँ’ बोलने पर श्यामलाल उसे अपने घर ले जाता है। वहां गाँव वाले उसका बहिष्कार कर देते हैं। जिस लड़की से उसका बचपन में लग्न हुआ था, उसके पिता भी रिश्ता तोड़ देते हैं। गंगा भी पढ़ना-लिखना सीख गई है। अंतत: श्यामलाल गंगा से ही विवाह कर लेता है। यह वास्तव में उस दौर में एक नए विमर्श की कहानी रही होगी, जिसने दलित शिक्षा और अंतरजातीय विवाह को प्रोत्साहित किया था।

 सातवीं ‘अछूत’ कहानी के रचनाकार इन्द्रनारायण झा ‘इंद्र’ हैं। यह धर्मांतरण के विरोध में लिखी गई कहानी है। कहानी के अनुसार, मक्खन चमार है, पर साफ़-सुथरा रहने के बावजूद हिन्दू उससे छूत करते हैं। वह भगवान और भगवान की इच्छा में परम आस्था रखता है। इसलिए अपने अछूतपन को भी भगवान की इच्छा समझकर आनन्द अनुभव करता है। वह मन्दिर में नहीं घुस सकता, पर मन्दिर के द्वार पर ही धूल में लेटकर मूर्ति को साष्टांग दंडवत कर अपनी भक्ति प्रदर्शित कर देता है। एक दिन मंदिर में प्रसाद मांगने पर पुजारी उसका अपमान करता है। मक्खन के गाँव का ज़मींदार बाबू हरिकृष्ण कृष्ण-जन्माष्टमी के दिन मन्दिर में वेश्या का नृत्य कराता है, जिसे देखकर वह विचलित हो जाता है। उसे एहसास होता है कि वह वेश्या से भी नीच समझा जाता है। गाँव में ईसाई मिशनरी मक्खन को समझाते हैं कि देखो, इस हिन्दू समाज में तुम्हें अपमान के सिवा कुछ नहीं मिलेगा। तुम ईशू की शरण में आ जाओ, वहां सबको समान स्थान मिलता है। पहले तो वह मना करता है, पर बाद में ईसाई बनने के लिए तैयार हो जाता है। जब यह खबर गाँव में फैलती है कि मक्खन ईसाई बनेगा, तो हिन्दू महासभा के अध्यक्ष केशव देव को काठ मार जाता हैं। वह मक्खन के घर जाकर उसे समझाते हैं, भगवान ने धर्म-परिवर्तन का विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि अपने धर्म में मरना भी अच्छा, पर दूसरा धर्म भयावह है। और भगवान में विश्वास करने वाला मक्खन ईसाई बनने का इरादा बदल देता है। उसे एक स्कूल में चपरासी बना दिया जाता है। एक दिन पुजारी का बेटा स्कूल से आते समय धूप में गर्मी से बेहोश होकर ज़मीन पर गिर जाता है। सारे छात्र उसे यूं ही छोड़कर आगे बढ़ जाते हैं, पर मक्खन उसे उठाकर छाँव में लिटाकर उस पर पानी की छींटें मारता है और उसे होश आ जाता है। पुजारी को जब पता चलता है कि मक्खन ने उसके बेटे की जान बचाई है, तो उसका हृदय-परिवर्तन हो जाता है, और वह मक्खन को गले लगा लेता है। यह अछूत की हिन्दू पहचान बनाने की कहानी है। 

 आठवीं ‘अछूत’ कहानी कुमारी जगदम्बा माथुर की रचना है। यह मेहतर का काम करने वाले परिवार की कहानी है। मार्मिक स्थिति है कि अस्पताल में एक अछूत को दवाई लेने के लिए भीड़ ख़त्म होने का इंतज़ार करना पड़ता है। डाक्टर मरीज़ को छूते नहीं थे, दूर से हाल पूछकर दवाई लिख कर परचा नीचे फेंक देते थे। दवाई के काउंटर पर दवाई लेने के लिए भी अछूत को दूर से कम्पोडर पर्चा दिखाना पड़ता था। कहानी में सुखिया का बच्चा बीमार है। वह दवाई लेने अस्पताल जाती है। उसे कोई भीड़ में घुसने नहीं देता है। दो घंटे इंतजार करने के बाद जब भीड़ खत्म होती है, तब वह डाक्टर को हाल बताती है। वह दवाई लिखता है, और किसी तरह वह दवाई लेकर घर जाकर बच्चे को दवाई देती है। तब तक बहुत देर हो जाती है, बच्चे की हालत और बिगड़ जाती है। अस्पताल की दवाई कोई असर नहीं करती। सुखिया की बहन, जो पास में ही रहती थी, बच्चे को ‘अछूत औषधालय’ में दिखाने की सलाह देती है। वह अस्पताल शायद ईसाई मिशन का है। सुखिया का पति अछूत औषधालय से जब डाक्टर को बुलाकर लाता है, तब तक बच्चे की साँसें थम चुकी होती हैं। यह कहानी उस हिन्दू परिवेश को रेखांकित करती है कि जिसमें दलित जातियों रहना पड़ता था।

 नौवीं ‘अछूत’ कहानी के लेखक कालीचरण चटर्जी हैं। इस कहानी में कलार जाति की एक लड़की है कोकिला, परित्यक्ता और उपेक्षिता। एक ठाकुर कप्तान सिंह हैं, जिनकी पत्नी एक बच्चे को जन्म देने के बाद चल बसी हैं। कोकिला उसे पालने के लिए कप्तान सिंह से आग्रह करती है। स्वीकृति मिलने पर वह बच्चे को गोद में उठाकर घर ले जाती है। यह बात जब गाँव वालों को पता चलती है, तो वे उसका बहिष्कार कर देते हैं, और उसे प्रायश्चित करने को कहते हैं। वह प्रायश्चित करने को मना कर देता है। कोकिला, यह सोचकर कि उसी के कारण कप्तान सिंह का हुक्का-पानी बंद हुआ है, उस बच्चे को वापस दे देती है। इस विषय पर दोनों के बीच कुछ कहा-सुनी भी होती है। कप्तान सिंह भी अब बाक़ायदे प्रायश्चित कर लेता है। बच्चा अब बड़ा हो जाता है, स्कूल जाने लगता है। कोकिला उससे अब भी प्यार करती है और रोज़ उसे आते-जाते देखती है। फिर एक नाटकीय तरीक़े से बच्चा भी रोज़ कोकिला के घर जाने लगता है, और उसे अम्मा कहने लगता है। जब कप्तान सिंह को मालूम होता है, तो वह एक दिन कोकिला के घर से ज़बरदस्ती बच्चे को डांटते हुए ले आता है। बच्चे की ममता में कोकिला बीमार पड़ जाती है। अंत में कप्तान सिंह भी बच्चे को लेकर कोकिला की देखने जाता है। कोकिला बच्चे की आवाज़ सुनकर उठकर देखती है, और उसी समय मर जाती है। यह कहानी एक परित्यक्ता और उपेक्षिता स्त्री की ममता को रेखांकित करती है, लेकिन पूरी कहानी में उसे अछूत नहीं लिखा गया है।

 दसवीं ‘अछूत’ कहानी मंगलदेव शर्मा की है। इसमें रमुआ चमार गाँव के लाला सुखराम के घर नौकर है। उससे पहले उसका बाप झबुआ नौकर था। झबुआ मरा तो उसकी जगह उसके बेटे रमुआ ने ले ली। दलितों के नाम लगभग सभी कथाकारों ने बिगाड़कर ही लिखे हैं, यहाँ तक कि प्रेमचन्द ने भी। गाँव में ठाकुर मनोहर सिंह हैं, जो अंग्रेज़ साहबानों की बहुत ख़िदमत करते हैं। पर इस बात का भी ख़याल रखते हैं कि गाँव में कोई भी, ख़ासकर नीची जातियों के लोग शास्त्र-विरुद्ध आचरण न करें। एक दिन रमुआ अपने घर सत्यनारायण की कथा करवाता है। ठाकुर उसके विरुद्ध पंचायत बिठा देता है, जिसमें रमुआ को दंड देने का निर्णय लिया जाता है। लाला भी रमुआ को नौकरी से निकालने को राज़ी हो जाता है। लेकिन सारे चमार रमुआ के पक्ष में खड़े हो जाते हैं। रमुआ भी दुखी होकर गाँव छोड़ने का फ़ैसला करता है। पर उसी रात गाँव में लाला के घर डकैत घुस जाते हैं। गोलियों की आवाज़ सुनकर रमुआ डकैतों से भिड़ने चला जाता है और वही डाकुओं की गोली लगने से ढेर हो जाता है। यह कहानी भी चमार की हिन्दू पहचान और उच्च जातियों के रक्षक के रूप में कायम करती है।

 ‘अछूत’ शीर्षक से लिखी गई अंतिम और ग्यारहवीं कहानी के रचयिता गोवर्धनदास गुप्त हैं। यह अछूत की गरिमा को नहीं, बल्कि ब्राह्मण की गरिमा और उच्चता को प्रतिष्ठित करती है। इसमें दारोगा मि. जौन हैं, जो चमार से धर्मान्तरित ईसाई है। एक किशोरी रमन शर्मा हैं, जिसके बेटे रामनिरंजन को दारोगा ने आवारागर्दी में गिरफ्तार किया है। किशोरी रमन शर्मा अपने बेटे को छुड़ाने के लिए थाने में फ़रियाद लेकर जाता है। जौन उसे पहचान लेता है कि यह वही शर्मा है, जिसने उसकी ज़मीन हथियाने के लिए उसकी झोंपड़ी में आग लगवाई थी, जिसमें वह झुलस गया था, और माँ ने बड़े मुश्किलों से गुज़रकर एक ईसाई के घर में शरण लेकर उसकी मदद से उसका इलाज कराया था। फिर माँ ने भी ईसाई धर्म अपना लिया था। पिता पहले ही चल बसे थे। माँ ने उसे पढ़ाया और वह दारोगा बन गया। वही किशोरी रमन शर्मा अब जौन के पाँव पकड़ कर अपने बेटे को छोड़ देने की विनती करता है। पहले तो जौन इंकार करके उसे वापस लौटा देता है। किन्तु बाद में वह यह सोचकर कि ईसाई बदला नहीं लेते, रामनिरंजन को यह कहकर छोड़ देता है, ‘जाओ, तुम ब्राह्मण हो, तुम्हें अपने ब्राह्मणत्व की रक्षा करनी चाहिए।’ 

  ‘अछूत’ शीर्षक से लिखी गईं उपर्युक्त सभी कहानियां दलित जातियों की हिन्दू पहचान रेखांकित करती हैं, लेकिन हिन्दू के रूप में उनके अधिकारों को स्वीकार नहीं करती हैं। 

[3]

यद्यपि, अन्य कहानियां भी अस्पृश्यता और मन्दिर-प्रवेश, इन्हीं दो विषयों पर केन्द्रित हैं, पर कुछ कहानियों में बेगार जैसे मुद्दे भी उठाए गए हैं, जो एक प्रमुख अछूत-समस्या थी। इन कहानियों में प्रतापनारायण श्रीवास्तव की ‘प्रतिशोध’ , देवीप्रसाद शर्मा की ‘अछूतोद्धार’ , चंद्रशेखर शास्त्री की ‘चमार की बिटिया’ , उमा नेहरू की ‘धर्म-अधर्म’ और प्रेमचन्द की ‘मन्दिर’ उल्लेखनीय हैं। ‘प्रतिशोध’ में दीना डोम के बच्चे को चेचक निकली है, वह पुजारी से सीतला देवी का नीर मांगने जाता है। पुजारी डांटकर भगा देता है कि नीर डोमों के घर नहीं जाता है। इसके बाद दीना की स्त्री धनिया चुपचाप मन्दिर में जाकर कुंड में से एक कटोरी नीर लेकर वापस जाने लगती है। पुजारी उसे देख लेता है। वह शोर मचाता है कि डोम ने मन्दिर अपवित्र कर दिया। तुरंत धर्म के रक्षक इकट्ठे हो जाते हैं, और वे लात-घूंसों से मार-मार कर धनिया को अधमरा कर देते हैं। उधर धनिया का बेटा इलाज के अभाव में मर जाता है। बाद में मन्दिर को शुद्ध करने के लिए हवन किया जाता है, उसी दौरान दीना नाटकीय ढंग से मन्दिर गिरा देता है। इसमें दीना का एक असम्भव प्रतिशोध दिखाया गया है। जो अछूत गाँव में पुजारी से लड़ने का साहस नहीं कर सकता था, वह मन्दिर गिराने का साहस करेगा, ऐसा सोचना भी हास्यास्पद लगता है।

 ‘अछूतोद्धार’ रामनाथ मिश्र के दोहरे चरित्र की कहानी है, जो बाहर अछूतों के उद्धार का स्वांग करता है और घर में जब उसे यह पता चलता है कि उसकी पत्नी सरला किसी म्लेच्छ की कन्या है, तो उसे त्यागने को तैयार हो जाता है। 

 ‘चमार की बिटिया’ कहानी का मुख्य विषय धर्मपरिवर्तन है। इसमें नगर के चमार पंचायत करके हिन्दुओं को अल्टीमेटम देते हैं, कि हमें कुओं से पानी भरने, उन स्थानों पर जाने, जहाँ तक मुसलमान और ईसाई जाते हैं, प्याऊ पर लोटे से पानी पिलाने, और मन्दिरों में दर्शन करने के अधिकार दिए जाएँ, वरना एक महीने के बाद हम मुसलमान बन जायेंगे। इस अल्टीमेटम से खलबली मच जाती है। तुरंत ही हिन्दू महासभा और आर्य समाज के नेताओं के प्रयास से नगरवासी हिन्दुओं द्वारा चमारों का यथोचित सम्मान किया जाता है, कई महाशय अपने लोटों से उन्हें जल पिलाते हैं, और उन्हें साथ ले जाकर देव-मन्दिरों के दर्शन कराते हैं। इस कहानी पर 1930 के दशक में उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में घटित धर्मांतरण की घटनाओं का प्रभाव है। वास्तव में 1925 में बरेली में चमारों ने नगर में ऐसे ही पोस्टर लगाए थे, जिनमें लिखा गया था, “सभी जातीय भेदभाव समाप्त किए जाएँ, वरना सभी चमार एक माह बाद इस्लाम धर्म स्वीकार कर लेंगे।” इसी तरह के अल्टीमेटम चमारों ने आगरा, खीरी, इलाहाबाद और बनारस जनपदों में भी दिए थे। गोरखपुर की पडरोना तहसील में 750 चमार ईसाई हो गए थे। उसी तरह मेरठ, बुलन्दशहर, इटावा और मुरादाबाद में भी चमारों ने धर्म-परिवर्तन किया था। ‘प्रताप’ की ख़बर के अनुसार, 1925 में ही बदाऊं जनपद में जमींदार के अत्याचारों से पीड़ित पांच हज़ार चमारों ने इस्लाम धर्म अपना लिया था।  

 1920 के दशक में चमारों ने हिन्दू समाज की दो असमानताओं के विरुद्ध आन्दोलन शुरू किया था, उनमें एक था मन्दिर प्रवेश और दूसरा था सार्वजनिक कुओं से पानी लेने का अधिकार। आर्यसमाज ने न केवल इस आन्दोलन का समर्थन किया था, बल्कि दोनों असमानताओं को समाप्त करने के लिए शुद्धि आन्दोलन चलाया था। हिंदी साहित्य में उसी के बाद से अछूतों के लिए मन्दिर और सार्वजानिक कुओं पर अस्पृश्यता के विरुद्ध कहानियां लिखी गईं। बाद में हिन्दू महासभा भी इसके पक्ष में आ गई थी। प्रेमचन्द ने इन दोनों विषयों पर कहानियां लिखीं, एक मन्दिर, जो जहाँ आलोच्य है, और दूसरी ‘ठाकुर का कुआँ’। ‘मन्दिर’ कहानी में सुखिया का बच्चा बीमार है और वह मन्दिर में मनौती मांगने और पूजा करने मन्दिर जाती है, पर पुजारी उसे मन्दिर में नहीं घुसने देता है, और भगा देता है। बच्चे का ज्वर बढ़ता जाता है। वह रात के अँधेरे में तीन बजे बच्चे को कम्मल में ढांप कर मंदिर में जाने का प्रयास करती है, पर उससे पहले ही पुजारी की आँख खुल जाती है। पुजारी लोगों को भड़का देता है कि सुखिया ने मन्दिर के ठाकुर जी को भ्रष्ट कर दिया है। कई आदमी झल्लाए हुए आते हैं और सुखिया पर लात-घूंसे बरसाना शुरू कर देते हैं। बच्चा उसकी गोद से नीचे गिर जाता है, और उसके प्राण निकल जाते हैं। 

 ये हिन्दुओं के कठोर हृदय और उनकी निष्ठुरता की कहानियां मानी जा सकती हैं, किन्तु वास्तव में ये उनके धार्मिक आचरण की कहानियां हैं; जैसाकि डा. आंबेडकर ने कहा है, जाति हिन्दुओं को अमानवीयता की हद तक इसलिए नहीं ले जाती कि वे स्वयं अमानवीय प्रवृत्ति के हैं, बल्कि इसलिए ले जाती है, क्योंकि वे अपने धर्म में गहराई से विश्वास करते हैं, और अपने शास्त्रों की शिक्षा के ख़िलाफ़ नहीं जाना चाहते।  

 इस संकलन में विशम्भरनाथ शर्मा ‘कौशिक’ की ‘संपत पासी’ , कुलदीप सहाय की ‘बुद्धू’ , श्रीनाथ सिंह की ‘पिता-पुत्र’ , कुमारी सत्यवती झंवर की ‘हिन्दू जाति की धर्मान्धता’ , ऋषभ चरण की ‘बदला’ और श्यामापति पाण्डेय की ‘हसीना’ ऐसी कहानियां हैं, जो उस दौर की सबसे ज्वलंत अछूत-समस्या को इतने सतही तरीक़े से उठाती हैं, जैसे ऐसी कोई समस्या थी ही नहीं और हिन्दू समाज तो अछूतों के प्रति बहुत उदार था। संपत पासी सिंहपुर के ज़मींदार का चौकीदार है, और उसे ज़मींदार की ओर से बारह बीघे भूमि माफ़ी मिली हुई है। वह इतना वफ़ादार नौकर है कि नौकरी से हटाए जाने के बाद भी, और दूसरे ज़मींदार द्वारा कई प्रलोभन दिए जाने के बाद भी वह वफ़ादारी नहीं छोड़ता है, जिससे खुश होकर वह उसे फिर नौकरी पर रख लेता है, और चार बीघे ज़मीन उसे और दे देता है। 

‘बुद्धू’ चमार भी एक बैरिस्टर के बाग़ में नौकर है। उसे बाग़वानी का कोई ज्ञान नहीं है। बस यह जानता है कि पेड़ों को पानी देना ज़रूरी है। इसलिए वह हर समय पेड़ों को पानी देने में लगा रहता है। परिणामत: अधिक पानी देने से पेड़ मुरझा जाते हैं, और बाग़ सूख जाता है। इसके बाद भी बैरिस्टर उससे नाराज़ नहीं होते हैं, और उसकी पगार में दो रूपये और बढ़ा देते हैं। 

‘पिता-पुत्र’ में कृपाशंकर अछूतों से सामाजिक व्यवहार के विरुद्ध हैं, जबकि उनका पुत्र राधाचरण विपरीत स्वभाव का है। उसके घर एक वैवाहिक कार्यक्रम होता है, जिसमें डफली बजाने वाला एक मेहतर भी बांसुरी के साथ गाना गाता है, जो राधाचरण को बहुत प्रभावित करता है, और वह उस मेहतर को न केवल अपने गले लगा लेता है, बल्कि उसे खींचकर अपनी खाट पर बैठा लेता है। कृपाशंकर को यह बर्दाश्त नहीं होता है, और डंडा लेकर उस मेहतर पर पिल पड़ते हैं। दो-चार डंडे वह राधाचरण को भी लगाते हैं, और मेहतर के साथ-साथ उसे भी घर से भगा देते हैं। पर राधाचरण मेहतर का साथ नहीं छोड़ता है।

‘हिन्दू समाज की धर्मान्धता’ की कहानी यह है कि मनोहरलाल की धर्मपत्नी और पुत्र अपनी फिटन में जा रहे हैं कि अचानक उन पर डाकुओं का हमला हो जाता है। फिटन एक पेड़ से टकराकर पलट जाती है। वहीँ पास में एक वृद्ध चमार का झोंपड़ा है। वह अपने पुत्र गोपाल की सहायता से उन दोनों को उठाकर अपने झोंपड़े में ले जाता है, और उनकी सेवा करता है। पता लगने पर मनोहर लाल आकर अपनी पत्नी और बेटे को ले जाते हैं। वह उस बूढ़े को कुछ पैसे देना चाहते हैं। पर वह मना कर देता है। उसके सालभर बाद उसका पुत्र गोपाल अपने पिता की बीमारी में कुछ मदद मांगने मनोहरलाल के घर जाता है। वह उनकी बैठक में चला जाता है, जो मनोहरलाल को अपमानजनक लगता है। एक चमार बैठक में कैसे घुस सकता है? इसी बात पर वह गोपाल को ख़ूब गालियाँ देते हैं। मनोहरलाल की इस हृदय-हीनता पर उनके पुत्र विजन को क्रोध आ जाता है, और वह गोपाल को लेकर घर से निकल जाता है। बाद में दोनों ईसाई हो जाते हैं। कुछ समय बाद विजन घर लौट आता है, और उसकी शुद्धि हो जाती है। पर गोपाल ईसाई बना रहता है। पता ही नहीं चलता कि यह कहानी कहना क्या चाहती है? 

इसी तरह ‘बदला’ कहानी है, जिसमें दीना मोची के बेटे को रहीम जुलाहे का बेटा रहमत सिर्फ इसलिए मार देता है कि वह उसको सलाम नहीं करता है। दीना उसका बदला लेना चाहता है, पर यह सोचकर कि रहमत उसके बचपन के दोस्त रहीम का बेटा है, वह उसे माफ़ कर देता है। 

‘हसीना’ कहानी में तो और भी ग़ज़ब है, एक दम कबीर साहब के जीवन से उतारी गई। काशी में एक मेहतरानी को सुबह सड़क बुहारते हुए कूड़े में एक बच्ची मिलती है। वह उसे घर ले जाती है, उसे पालती है, और नाम रखती है हसीना। ज़ाहिर है कि वह किसी स्त्री की अवैध संतान है, जिसे वह लोकलाज के भय से कूड़े में डाल गई थी। वह जब जवान होती है, तो एक सवर्ण युवक उसकी ओर आकर्षित होता है। दोनों शादी कर लेते हैं। युवक डिप्टी कलेक्टर बन जाता है। एक दिन वे कुम्भ नहाने प्रयाग जाते हैं। वहाँ उन्हें एक भिखारिणी मिलती है। वह हसीना को गौर से देखती है, और पहचान लेती है। भिखारिणी कहती है, ‘मैं भी काशी की रहने वाली हूँ, ब्राह्मण-वंश की बेटी हूँ, आज अपने कर्म का फल भोग रही हूँ, यह मेरी ही बेटी है, मेरे ही पाप से इसका यह हसीना नाम पड़ा।’ हसीना ब्राह्मण है, यह जानकार हसीना और उसका पति, दोनों खुश हो जाते हैं। ब्राह्मण जन्म से होता है, यह कहानी यही बताना चाहती है।

कायापलट , तेजो की झोपडी , अछूत की बेटी , दासू भगत , मंगरू का भार , रामू भंगी , महंतजी , मन्दिर-प्रवेश , बाँसरी , चमारिन ललिता , धर्म-परिवर्तन , हाय पानी , कुएं पर आदि लगभग सभी कहानियां अछूतों को कुएं से पानी भरने और मन्दिर में देव-दर्शन कराने की बात करती हैं। इन कहानियों के रचनाकारों ने इन कहानियों में धर्म-परिवर्तन के विरुद्ध ऐसे-ऐसे पात्रों की रचना की है, जो सौ-सौ जूते खाकर, और सारे अपमान सहकर भी हिन्दूधर्म में ही रहना पसंद करते हैं। यही नहीं, कई कहानियां ईसाइयों और मुसलमानों के विरुद्ध अछूतों की नफ़रत भी दिखाती हैं। जैसे, ‘हाय पानी’ का यह संवाद : 

‘माँ : भाई, मेरा बच्चा प्यास से व्याकुल है, थोडा पानी पिलवा दो।

बटोही : अरे कौन जात है तू?

माँ : हिन्दू चमार हूँ, महाराज।

बटोही : तो ले जा इसे। तेरे पानी के लिए अपना धर्म-कर्म डुबा दें? 

(इतने में एक मुसलमान आता है और कुएं पर चढ़कर पानी खेंचता है।)

मुसलमान पानी का गिलास लेकर चमारिन को कहता है—बहन, मैं मुसलमान हूँ। अगर मेरे हाथ का पानी पिलाने में कोई उज्र न हो, तो इस बच्चे को पिला दो।

माँ : तेरा भला हो भाई। पर क्या करूं, मैं अपना धर्म नहीं तोड़ सकती। मैं हिन्दू हूँ, धर्म के तागे को नहीं तोड़ सकती।’

 इसी तरह ‘कुए पर’ कहानी में सुचित चमार का यह कथन ‘मुझे तो जिस धर्म में मेरे बाप दादा पैदा हुए, वही प्यारा है। हम हिन्दू हैं और रहेंगे।’

इन कहानियों में अछूत पात्रों का मुस्लिम-विरोध अकारण नहीं है। प्रत्युत, यह अछूतों में आर्यसमाज और हिन्दू महासभा के शुद्धि-आन्दोलन का एक अनिवार्य हिस्सा था। इतिहासकार रामनारायण रावत के अनुसार, ‘चमारों में उनकी हिन्दू पहचान कायम करना ही आर्य समाज और हिन्दू महासभा का मुख्य उद्देश्य था। बिजनौर जिले के नजीबाबाद कस्बे में चमारों को शुद्धि के दौरान बताया गया था कि वे मुसलमानों से संपर्क नहीं करेंगे और मुस्लिम दुकानों से कुछ भी नहीं खरीदेंगे। जौनपुर जिले के बल्लाशपुर तहसील में चमारों से गऊओं की रक्षा करने और बदलापुर गाँव में उन्हें शाकाहारी बनने के लिए कहा गया था। हमीरपुर जिले में हिन्दू महासभा ने चमारों के गाँवों (चमरोटी या चमार टोला) में मुहर्रम के धार्मिक इस्लामी माह के दौरान, मुसलमानों के साथ कोई सहयोग न करने का अभियान चलाया था। इसी आन्दोलन का प्रभाव हमें प्रेमचन्द के उपन्यास ‘कर्मभूमि’ में दिखाई देता है, जिसमें रैदासी गाँव के चमार गोमांस और सुरापान छोड़ने के लिए तैयार हो जाते हैं। इस प्रकार आर्य समाज और हिन्दू महासभा का शुद्धि आन्दोलन अछूत जातियों को हिन्दू बनाने के साथ-साथ उनमें मुस्लिम-विरोधी भावनाएं भी पैदा कर रहा था। यही कारण है कि इन कहानियों में अछूत पात्र मुसलमानों के ख़िलाफ़ बोलते हैं। इसी मुस्लिम विरोधी नीति के तहत आरएसएस दलित वर्गों में हिंदुत्व का प्रचार कर रहा है।

इसी प्रचार की एक कहानी मदनमोहन लाल की ‘अछूत की आत्मकथा’ है। हालाँकि यह किसी अछूत की लिखी आत्मकथा नहीं है, बल्कि इसमें एक ऐसे अछूत युवक को कल्पना से गढ़ा गया है, जिसे पढ़ा-लिखाकर योग्य व्यक्ति बनाने का काम तो ईसाई मिशन करता है, और लेखक उसके मुख से प्रशंसा हिन्दू धर्म की करवाता है। यह रामू चमार की कहानी है, जो प्रिन्स्पिल को स्वयं बयाँ करता है। वह बताता है, पांच-छह वर्ष की अवस्था में उसके पिता का देहांत हो गया था। चाचा दुष्ट था, माँ को मारता-पीटता था। एक दिन वह मुझे लेकर घर से निकल गई। माँ को कहीं काम नहीं मिला, हम भूखे ही सो गए। भूख से व्याकुल होकर वह बाज़ार में एक जूता चुराकर भागता है, पर पकड़ा जाता है। जूते का मालिक उसे पुलिस में दे देता है। मामला मजिस्ट्रेट के सामने पेश हुआ। मजिस्ट्रेट ने पूछा—

क्या तुमने जूता चुराया? 

हाँ! 

क्यों चुराया?’

मेरी माता और मैं भूखा था।

माता कहाँ है? 

बाहर से रोटी विलपती माता दौड़ी आई। हाथ जोड़कर बोली, सरकार, बच्चे का अपराध नहीं, मेरा अपराध है, मुझे दंड दीजिए। साहब ने फ़ैसला सुनाया, ‘जा तेरा बच्चा आगरे में पढ़ेगा, ख़र्च सरकार देगी।’

मिशन स्कूल में उसका दाख़िला करा दिया गया। एंट्रेंस पास किया, फिर कालेज में भर्ती हुआ, और वहां से बी.ए. करके निकला। आगे उसी के शब्दों में, ‘हाईस्कूल के हेडमास्टर से छह महीने का अवकाश ईसाई-धर्म पर विचार करने के लिए मैं नौकर हो गया। 75 रूपये मासिक मिलने लगा। मुझे यह चिंता चढ़ी थी कि छह मास पश्चात् या तो ईसाई-धर्म स्वीकार करना होगा अथवा नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा। मैंने ईसाई-धर्म के ग्रंथों का अध्ययन किया और साथ ही साथ गीता, उपनिषद और दर्शनों के अंग्रेज़ी अनुवाद भी देखे। चाहे संस्कार कहिए, चाहे कुछ और समझिए, मेरा मन हिन्दू धर्म पर ही दृढ़ रहा।’

यह कहानी इसी प्रयोजन से लिखी गई कि अछूत जातियां अपने ऊपर हिन्दुओं के तमाम अत्याचारों और अपमान-तिरस्कार के बावजूद हिन्दू-धर्म पर दृढ़ रहे, ईसाई या इस्लाम धर्म स्वीकार न करें। एक तरफ हिन्दू समाज था, जो अछूतों को न इज्ज़त दे सकता था, न रोज़गार और न शिक्षा, और दूसरी तरफ ईसाई मिशन था, जो अछूतों को शिक्षित बनाकर उनका अछूतपन दूर कर रहा था, उन्हें रोज़गार दे रहा था, मनुष्य बना रहा था, और फिर भी उन पर यह दबाव नहीं था कि वे ईसाई बनें।

वास्तव में राष्ट्रवादयुगीन हिंदी साहित्य में अछूतों को केंद्र में रखकर लिखी गईं ये कहानियां अछूत-समस्या की कहानियां नहीं हैं। इनमें न तो अछूतों के लिए शिक्षा पर ज़ोर दिया गया है, और न उनके राजनीतिक अधिकारों को स्वीकार किया गया है। ये असल में उस दौर में कांग्रेस के विरुद्ध चल रहे अछूतों के आन्दोलन से उत्पन्न चिंताओं की कहानियां हैं। चमारों के आन्दोलन अंग्रेज़ सरकार के प्रति वफ़ादार थे। वे अपनी मुक्ति की आशा अंग्रेज़ों से करते थे, हिन्दुओं से नहीं। उन्होंने कांग्रेस के असहयोग आन्दोलन से अपनी दूरी बनाकर रखी थी। 1920-22 में मेरठ में चमारों की सभा ने कांग्रेस के विरुद्ध प्रस्ताव पारित किया था। बिजनौर की अछूत सभा में, जिसमें सात हज़ार चमारों ने भाग लिया था, कांग्रेस के स्वराज की मांग का विरोध किया था। बदाऊं, बुलन्दशहर, देहरादून और कुमाऊं में भी अछूतों की सभाओं ने कांग्रेस के स्वराज के विरुद्ध प्रस्ताव पास किया था। कांग्रेस के प्रति चमारों की खुली शत्रुता को देखकर उत्तर प्रदेश की कांग्रेस कमेटी ने अपनी ज़िला इकाइयों को चमारों के साथ समतावादी सम्बन्ध बनाने के निर्देश जारी किए थे। इसी तरह, दिसंबर 1927 में उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में दो दिवसीय एक विशाल अछूत सम्मेलन स्वामी अछूतानन्द के नेतृत्व में हुआ था, जिसमें 25 हज़ार अछूतों ने भाग लिया था, और पंजाब, बिहार, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पूना, हैदराबाद और बंगाल से 350 प्रतिनिधि शामिल हुए थे। एक दिन पूर्व इलाहाबाद में बग्गी-तांगों और गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाला गया था, जिसमें कांग्रेस के विरोध और अंग्रेज़ सरकार के समर्थन में नारे लगाए गए थे। सम्मेलन में अछूतों के लिए तीन विचारों का प्रतिपादन किया गया था। एक, अछूत भारत के मूल निवासी हैं, जिन्हें हिन्दू ग्रंथों में दैत्य, असुर, राक्षस, दास-दस्यु बताया गया है; दो, अछूत हिन्दू नहीं हैं, और अगर हिन्दू समाज अछूतों को हिन्दू समझता है, तो वे अछूतों को समान अधिकार दें; और तीन, अछूतों को पृथक निर्वाचन क्षेत्रों के द्वारा विधायी संस्थानों में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जाए। इस सम्मेलन में दस प्रस्ताव पास किए गए थे, जिनमें अंग्रेज़ सरकार के प्रति निष्ठा और साइमन कमीशन के प्रति विश्वास व्यक्त किया गया था, एवं अछूतों के लिए सरकारी नौकरियों में स्थान, अछूत बच्चों के लिए शिक्षा और पर्याप्त संख्या में छात्रवृत्ति की मांग की गई थी।  

ये कहानियां इसी आन्दोलन की उपज थीं, जो अछूतों के संघर्ष और विचारों के खंडन में लिखी गई थीं।

(13/7/2024)

■

यह किताब यहाँ से मँगा सकते हैं :

https://amzn.in/d/7xoJDu2