Saturday, November 14, 2026

बारात : अमित कुमार राय


(असदुलह तस बनी बारात कौतुक बिबिध होहिं मग जाता - रामचरितमानस)

बारात के लेटलतीफ होने की आशंका लिए रामबुझारत अपने दरवाजे पर पैंतरा बदलते हुए बेचैन मनःस्थिति के साथ टहल रहे थे। वह नील-टीनोपाल से सराबोर झक्क सफेद धोती और कलफ़दार कुर्ता-सदरी पहने दोपहर से ही तैयार हो बैठे थे।

दूल्हा जीतेन्द्र भी आज पूरे नवाबी रौ में था। आज सुबह से ही वह शहरूखवा की फिलिम का गाना गुनगुना रहा था - 'कोई न कोई चाहिए, प्यार करने वाला... हमपे मरने बाला...।'

"शादी बियाह कऽ खुशी जीवन में एक्के बार आती है.. आज तऽ गर्दा मचा देवे के बा।" बबलू को 'टंच माल' की व्यवस्था करने की ताकीद करते हुए जीतेन्द्र फुसफुसाया - "माल भरपूर रख लेना यार। आज तो पूरी रात जागरण होगा।"

"चिंता न करा भैया! पांच छह पुड़िया माल का जुगाड़ हो गया है। और नयनपुर बाजार के अंग्रेजी ठेका पर दो शीशी अंग्रेजी भी ले लूंगा।" उसे जिगरी दोस्त बबलू ने आश्वस्त किया।

शीघ्र ही वह 'हल्दी' की रस्म के बाद बंबई से लाए 'गमकउआ साबुन' से नहा कर और इत्र छिड़क कर सुटेड-बूटेड हो चुका था।

बारात जाने वाले गाँव के नवयुवक दरवाजे पर धीरे-धीरे इकट्ठा हो रहे थे। शिवचरण नाई बारात जाने वालों की दाढ़ी-बाल बनाने में हलकान था।

"ए शिवचरण। हमारी दाढ़ी भी बना दो।" लकदक सफेद पैंट-शर्ट पहने राहुल ने अपनी दाढ़ी पर हाथ रखे शिवचरण को पुकारा।

"बस टिंकू बाबू के बाद आपे कऽ बनाइब।"

"कवन ब्रांड कऽ शेविंग क्रीम हौ?"

"बाऊ बहुत बढ़िया कंपनी के हौ।"

तभी शिवेन्द्र ने पूछा 'हमरो दढ़िया बन जाई का ए शिवचरण।" 'नाई देखकर हजामत बढ़ने' वालों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही थी। तभी राजेश ने आवाज दी - "ए शिवचरण! चला परछावन कऽ टाइम हो गयल हौ।" जिस पर चिढ़ते हुए शिवचरण ने कहा - "ए बाउ! एक्के गो नाऊ, पादै कि परछे!"

तीन कमांडर जीप, एक कार के साथ बाबूसाहेब का घिसा-पिटा टायरयुक्त ट्राली-ट्रैक्टर रामबुझारत के दरवाजे पर दोपहर से ही आकर खड़े हो गए थे।

ट्रैक्टर ड्राइवर सुरेश गुलाबी कुर्ता और सिर पर पगड़ी बांधे अभी से सुरुर में था। उसने एक ठर्रे का अद्धा पहले से ही खींच रखी थी। रामबुझारत की झुंझलाहट तेज आवाज में निकली -"अरे भाई! साज-बाज तैयार करने में बहुत लेट होत हऽ। बरात करीब पचास किलोमीटर दूर मेहनाजपुर के पास जाई।"

"ऐ सुरेश! तू बाजा और डीजे वालों को ट्राली पर बैठा के जल्दी निकला!"

"ठीक ह चाचा !"

"तेल पानी भरा लेहले बाटा न?" रामबुझारत ने पूछा।

"हं चाचा, मालिक टंकी फुल करा दिहलें बाटें।"

"आ! सुना! बड़का लईका कऽ बियाह करत हवा, रस्ता के खर्चा खुराकी भी चाहीं!" कहकर सुरेश खिस्स से हँसने लगा। रामबुझारत ने मुस्कुराते हुए जेब से सौ-सौ की दो नोट निकाल कर सुरेश के हवाले किया।

डीजे वाले अपना साजो-सामान लेकर ट्राली पर चढ़ लिए लेकिन बैंड वाले 'परछावन' के बाद ट्राली पर सवारी की तैयारी में थे।

"चार बज गया और अब तक तुम सबका साज-बाज बने नहीं पा रहा है।" रामबुझारत चिल्लाए।

"इधर चार बजने को है। अभी डीहबाबा और कालीमाई के चौरा का 'परछावन' भी होना बाकी है।" सोचते हुए देरी से बेचैन रामबुझारत लड़खड़ाती खड़ी बोली में फिर चिल्लाए - "यहीं सज ला तुम लोग! अब तो बरात आधी रात में ही मेहनाजपुर चहुंपेगी।"

(फिर गुस्से में भोजपुरी पर उतर आए)

"ए सुरेशवा! बबलुआ! अरे! कहां हवा रे!"

काफी चिल्ल-पों के बाद बैंड बाजा और लौंडे की नाच के साए में परछावन कराकर गांव के मोड़ पर फूल माला से सजी दुल्हे की गाड़ी सबसे आगे खड़ी हुई। पीछे जीप और ट्राली ट्रैक्टर 'जीतेन्द्र परिणय रचना' का स्टीकर टांके खड़ी हुई।

"चलिए सभी लोग गाड़ी में बैठिए"- राजेन्दर मिस्त्री हांक लगाए।

"अरे चिन्टुआ! तोके अलग से नेवता दियाई!! चल भाई जल्दी कर!"

दूल्हे के बगल में आंख में काजल लगाए सहबाला विस्मय से गाड़ियों और बारातियों को निहार रहा था। 'जुबां केसरी' के साथ कुछ युवा बराती भी पूरी ठसक से जीप की अगली सीट पर बैठने के लिए जद्दोजहद करने लगे। तभी कन्धे पर गांधी आश्रम का झोला टांगें पुरोहित रामेश्वर बाबा भी पहुंच गए। वे धोती-कुर्ता-गेरुआ गमछा धारण कर और गौर ललाट पर तिलक चंदन लगाए सुशोभित हो रहे थे। बाबा मगही पान दबाए जीप की अगली सीट की ओर बढ़े। तभी रामबुझारत के छोटे लड़के शिवेन्द्र ने उन्हें टोका - "ए बाबा! कहां आगे बईठ रहे हैं। आगे की सीट 'फुल्ल' है। चलिए पीछे वाली सीट पर बैठिए!"

बाबा अचकचाए।

"ठीक बात! ठीक बात !" कहते हुए पुरोहित जी मनमसोस कर जीप की पिछली सीट पर दुबक कर सवार हुए। गांव के निकासद्वार खजड़ी मोड़ चट्टी पर स्थित स्टार स्टूडियो वाला जयन्त उर्फ जेतू भी 'परछावन' को शूट कर आ पहुंचा। वह अपने वीडियो कैमरा के साथ जीप की पीछे वाली सीट पर बाबा के बगल में अड़स गया। गाड़ियों के काफिले के साथ बारात अपने गंतव्य की ओर बढ़ चली।

शीघ्र ही नयनपुर बाजार पार करते हुए कुछ बाराती बाजार के उत्तरी छोर पर अपनी ओर आकर्षित कर रहे 'साइन बोर्ड' के पास रूक गए। कुछ ही देर में वे "आपका ध्यान किधर है, मधुशाला इधर है" का आमंत्रण स्वीकार करते हुए 'घोड़े पर सवार' हो चुके थे।

चौक तक पहुंचते ही हल्ला मच गया।

"अरे सुरेशवा देख के चलावऽ। गाड़ी अरे रे रे रे...।"

बाजार पार करते समय चौक पर ट्रैक्टर ड्राइवर ने अपने सुरुर में ट्रैक्टर को लहराते हुए ट्राली का पिछला पहिया नयनपुर कोतवाली के दीवान के पैर पर चढ़ा दिया। तिराहे तक पहुंचने से पहले ही कोतवाली पुलिस ने ट्राली ट्रैक्टर को धर लिया। ट्राली पर बैंड बाजा और डीजे वालों के बीच बैठे गांव के सुखराम उर्फ चिखुरी चाचा जो पहले ही दो अद्धा खींच कर टुन्न हो चुके थे -

"रस्साला कौन है रे!"

"अरे चाचा! पुलिस बा।"

पुलिस का नाम सुनते ही चिखुरी और चिखुरी का नशा दोनों हिरन हो गए। हो-हल्ला के बीच में चिखुरी ट्राली से छलांग लगा दिए और ट्राली के हुक में धोती फंस जाने के कारण मुंह के बल जमीन धर लिए। घायल चिखुरी को मरहम पट्टी के लिए पुलिस वालों ने अस्पताल भिजवा दिया। बाकी ट्राली-ट्रैक्टर सहित ड्राइवर और बाराती घेरकर थाने लाए गए। बारात की कुछ गाड़ियां बारातियों सहित थाने में दाखिल हो गईं। थाने के बाहर तमाशबीनों की मजमा लग गया।

कुछ देर बाद थाने के गेट पर दूल्हे की गाड़ी भी मय दुल्हा और सहबाला सहित आकर खड़ी हो गई। मौका देखकर बबलू ने सिगरेट में माल भरकर दूल्हे को 'दम मारो दम' का इशारा किया। सभी को अपने हिस्से की धूप-छांव भोगनी पड़ती है। दूल्हा अपने हिस्से की छांव का रस लेने में व्यस्त हो गया!

दो सिपाहियों ने अपने पुलिसिया अंदाज में दारू के सुरुर में ग़र्क ट्रैक्टर ड्राइवर की बेंत की लाठियों से जमकर धुनाई शुरू कर दी। माहौल तनावपूर्ण हो चला। कुछ मद्यप बारातियों ने ड्राइवर का हश्र देखकर किनारा धर लिया। कुछ बाराती पीछे वाली जीप में आ रहे रामबुझारत के पट्टीदार छुटभैये राममोहन नेता का इंतजार करने लगे। कब नेता जी आएं और बारातियों सहित गाड़ियां पुलिस की गिरफ्त से छूटकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हों। स्मार्टफोन तो नहीं लेकिन 'टिपटिपहिया मोबाइल' का जमाना आ चुका था। सो कुछ बारातियों ने राममोहन नेता को दूरभाष पर घटनाक्रम से अवगत करा दिया।

कुछ ही देर में धवल वस्त्र में सुसज्जित नेताजी ने वहां पहुंचते ही मोर्चा संभाल लिया। थाने की दलाली और पंचायती राजनीति के अनुभव से लबरेज नेताजी ने बारातियों को इस विपत्ति से निजात दिलाने हेतु आश्वस्त किया - "आप लोग रुकिए मैं अभी कोतवाल से बात करता हूं।"

उन्होंने स्थानीय विधायक जी के निकट होने का दम भरते हुए दारोगा पर रौब गालिब करने का जोरदार प्रयास किया -

"किसने गाड़ियां थाने में बंद की हैं? कहां हैं कोतवाल? दरोगा कहां हैं? मनमानी नहीं चलेगी।"

"तुम कौन हो बे!" दारोगा जी ने अपनी बुलंद आवाज में डपटा !

"अरे साहब ! इज्जत सम्मान का मामला है। समय से बारात नहीं पहुँची तो बड़ा 'जुलुम' हो जाएगा।"

नेताजी ने सत्ताधारी पार्टी से अपनी निकटता का हवाला देते हुए गाड़ियों को छोड़ने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। दरोगा जी भी दुनिया देखे हुए थे। सो नेताजी के सभी प्रयास विफल रहे और उनके तेवर ढीले पड़ने लगे ! अपने दोनों हाथ जोड़कर नेताजी ने दरोगा से कहा -

"साहब मैं राममोहन प्रसाद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य आपसे करबद्ध निवेदन करता हूं कि गाड़ियों को छोड़ देंवें जिससे समय से बारात अपने गंतव्य तक पहुंच सके।"

कुछ ही देर में अपनी विफलता से निराश नेताजी रौब से उतर कर कातर भाव धारण कर चुके थे।

दारोगा जी डपट पड़े - "तुम कौन लाट साहब हो बे!! जिसके कहने पर हम गाड़ियों को छोड़ दें ? प्रधानमंत्री हो? राष्ट्रपति हो? हैं! स्साले ने दीवान जी का पैर कुचल दिया, और ! इनके कहने पर मैं गाड़ी छोड़ दूं।"

काफी थुक्का-फजीहत के बाद भी नेताजी की विफलता से बारातियों में निराशा घर करने लगी। मामला नाजुक मोड़ पर था। तभी ऐन मौके पर पुरोहित रामेश्वर बाबा ने दारोगा जी की नेमप्लेट पर निगाह डाली और परिस्थितियों का मुआयना करते हुए मोर्चा संभाला -

"दरोगा जी प्रणाम।"

"प्रणाम! प्रणाम!" दारोगा ने अभिवादन का प्रतिउत्तर दिया।

"साहब! मेरा नाम रामेश्वर तिवारी है। यह मेरे जजमान की बरात है।"

बिना देर किए पुलिसिया लाठियों की चोट से जमीन पर पसरे हुए ड्राइवर की ओर देखते हुए उन्होंने रामचरितमानस की चौपाई का 'राग मालकौंस' पर गायन शुरू किया -

"सब जानतऽ प्रभु प्रभुता सोई...ई।

तदपि कहे बिनु रहा न कोई...ई!"

पुरोहित जी ने दरोगा जी पर देवत्व का आरोपण कर दिया और पूरे लय के साथ चौपाई-दर-चौपाई दारोगा जी को समर्पित करना शुरू कर दिया-

"अतुलित बल...अ.. अतुलित प्रभुताई... ईईई।

(फिर धरती पकड़ ड्राइवर की तरफ अपने दाएं हाथ से इशारा करते हुए)

मैं मतिमंद जान नहीं पाई.... ईईई।।"

दारोगा जी के चेहरे पर तनाव की जगह हल्की मुस्कान तैरने लगी। थाने का पूरा दृश्य नाटकीय या यों कहें रंगमंचीय हो चला।

अपने गमछे को दाहिने हाथ में लपेटकर परचम बनाते हुए पंडित जी ने दारोगा की तरफ पूरे लय के साथ 'राग बहार' में चौपाई दागनी शुरू कर दी।

पंडित जी का माहौल को अनुकूल करने का प्रयास रंग लाने लगा। पुलिसिया लाठियों की चोट और दारू की तासीर से जमीन पर पसरे हुए ड्राइवर की ओर देखते हुए कातर भाव से पंडित जी ने पुनः पूरे लय से गुहारा-

"निज कृत कर्म जनित फल पायउं... उं 

अब प्रभु पाहि सरन तकि आयउं.. उं 

नाथ सकल साधन मैं हीना, 

कीन्ही कृपा जानि जन दीना... आं

मोरे तुम प्रभु गुर पितु माता ।

जाऊँ कहाँ तजि पद जलजाता.... आ।।"

मानस मर्मज्ञ पंडित जी के चौपाई गायन से दरोगा जी चकित और मुदित हो गए। रामचरितमानस के चलते-फिरते 'इनसाइक्लोपीडिया' पंडित जी का तेज आज देखते बनता। परिस्थिति विशेष और अवसर विशेष पर 'मानस' की चौपाइयां और अर्धालियां उद्धृत करने में उन्हें महारत हासिल थी।

दारोगा ने पंडित जी से कुर्सी पर बैठने का आग्रह किया। पुरोहित जी ने अपने झोले से प्रसाद निकालते हुए दारोगा की कलाई की ओर देखा। फिर अगले ही क्षण -

"येन बद्धो बलि राजा, दानवेन्द्रो महाबलः। तेन त्वाम् प्रतिबद्धनामि, रक्षे माचल माचलः" का मंत्रोच्चार करते हुए रक्षा सूत्र बांध दिया। "ईश्वर आपकी भव बाधा हरें, आपका कल्याण हो!" कहते हुए पंडित जी ने अपना दायाँ हाथ आशीर्वाद की मुद्रा में उठा दिया। 

पुरोहित जी के आशीर्वचनों से अनुगृहित दारोगा जी ने चाय के लिए चौकीदार को इशारा किया। थोड़ी देर में कुल्हड़ वाली चाय भी आ गई। दूल्हे के घरवालों और बारातियों से अवहेलित पंडित जी अब पूरे रौब में थे। उनका गौरवर्णी ललाट और अधिक चमकने लगा!

"पंडी जी मानस पर आपकी गज़ब पकड़ है। मैं तो समझ रहा था कि इस बारात में सब 'कमरिया करे लपालप्प' वाले ही शामिल हैं।" दारोगा ने बारातियों की तरफ देखते हुए कहा।

दरोगा जी साहित्य में परास्नातक थे और अध्यापक की नौकरी छोड़कर दारोगा बने थे। सो, अब दृश्य बदल गया। पंडित जी कथावाचक की भूमिका में और दरोगा जी भावक की भूमिका में आ चुके थे। बाराती स्तब्ध थे। सुरूर वाले जो बाराती किनारा पकड़ लिए थे वे भी पंडित जी के इर्द-गिर्द इकट्ठे होने लगे।

थोड़ी देर बाद पुरोहित जी के अनुरोध पर दारोगा जी ने गाड़ियों को छोड़ दिया। जीप में बैठते हुए रामसूरत परदेसी रामलोचन के कान में फुसफुसाए "ए रामलोचन !"

"का हो।"

"जानते हैं पूरे पांच हज़ार लेकर पुलिस ने गाड़ियां छोड़ीं"!

"भाक्क मरदे ! के बतउले ?" रामलोचन ने प्रतिवाद किया। परदेसी की छवि गांव में अफवाहबाज की थी, सो लोचन काका ने चेहरे पर अविश्वास का भाव लाते हुए परदेसी की ओर देखा और जीप में बैठ लिए!

बहरहाल, पुरोहित जी का जलवा कायम हुआ। रामबुझारत ने पुरोहित जी को ससम्मान जीप की अगली सीट पर बैठने का निवेदन किया। ट्राली पर सवार डीजे वाले ने गाना बजाया – 'जोन्हियो ले दूर बाऽ बलमुआ के गांव रे.....।'

एक घंटे की यात्रा के बाद बारात गांव के प्राइमरी स्कूल पर पहुंच चुकी थी। प्राइमरी स्कूल के सामने की बाउंड्री में बारात के ठहरने के लिए तम्बू तन चुकी थी। थोड़ी देर में तम्बू के एक कोने पर चार-पांच चारपाई पर पसरे कुछ अधेड़ और बुजुर्ग बारातियों ने घटना और घटनास्थल की 'पोस्टमार्टम' का काम हाथ में ले लिया और बतकहियों का दौर शुरू हुआ।

रामचरण बाबा ने बात छेड़ी "ई त हम देखत बांटी हर घरवे में एक ठो, दू ठो पियक्कड़ हो गयल हवं सन।"

मुंह में पान घुलाए ननकू चाचा ने पीक को कोने में फेंकते हुए दार्शनिक अंदाज में कहा -

"आदत और अमल की बात है- 'जेम्में लागी लगन, ओहिमे होबा मगन !' केहू चिलम फूंक रहल बा, केहू सीसी बोतल में अंझुराईल बा, केहू हाय धुन पैसा-पैसा कईले बा।"

अपनी बाइक से बारात में पहुंचे शिवेन्द्र ने आवाज दी-

"का ए! सनेही चाचा! सुनें हैं कि आप लोगों को नयनपुर कोतवाली पुलिस पकड़ ली थी।"

"अरे सार! सुरेशवा कऽ ड्राइवरी जो न करावे। पलिहर का ड्राइवर सीधे रोड़ पर आकर बउरा गया! गांव से ही आग मूतने लगा ससुर क नाती! दू सीसी मार के बीच बजार में घोड़ा दौड़ाने लगा! चक्का चढ़ा दिया एक सिपाही के पैर पर ! बस्स! पुलिस वाले धर लिए!! फिर दे लाठी! दे लाठी!!

वह तो रमेस्सर बाबा प्रभुताई... रघुराई गा के छुड़ाए लिए नहीं तो खूब होत बरात !......"


||  2.  ||

(आधा मड़वा भांवर घूमै, आधे चलन लागि तलवारि - आल्ह खंड)

बंबई वाले रामकेवल चाचा जनवासे में चौकी पर चढ़कर अपनी टनकदार आवाज में जोर से हांक लगाए- 'अरे भाई द्वारपूजा का मुहरत बीता जा रहा! चलिए आप लोग तैयार होईए!'

डीजे वाले अपने कानफोडू वाद्ययंत्रों के साथ सन्नद्ध होने लगे। उसी में बैंड वालों ने अपना राग मिला दिया-

पें पें पें पें! धम्म ! धमा धम्म धम्म !!

नवयुवक भी अंग्रेजी की सुरूर में द्वारपूजे पर शास्त्रीय नृत्य का दर्जा प्राप्त कर चुके 'नागिन डांस' के लिए कमर कसने लगे !

इस अवसर पर वैवाहिक राष्ट्रीय गीत 'आज मेरे यार की शादी है' की धुन से बारात की द्वारपूजा यात्रा का आगाज हुआ। साफा पहने और दांत निपोरे रामकेवल चाचा बारात के आगे-आगे निकल पड़े। पीछे-पीछे कुछ बाराती और डीजे वाले भी चल पड़े। नवयुवक बारातियों की फरमाइश पर डीजे वाला

'राजाजी दिलवा मांगेलें गमछा बिछाई के' और ' दिलवा ले गइले राजा बोतल में भरि के' आदि कानफोडू गीत प्रसारित करने लगा। गर्दन में रूमाल बांधे कुछ युवा बाराती उछल कूद कर अपना नृत्य कौशल प्रस्तुत करने लगे। वीडियो कैमरा वाला जेतू भी आड़े-तिरछे होकर अपने कैमरे से डांस को ऐसे शूट कर रहा था जैसे इस दृश्य का लाइव टेलीकास्ट होने वाला हो।

चिन्दुआ ने इस तरह के नृत्य में विशेषज्ञता हासिल कर ली थी। लक्ष्मी पूजा, दुर्गा पूजा और गणेश पूजा आदि अवसरों पर अपनी इस विशेषज्ञता का वह जोरदार प्रदर्शन करता।

द्वारपूजा पर एक तरफ वर-पूजन की रस्म अदा होने लगी तो दूसरी ओर डीजे पर लौंडे के साथ कुछ युवा बाराती भी अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन करने लगे। तभी धूपी चश्मा लगाकर नृत्य कर रहे चिन्दुआ ने दूसरी तरफ दालान में खड़ी दर्शक महिलाओं की तरफ फिल्मी अंदाज में 'फ्लाइंग किस' उछाल दिया। 'धर साले को' 'मार साले को'- पास में खड़े गांव के घराती युवाओं के कोलाहल के बीच चिन्टुआ को पांच-सात लात और थप्पड़ रसीद हो गया। इसी बीच किसी ने कैमरा पकड़े जीतू पर एक लात पीछे से जमा दिया। "अरे कौन है रे अपने माई का लाल जरा सामने से आओ" शिवेंद्र चिल्लाया। जीतू कैमरा लेकर भहरा पड़ा। उसका भारी भरकम वीडियो कैमरा चकनाचूर हो गया। घराती युवाओं की निगाह में चिन्दुआ का यह कृत्य गांव की इज्जत पर हमला था!

इसी बीच गांव के कुछ बड़े-बुजुर्गों ने वहां पहुंच कर 'हां.. हां.. हां.. हां..' की ध्वनि के साथ बीच बचाव कर मामला रफा-दफा कराया। इस घटना के बाद द्वार पूजा के दौरान मंगल गीत गा रही लड़कियों को ताड़ने वाले युवा बाराती सतर्क हो गए।

थोड़ी देर बाद पास में लगे शामियाने में खाने पर बारात पड़ी। जोगिन्दर उर्फ जोगी, रामसरन आदि कई बाराती पूड़ी, कचौड़ी, सलाद, पापड़ के साथ कटहल और पनीर की सब्जी को अपने अपने प्लेट में लादे दाएं-बाएं डगराने लगे। वहां उपस्थित जनसमूह खाने और बतियाने में भिड़ गया!

"हां हां.. देख के भाई, देख के!"

भोजन से भरी प्लेट लिए श्यामबिहारी एक बाराती पर चिल्लाए !

"मालूम पड़त है यहां भोज नाहीं होत है, मछरी बाजार लगल हौ।"

पास में खड़े सुखदेव चौधरी से श्यामबिहारी ने कहा-

"एक ठो, ऊ जमाना रहल जब पंघत में बराती अउर नेवतहरु बैठ के भोजन करत रहे। 'सजाव दही' लेके परोसने वाले प्रेम से पूछ-पूछ के परोसत रहे। जाति-बिरादरी कऽ अदब लेहाज रहे। एक ठो, ई फटफटिया जमाना आ गईल ! जहां भोजनो करत कऽ भी ठेलमठेल मचल बा! खाने से ज्यादा एह बात कऽ ध्यान रखेके बा कि केहू खाना लेहले तोसे भिड़ न जाए।" सुखदेव 'हो हो' करके हंस दिए।

उधर विवाह-मंडप में पुरोहित बाबा झोले से ठाकुर जी को निकाल कर प्रक्षालन में रत हुए और अपने मुखारबिंद से 'गणानां त्वा गणपतिं हवामहे कविं' का मंत्रोच्चार करते हुए वर-वधू के विवाह की तैयारी में लग गए। सिर पर नूरानी तेल चुपड़े और करीने से मांग को बीच से फाड़े शिवचरण नाई को उन्होंने मधुर स्वर में पुकारा "ए बाबू शिवचरण! मौर नीचे रख दा ! आम का पल्लव ले आवड आ थोड़ा दूब भी।"

शिवचरण नाई इधर उधर देखते हुए बाबा के कान में फुसफुसाये "ए बाबा! जितेन्द्र तऽ आजो के दिन चढ़ा लिहे बाटें।"

"अरे ई लड़का तो सज्जन है लेकिन एकर संघत ठीक ना बा! सुरेन्दर के पियक्कड़ लड़िकवा, क्या नाम है कि!

'बबलूआ !' शिवचरण ने याद दिलाया।

'हां! हां! उहे। ई त घरघुसना रहल ह हो! कब्बो-कब्बो बजार में दिखाई देत रहल हऽ ।

जितेंदर जबसे बंबई से आयल हऽ, तबसे ओकरे साथे घूमत रहल हौ। तुलसी बाबा मानस में लिखे हैं - को न कुसंगति पाई नसाई। रहहिं न नीच मते चतुराई।"

वैवाहिक रस्मों का सिलसिला चल पड़ा। माड़ो में 'गुरहथी' और 'डाल चढ़ाने' की रस्म शुरू हुई और इसी बीच विवाद भी शुरू हो गया।

लड़की की बुआ ने केवल दो थान गहना चढ़ाने पर एतराज़ करते हुए अपनी खनकदार आवाज में कहा- "एतना बड़ाई अउर फटही रजाई। ई समधी जी का ले आएं है? आपै बतावा ए बाबा ! ई कवनो डाल हऽ? न ढंग कऽ एक्को साड़ी, न गहना ! ऐं..। ई नथुनीअय पियरी चढावै के रहा तऽ दहेज में मोटरसइकिल मांगने कऽ कौनो तुक रहा!"

बुआ को गांव के लोग सुक्खी बुआ के नाम से जानते थे जो भरे यौवन के दिनों में ही अपने पियक्कड़ और गंजेड़ी पति को छोड़कर नैहर आ गई थीं। उनका स्वभाव प्रचंड आक्रामक और जबान तलवार की धार हो चुकी थी। जिस तरफ से निकलतीं, जीव-जन्तु भी रास्ता छोड़ देते। उनका दुःख सघन होकर तीक्ष्ण स्वभाव में परिवर्तित हो चुका था। यों कहें कि हर बात में मीन-मेख निकालने वाला हो चुका था। सुक्खी बुआ की खनकदार आवाज के समक्ष घराती, बाराती सहित पुरोहित बाबा भी मौन साध लिए थे। थोड़ी देर बाद पुरोहित रामेश्वर बाबा ने 'राग भैरवी' में अर्धाली बुदबुदाई "नारि विवश नर सकल गोसाई, नाचै नर मरकट की नाईं.....ई।"

बीच मंडप में टिनवहा बक्से के ऊपर कोहनी धर के बैठे समधी रामबुझारत भकुआए मुंह पुरोहित बाबा की ओर देखने लगे। तभी रामबुझारत के दूसरे लड़के रमेन्द्र ने टोका -"मोटरसाइकिल कहां है? बरात आए तीन-चार घण्टा बीत गए अभी तक मोटरसाइकिल की एक्को झलक नहीं दिखी!"

"आप बीच में मत बोलिए।" लड़की के भाई महेंद्र ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद दोनों पक्षों में नोक-झोंक शुरू हो गयी।

वधू बनी मेधावी रचना बीटीसी की ट्रेनिंग कर चुकी थी। उसके पिता हरिराम ने रेहन पर खेत रख कर बनारस के एक कालेज में एडमिशन और ट्रेनिंग का जुगाड़ किया था। वह सोच रही थी - "वह तो दूसरे साल सरकारी स्कालरशिप का पैसा आ गया नहीं तो खेत बेचने या पढ़ाई छोड़ने की नौबत आ जाती।" अपने पिता की माली हालत को जानते हुए वह विवाह तय होने के बाद से ही सशंकित थी।

शिक्षा ने उसकी चेतना में माकूल परिवर्तन ला दिया था। गांव की शिक्षित नवयुवतियों में भी धीरे-धीरे इन परिस्थितियों और प्रथाओं के विरुद्ध विद्रोह का स्वर मुखर हो रहा था। रचना पर भी इसका असर हो चुका था। उसका व्यक्तित्व लिजलिजी गलदश्रु भावुकता से मुक्त था।

विवाह मंडप में हो रहे झौं-झौं के बीच रचना की निगाह लिपे-पुते मंडप के कोने में फर्श पर मौजूद चींटियों की बांबी पर टिक गई थी। फर्श पर नवनिर्मित चींटियों के घरौंदे को देखकर उसने सोचा- 'चींटियां भी कितनी बुद्धिमान होती हैं! कितना सलीके से अपना घर बनाती हैं।'

विवाह मंडप में प्रवेश करते समय दुल्हा लड़खड़ाते हुए महिलाओं की तरफ गिरते-गिरते बचा। यह दृश्य देखकर रचना भौंचक थी। उसे बस इतना पता था कि लड़का बंबई में कमाता है पर विवाह मंडप में लड़खड़ाते कदमों और बास मारते मुंह से उसने दूल्हे की फितरत को ताड़ लिया। ईधर बारातियों और घरातियों में वाक्युद्ध हो रहा था तो उधर रचना अपने मनोभूमि पर द्वंद से गुजर रही थी। उसके सशंकित मन में ज्वार-भाटे की लहर चलायमान थी। विवाह तय होने की सूचना मिलने पर उसकी सहपाठी दीप्ति ने छूटते ही पूछा था- "अरे ! बिना देखे-जाने ऐसे कैसे तुम्हारी शादी तय हो गई!"

पड़ोस में किसी ने बिरहा गायक शिवप्रसाद का कैसेट लगा दिया था। बिरहा गायक टेरी भरते हुए लोकगीत का एक तर्ज गा रहा था-

काऽ जाने झूलनी के मोल.....

बलम हर के जोतवइया

काऽ जानें बर्फी के मोल

बलम सतुआ के खवइया!...

इसी बीच दोनों पक्षों में दहेज को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़ते हुए गतिरोध की सीमा तक पहुंच गया। इस गतिरोध को समाप्त करने के लिए पुरोहित जी सहित दोनों पक्षों के कुछ बड़े बुजुर्ग पंचायत में व्यस्त हुए। वैसे तो ज्यादातर बाराती भोजनोपरान्त विवाह स्थल से घर का रास्ता ले लिए लेकिन रामबुझारत के पट्टीदार राममोहन नेता वहीं पर रूके हुए थे। लगभग अनपढ़ राममोहन नेता को पंचायत तोड़ने का अच्छा खासा अभ्यास था।

गंवई जीवन में पंचायत तोड़ने वालों की एक अलग प्रजाति होती है। इस प्रजाति के लोगों को महीने दो महीने पर कोई पंचायती मुद्दा न मिले तो हैरान परेशान रहने लगते हैं। यों कहें कि अपच और बदहजमी होने लगती है। बाग, बगीचा, मकान, खलिहान, नाली, चकरोड और संयुक्त परिवार का बंटवारा आदि गंवई जीवन के प्रमुख पंचायती मुद्दे थे लेकिन आज की पंचायत का मुद्दा थोड़ा दीगर था। विवाह के अगुआ शंकर चौधरी के अनुरोध पर विवाह मंडप के सामने दालान में पंचायत बैठी। लड़की के भाई महेंद्र ने बात आगे बढ़ाई -

'भाई लोग! इहां मामला नाते रिश्तेदारी से ज्यादा चाल-चलन क हौ ! आपै लोग तय करा कि इस 'समेस्या' का हल कैसे निकलेगा?'

राममोहन नेता ने कहा- 'रूपिया पैसा आवत जात रही ! अरे हम तो कहता हूं कि पैसा तऽ हाथ का मैल है।' यह बात उन्होंने इतने जोर से कही जैसे कोई नितान्त मौलिक बात कह रहे हों। राममोहन नेता की बात काटते हुए घरातियों की ओर से पंच की भूमिका में शंकर चौधरी ने अपनी थैली से चुनौटी निकालते हुए कहा- 'देखा नेता! बात रूपये पैसे की नहीं है। बात चाल-चलन की है! बात व्यवहार और चाल-चलन सही हौ तऽ कम-बेसी माने ना रखेला ! घरवे दुआर सबकुछ ना हौ!' इशारे में शंकर चौधरी ने लड़के के नशेड़ी व्यवहार पर आपत्ति जताई। तभी लड़के के छोटे भाई रमेन्द्र ने शंकर चौधरी पर कटाक्ष किया "जब हम लोगों का चाल-चलन और बात व्यवहार एतना खराब है तो शादी काहे तय कराए? हमलोग आप लोगों को कोई बुलाने थोड़े गए थे।"

वधू पक्ष के कई लोगों ने रमेन्द्र की बात पर एक साथ आपत्ति जताई। माहौल कोलाहल की जद में आ गया। रामकेवल चाचा ने रमेन्द्र को डांटते हुए कहा " चोप्प ! जब बड़े लोग बात कर रहे हों तो बीच में टपको मत!"

"देखिए जब सिर पर जिम्मेदारी का बोझ आ जाता है तो आदमी में गंभीरता आ जाती है। अभी थोड़ा लड़कपन है। शादी के बाद गृहस्थी का बोझ आदमी को सीधा कर देता है। इस बात को इतना खींचना ठीक नहीं।" रामकेवल ने अपना तर्क रखा!

तभी शंकर चौधरी ने जमाने पर दोष मढ़ते हुए कहा "आप जानते हवा कि जमाना बदल गयल हौ। आज कऽ नवधा लड़िका लड़की केहू के कहले में ना हंवे सन।"

पुरोहित बाबा मौन होकर दोनों पक्षों की झौं-झौं सुनते रहे। कुछ देर बाद वह भी पंचायत में शामिल हुए। दोनों पक्षों में लेन-देन को लेकर बीच का रास्ता निकालने की कोशिशें शुरू हुई। शादी के रस्म को आगे बढ़ाने पर सहमति बन ही रही थी तभी गजब हुआ! इस अप्रिय स्थिति को देखते हुए उसने अप्रत्याशित कदम उठा लिया। यह जानते हुए कि उसके इस कदम से उसे लांक्षित और दुश्चरित्र तक सिद्ध कर दिया जाएगा। बावजूद, दुल्हन बनी रचना विवाह मंडप से उठकर घर में चली गई। उसने इस शादी से इन्कार कर दिया। घर वाले आधी रात तक उसे मनाते रहे पर कोई हल नहीं निकला। दुल्हन के पिता हरिराम के दरवाजे पर लिहो-लिहो मच गया। दूल्हा और दुल्हन दोनों के पिता मदारी के बंदर की गति को प्राप्त हुए। घराती-बराती कभी यहां, कभी वहां की दौड़ लगाते, कभी रचना को मनाते। बावजूद सभी प्रयास अकारथ हुए।

चचेरे भाई रोहित, शिवेन्द्र, पप्पू और रमेन्द्र के साथ जीतेन्द्र मंडप से उठकर दालान में चला गया। रामकेवल चाचा धीरे-धीरे उधर ही सरक आए- " बेहया हवा तूं लोग, मना किहे रहा, लेकिन नाहीं! अपने करामात से काहे बाज अईबा!!"

"ई बबलुआ सार दम पे दम चाप दिया, शायद ढेर चढ़ गई!" रोहित फुसफुसाया ।

"शायद ढेर चढ़ गई कि इज्जत का तमाशा बना दिये तुम लोग।" रोहित की आवाज में तल्खी थी।

इसी कौं-कच में जितेन्द्र का नशा उतर गया। थूथन लटक गया। उसे परछावन के समय 'माई' की चेतावनी याद आई - "बाबू आपन रहन से जहिया। फालतू काम मत करिहा! नाहीं तऽ नाक कटि जाई।"

"का दारु पीने से भड़क गई?" उसके जेहन में सवाल उभरा।

माई से कहे रहे- "एक बार देख देखउआ हो जाए। जुग जमाना अइसन हौ कि शादी बियाह के पहिले बातचीत हो जात तऽ ई गफलत ना पैदा होत। एक-दूसरे के मन कऽ थाह लग जात!" उसका मन भोंकार पार कर रोने का हो आया। उसकी रोनी-सी सूरत देखकर शिवेंद्र ने उसे ढांढस बंधाया - "गांव घरे से दूर शहर में रहके पढ़ले बिया। का जाने कौनों से दिल लगउले होखे, कौनो इयार से फंस फंसा गईल होई।" यह सुनकर जीतेन्द्र को कुछ सुकून महसूस हुआ। तभी कहीं पास से ही भोजपुरी गीतकार भरत शर्मा की मधुर आवाज गूंजी-

अंगना दुआर सगरी, 

आरे महलऽ अटरियाऽ 

तोरा बिना नीक नाहीं 

लागे रे संवरियाऽ...

अंततः बारात बैरंग वापस होने लगी। परिदृश्य 'उत्साह' से 'निर्वेद रस' की ओर बढ़ चला। कबीर साहब का आध्यात्मिक तासीर का दोहा लौकिक जगत में उलट गया - लिखी लिखी की है नहीं, देखा देखी बात / दुलहा दुलहिन ना मिले फीकी पड़ी बरात !

■■■


डॉ. अमित कुमार राय उत्तर प्रदेश शासन के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश (निदेशालय, लखनऊ) में उपनिदेशक (Deputy Director) के पद पर कार्यरत हैं।

गोरखपुर विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त डाॅ. राय कथा-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं। ग्रामीण जीवन पर कहने के लिए उनके पास बहुत कुछ है। लेकिन कभी-कभार वे मलूकदास के सुप्रसिद्ध दोहे का अनुसरण करने लगते हैं।

संपर्क : +91 91989 62436

1 comment:

  1. आज इस कहानी को दूसरी बार पढ़ने का सुयोग बना । इसके पूर्व भी मैंने अमित जी की एक कहानी ' अजगर करे न चाकरी ' पढ़ी थी । इधर गांवों के विकास के नए सामाजिक रूपों ने जो चिन्ताएं पैदा की हैं , कहानीकार ने बहुत बारीकी के साथ उन्हें उद्घाटित करते हुए पाठकों के अनुभव और बोध का हिस्सा बना दिया है । गांवों में बन रहे नए जीवन और समाज का यह रोचक और प्रभावी निरूपण केवल कहानीकार की रचनात्मक संवेदना और विचार - दृष्टि का ही प्रतिफलन नहीं है, इसमें उस कला - विवेक की भी बड़ी भूमिका है, जो किसी अनुभव और यथार्थ को रचना में रूपांतरित कर देता है।

    ReplyDelete